राहुल गांधी को स्टेडियम देने पर चुप्पी, विधायक गोलू के पुत्र रूद्राक्ष कर चुके यूथ वॉक
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज आयोजन को आखिरकार टालना पड़ा। औपचारिक रूप से एमपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि शासन और प्रशासन ने हमें नेहरू स्टेडियम नहीं दिया है। अब कलेक्टर ही बता दें कि हम कहां आयोजन करें, वह जहां कहेंगे कि हम कर लेंगे, हम कोई विवाद नहीं चाहते हैं। पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव को भी स्टेडियम की मांग को लेकर पत्र लिखा है।
विधायक पुत्र का यूथ वॉक फिर कैसे हुआ
इंदौर नगर निगम का स्टैंड है कि एमपी हाईकोर्ट का ही आदेश है कि स्टेडियम खेल गतिविधियों के लिए दे सकते हैं, या फिर शासकीय आयोजन के लिए। हालांकि निगम ने अभी तक स्टेडियम देने की औपचारिक हां या ना भी नहीं की है। अब सवाल उठ रहे हैं कि फिर यहां पर बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला का 8 फरवरी 2026 में यूथ वॉक कैसे हुआ। यह नशे के खिलाफ आयोजन था।
इंदौर पुलिस भी आयोजन की तैयारी में जुटी थी
विधायक पुत्र के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने भी पूरी तैयारी की थी। उस समय की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें रुद्राक्ष शुक्ला के साथ पुलिसकर्मी भी स्टेडियम में व्यवस्थाएं संभालते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन भी किया गया था। यानी आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस दोनों सक्रिय थे।
अब सवाल उठ रहा है कि अगर उस कार्यक्रम को अनुमति मिली थी, तो राहुल गांधी के कार्यक्रम को अनुमति देने में परेशानी क्यों है? और अगर बिना अनुमति के आयोजन हुआ था, तो फिर इतनी बड़ी तैयारी कैसे हुई? कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने भी यही सवाल उठाया है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी का कहना है कि यह सिर्फ कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं से जुड़ा आयोजन है और इसे राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
इसके पहले क्या-क्या आयोजन हो चुके हैं
इसके पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने भी पत्र जारी कर कहा है कि स्टेडियम में कितने आयोजन हो चुके हैं। इसमें उन्होंने अप्रैल 2025 में यहां वीएचपी, बजरंग द्वारा किए गए शौर्य कुंभ का भी जिक्र किया है। यहां स्वच्छता कॉन्सर्ट, नगर स्थापना वर्षगांठ और बलिदान दिवस समारोह भी हो चुका है।
ये भी आयोजन हो चुके हैं
वहीं यहां पर देवी अहिल्या जयंती (मई 2023), शौर्य कुंभ (अप्रैल 2025), सनातन प्रीमियर लीग (मार्च 2026) जैसे आयोजन भी हो चुके हैं। इसी स्टेडियम में 10 नवंबर 2024 को करीब 5 हजार महिलाओं और बालिकाओं ने सामूहिक तलवारबाजी का प्रदर्शन किया था। इसमें सीएम डॉ. मोहन यादव भी आए थे।
ये खबरें भी पढ़ें...
राहुल गांधी का इंदौर दौरा टला, यह रही वजह, अब इस तारीख को आने की संभावना
राहुल गांधी से पहले नेहरू स्टेडियम में यह हुए आयोजन, पटवारी ने सीएम से भी रखी मांग