एमपी में 27% OBC आरक्षण, हॉस्टलों की बदहाली और बालाघाट का दर्द, ऑडियो संदेश में क्या-क्या बोले राहुल गांधी?

Aman Vaishnav | Oct 18, 2026, 13:53 IST
राहुल गांधी ने ऑडियो संदेश में ओबीसी आरक्षण और छात्र मुद्दों पर रखी बात
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक ऑडियो संदेश जारी कर पिछले एक महीने में किए दौरों और उठाए गए मुद्दों के बारे में बताया है। उन्होंने मध्य प्रदेश में 27% ओबीसी आरक्षण लागू करने और बालाघाट में परेशान आदिवासी परिवारों की समस्याओं का जिक्र किया। इसके अलावा इंदौर में छात्रों से मुलाकात के दौरान उन्होंने हॉस्टल की खराब हालत और परीक्षा में गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया।

राहुल गांधी का ऑडियो संदेश

इस ऑडियो संदेश में राहुल गांधी ने इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां छात्रों के साथ सत्य निकेतन की घटना, शिक्षा बजट में कटौती और हॉस्टलों की कमी जैसे मुद्दों पर खुलकर बात हुई। इस दौरान छात्रों ने परीक्षाओं में कथित धांधली और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने जैसी समस्याएं भी बताईं।



इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इनके नेतृत्व में एक खास समूह देश के संस्थानों पर कब्जा करता जा रहा है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि सिस्टम को अंधभक्त चाहिए, छात्र नहीं।



आदिवासी छात्रों से मुलाकात

इंदौर के अलावा राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नासिक का भी जिक्र किया। वहां भूख हड़ताल कर रहे आदिवासी छात्रों से उन्होंने मुलाकात की थी। राहुल ने बताया कि हॉस्टलों के कड़े नियमों और बदहाली को लेकर उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक चिट्ठी लिखी थी।



इसके बाद हॉस्टल में रहने की आयु सीमा का नियम वापस ले लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि एमपीएससी (MPSC) परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को उनका पूरा समर्थन है।



मध्य प्रदेश में 27% ओबीसी आरक्षण और बालाघाट का दर्द

मध्य प्रदेश को लेकर राहुल गांधी ने दो बेहद अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।



27% ओबीसी आरक्षण

राहुल गांधी ने बताया कि इंदौर के कार्यक्रम के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने मांग की कि राज्य में 27% ओबीसी आरक्षण (OBC Reservation) को पूरी तरह से लागू किया जाए।



बालाघाट के आदिवासी परिवार

बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी ने बालाघाट का दौरा किया था। वहां वे उन आदिवासी परिवारों से मिले, जिन्होंने कुपोषण और गंभीर बीमारियों की वजह से अपने मासूम बच्चों को खो दिया था। राहुल ने भावुक होते हुए कहा कि कुछ दुख इतने बड़े होते हैं कि उनके सामने शब्द भी कम पड़ जाते हैं। बालाघाट में उनका मुख्य मकसद सिर्फ उन दुखी परिवारों का दर्द सुनना और बांटना था।



चुनाव आयोग पर हमला

राहुल गांधी ने दिल्ली की बेला एस्टेट झुग्गी बस्ती का उदाहरण देते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद वहां 729 में से 728 लोगों का वोट देने का अधिकार छिन गया। उन्होंने यह भी कहा कि निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों को पुलिस कार्रवाई और गोलियों का सामना करना पड़ा।



राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पहले वोट की चोरी होती है, फिर कानूनों की और धीरे-धीरे सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया जाता है। उन्होंने इसे सीधे संविधान पर हमला बताया। इसी मुद्दे पर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग भी की।



इंडिया गठबंधन की बैठक और अन्य बड़े कार्यक्रम

अपने संदेश में राहुल गांधी ने कुछ अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों के बारे में भी बताया।



इंडिया गठबंधन की बैठक

राहुल गांधी ने बताया कि 30 सितंबर को नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेताओं की बैठक हुई थी। इसमें हर आम भारतीय के वोट के अधिकार की रक्षा करने पर लंबी चर्चा की गई।



रायबरेली में विकास कार्य

उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में दिशा समिति की बैठक में हिस्सा लिया। साथ ही वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।



अंतरराष्ट्रीय मुलाकात और श्रद्धांजलि

राहुल गांधी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से शिष्टाचार मुलाकात की थी। साथ ही 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर उन्होंने राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि भी दी थी।



Tags:
  • राहुल गांधी का ऑडियो संदेश
  • छात्रों की गूंज कार्यक्रम
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • OBC Reservation
  • मध्य प्रदेश में 27% ओबीसी आरक्षण
  • मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
  • ज्ञानेश कुमार
  • राहुल गांधी