राहुल गांधी मानहानि केस: जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई आज, कार्तिकेय सिंह चौहान ने दायर की थी याचिका

Amresh Kushwaha | May 14, 2026, 09:52 IST
rahul gandhi manak hani mp highcourt final hearing
पनामा पेपर्स से जुड़े बयान पर कार्तिकेय सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर मानहानि का केस दायर किया था। राहुल ने समन रद्द कराने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की है। जबलपुर हाईकोर्ट में आज इस मामले को लेकर सुनवाई होनी है।

शॉर्ट में समझें क्या है पूरा मामला...

  • राहुल गांधी ने 2018 में झाबुआ की चुनावी सभा में बयान दिया था।
  • बयान में पनामा पेपर्स का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री के बेटे कार्तिकेय का नाम लिया था।
  • कार्तिकेय सिंह चौहान ने भोपाल की विशेष अदालत में मानहानि केस दायर किया था।
  • अदालत के समन को रद्द कराने राहुल हाईकोर्ट पहुंचे है।
  • जबलपुर हाईकोर्ट में आज इस मामले को लेकर सुनवाई होनी है।

पनामा पेपर्स और एक बयान से शुरू हुआ विवाद

बात साल 2018 की है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उस वक्त कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। मध्य प्रदेश के झाबुआ में एक चुनावी सभा के दौरान उन्होंने पनामा पेपर्स (Panama Papers) लीक का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर तत्कालीन मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम लिया था।



राहुल ने उस भाषण में पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का उदाहरण दिया था। उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश में वैसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इस बयान के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया।



राहुल ने अगले दिन ही सफाई दी। उन्होंने कहा कि वे दरअसल छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे का नाम लेना चाहते थे, लेकिन भूल से कार्तिकेय का नाम ले लिया था। वहीं, कार्तिकेय ने यह सफाई मानने से इनकार कर दिया है।



कोर्ट तक पहुंचा मामला

30 अक्टूबर 2018 को कार्तिकेय सिंह चौहान ने भोपाल की विशेष अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद (Complaint) दायर कर दिया था। उनका दावा था कि इस बयान से उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है।



मामला लंबा खिंचता रहा। करीब साढ़े छह साल बाद 27 फरवरी 2025 को भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामला दर्ज करते हुए राहुल गांधी को पहला समन जारी किया था। उन्हें 09 मई 2025 को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने को कहा गया था।



राहुल गांधी 9 मई को अदालत में नहीं आए थे। इस पर अदालत ने नाराजगी जताई और अगले ही दिन 10 मई 2025 को दूसरा समन भेजा था। नई तारीख 28 अगस्त 2025 तय की गई थी।



हाईकोर्ट में दी चुनौती

फरवरी-मार्च 2026 में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इन समन और निचली अदालत की पूरी कार्यवाही को रद्द कराने के लिए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा और अजय गुप्ता ने पक्ष रखा था। उन्होंने कोर्ट को बताया कि परिवाद पूरी तरह निराधार है और लगाए गए आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।



7 मई 2026 को हाईकोर्ट की एकलपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले को 12 मई को अंतिम सुनवाई के लिए तय किया था।



अब आज यानी 14 मई को होनी है सुनवाई

12 मई को तय सुनवाई टल गई। कार्तिकेय चौहान के वकील ने जवाब देने के लिए अदालत से वक्त मांगा और कोर्ट ने उसे मंजूर किया। अब 14 मई 2026 यानी आज जबलपुर हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है। सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि हाईकोर्ट क्या फैसला सुनाता है।



अदालती कार्यवाही का घटनाक्रम:

  1. 30 अक्टूबर 2018:
    कातिकेय सिंह चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में मानहानि का परिवाद दायर किया।
  2. 27 फरवरी 2025:
    लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद, भोपाल के एसीएमएम कोर्ट ने मामले को दर्ज करते हुए राहुल गांधी को पहली बार समन जारी किया। 9 मई 2025 को उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया।
  3. 9 मई 2025:
    राहुल गांधी इस तारीख पर अदालत में पेश नहीं हुए।
  4. 10 मई 2025:
    राहुल गांधी के अनुपस्थित रहने पर अदालत ने नाराजगी जताई और उन्हें 28 मई 2025 को पेश होने का नया नोटिस जारी किया।
  5. फरवरी-मार्च 2026:
    राहुल गांधी ने इन समनों और अदालत की कार्यवाही को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी और याचिका दायर की।
  6. 7 मई 2026:
    मामले को हाईकोर्ट ने स्वीकार किया और दोनों पक्षों की दलिलें सुनने के बाद मामले की अंतिम सुनवाई 12 मई 2026 तक टाल दी थी।
  7. 12 मई 2026:
    मामले की सुनवाई के दौरान कार्तिकेय चौहान के वकील ने जवाब देने के लिए अदालत से वक्त मांगा था। कोर्ट ने उसे मंजूर करते हुए सुनवाई को 14 मई तक टाल दिया था।

क्या है पनामा पेपर्स लीक?

पनामा मध्य अमेरिका का एक छोटा देश है। वहां की एक लॉ फर्म मोसैक फोंसेका के करीब 1.15 करोड़ गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए थे। इनमें दुनिया भर के रईसों, नेताओं, खिलाड़ियों और कारोबारियों की छिपी हुई संपत्ति की जानकारी थी।



इस लीक से पता चला कि कई ताकतवर लोगों ने पनामा जैसे देशों में शेल कंपनियां बनाकर अपनी काली कमाई को सफेद किया था। पनामा जैसी जगहों को टैक्स हेवन (Tax Haven) कहते हैं क्योंकि वहां बाहरी निवेश पर बेहद कम या शून्य टैक्स लगता है और निवेशकों की पहचान गुप्त रखी जाती है।



एक गुमनाम व्हिसलब्लोअर (Whistleblower) ने ये दस्तावेज जर्मनी के एक अखबार को दिए थे। बाद में इंटरनेशनल कंसोर्टियम ऑफ इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट्स (ICIJ) ने महीनों की रिसर्च के बाद 03 अप्रैल 2016 को इसे दुनिया के सामने रखा था।



दुनिया पर पड़ा बड़ा असर

पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को इस लीक में परिवार का नाम आने के बाद अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी और जेल भी जाना पड़ा। आइसलैंड के प्रधानमंत्री को जनता के विरोध के बाद इस्तीफा देना पड़ा।



भारत में करीब 500 लोगों के नाम इस लिस्ट में शामिल थे। इनमें अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और विजय माल्या जैसे बड़े नाम थे। भारत समेत कई देशों ने इसके बाद सख्त काला धन (Black Money) कानून बनाए थे।



FAQ

  1. राहुल गांधी पर मानहानि का केस किसने और क्यों दायर किया?
    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने यह केस दायर किया। 2018 में राहुल गांधी ने झाबुआ की चुनावी सभा में पनामा पेपर्स लीक का जिक्र करते हुए कार्तिकेय का नाम लिया था। कार्तिकेय का दावा है कि इस बयान से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान हुआ। राहुल ने बाद में कहा कि यह गलती से हुआ, लेकिन कार्तिकेय ने इसे नहीं माना और भोपाल की विशेष अदालत में परिवाद दायर कर दिया।
  2. पनामा पेपर्स क्या हैं और भारत से कौन-कौन जुड़े थे?
    पनामा पेपर्स 2016 में सामने आई एक बड़ी डेटा लीक थी। इसमें दुनियाभर की कंपनियों और व्यक्तियों के गुप्त वित्तीय लेनदेन का खुलासा हुआ था। भारत से अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, विजय माल्या और अन्य हस्तियों के नाम इसमें आए थे। इन सभी ने अपने-अपने स्तर पर सफाई दी थी। इसी तरह बाद में पैंडोरा पेपर्स लीक भी आई थी, जिसमें भी कई देशों के बड़े नाम शामिल थे।

ये खबरें भी पढ़िए...



राहुल गांधी बनाम कार्तिकेय चौहान मानहानि केस: हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई 14 मई तक टली



MP News: राहुल गांधी मानहानि केस में अंतिम सुनवाई आज, कार्तिकेय सिंह चौहान से जुड़ा है मामला



मध्यप्रदेश: बेनामी संपत्तियों का फिर दावा: पनामा के बाद पेंडोरा पेपर्स; सचिन, पत्नी और ससुर का नाम



पनामा पेपर्स में मामा के बेटे का नाम..! कार्तिकेय ने बताई सच्चाई, ‘द सूत्र’ के पास एक्सक्लूसिव दस्तावेज



Tags:
  • MP News
  • मध्यप्रदेश
  • राहुल गांधी
  • कार्तिकेय सिंह चौहान
  • जबलपुर हाईकोर्ट
  • केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
  • नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी