लूट के आरोपी को स्पेशल सुविधा दिलाने अस्पताल से स्पा सेंटर ले गई MP पुलिस, हुआ फरार

thesootr Desk | Jan 31, 2025, 14:58 IST
ratlam
उज्जैन के नागदा में शिवा बाबा शराब कंपनी के ऑफिस में 18 लाख रुपए की लूट के आरोपी रोहित शर्मा को इलाज के बहाने जेल से बाहर ले जाते हुए जेल प्रहरियों ने रतलाम के स्पा सेंटर में मसाज करवाने भेज दिया, जहां आरोपी फरार हो गया।

आमीन हुसैन @ रतलाम



मध्य प्रदेश के रतलाम में एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। यहां जेल प्रहरियों की लापरवाही के चलते एक कैदी अस्पताल से फरार हो गया। जेल प्रहरी इलाज के बाद आरोपी को अस्पताल से रतलाम के स्पा सेंटर ले गए और मसाज करवाने में व्यस्त हो गए। इस बीच कैदी मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों जेल प्रहरियों को सस्पेंड कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।



18 लाख की लूट का मुख्य आरोपी था फरार कैदी

aaropi


घटना की शुरुआत 25 दिसंबर को उज्जैन के नागदा में हुई थी। प्रकाश नगर स्थित शिवा बाबा शराब कंपनी के ऑफिस में पांच बदमाशों ने हथियारों के बल पर तीन कर्मचारियों से 18 लाख रुपए लूट लिए थे। इस लूटकांड का मुख्य आरोपी रोहित शर्मा 5 जनवरी से खाचरोद उपजेल में बंद था। उसके पैर में चोट होने के चलते जेल प्रशासन द्वारा उसका इलाज चल रहा था।



इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद लापरवाही

सीसीटीवी फुटेज से खुला स्पा सेंटर का राज

अधिकारियों को शक होने पर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में आरोपी को अस्पताल से बाहर जाते हुए देखा गया। जांच में पता चला कि इलाज के बाद आरोपी को जेल वापस ले जाने के बजाय जेल प्रहरी उसे 30 किलोमीटर दूर रतलाम के स्टेशन रोड स्थित एक स्पा सेंटर ले गए थे। वहां मसाज के दौरान आरोपी फरार हो गया।



स्पा सेंटर से डीवीआर जब्त, प्रहरियों पर मामला दर्ज

पुलिस और जेल अधिकारियों ने रतलाम पहुंचकर स्पा सेंटर से सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर लिया। जेल अधीक्षक सुरेंद्र सिंह राणावत ने इस घटना की शिकायत खाचरोद थाने में दर्ज करवाई। खाचरोद पुलिस ने आरोपी रोहित शर्मा और दोनों प्रहरियों के खिलाफ अपराध धारा 262, 264 और बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





सस्पेंड हुए प्रहरी, पुलिस कर रही छानबीन

उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि दोनों जेल प्रहरियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों पर एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है। आरोप है कि प्रहरियों ने न केवल आरोपी के फरार होने की जानकारी देर से दी, बल्कि पूछताछ में पुलिस और जेल प्रशासन को गुमराह करने की भी कोशिश की। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें





Tags:
  • MP News
  • Madhya Pradesh
  • रतलाम
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • Ratlam News
  • उज्जैन
  • latest news
  • नागदा
  • स्पा सेंटर