सीमेंट प्लांट में नौकरी पाने के लिए सतना में उमड़े सैकड़ों बेरोजगार

Anjali Dwivedi | Feb 02, 2026, 17:40 IST
satna-job-interview-chaos-cement-plant-recruitment
सतना के भरहुत नगर में सीमेंट कंपनी के इंटरव्यू में हजारों युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कई युवा छतों और बाउंड्री पर चढ़ गए। पुलिस दखल के बाद इंटरव्यू की जगह बदलनी पड़ी।

Satna. मध्य प्रदेश के सतना जिले में रविवार (एक फरवरी) को बेरोजगारी का एक खौफनाक चेहरा देखने को मिला। शहर के रिहायशी इलाके भरहुत नगर में एक सीमेंट कंपनी के ऑफिस के बाहर हजारों युवाओं की भीड़ लग गई। भीड़ इस कदर उमड़ी कि पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया।



नौकरी पाने की ऐसी तड़प दिखी कि कई युवक अपनी जान जोखिम में डालकर ऊंची बाउंड्री और छतों पर चढ़ गए। यह ड्रामा और अफरा-तफरी करीब पांच घंटे तक चला।



दिल्ली और यूपी तक से पहुंचे युवा सतना

दरअसल, सीमेंट कंपनी ने इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल इंजीनियर और मशीन ऑपरेटर जैसे कई तकनीकी पदों के लिए सीधी भर्ती का विज्ञापन निकाला था। इंटरव्यू के लिए एक फरवरी की तारीख तय थी। कंपनी को उम्मीद थी कि कुछ सौ लोग आएंगे, लेकिन सुबह होते-होते यहां नजारा बदल गया। सतना ही नहीं, बल्कि दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज, सागर, पन्ना और कटनी जैसे शहरों से भी हजारों युवक बायोडाटा लेकर पहुंच गए।



ऑफिस के बाहर जाम की स्थिति बन गई।


बाउंड्री कूदकर दफ्तर में घुसने की कोशिश

देखते ही देखते भरहुत नगर की गलियों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जब भीड़ बेकाबू हुई तो कंपनी प्रबंधन ने मेन गेट बंद कर दिया। इससे युवाओं (युवा बेरोजगार) का गुस्सा और बढ़ गया। कुछ युवक बगल की इमारतों का सहारा लेकर ऑफिस की छत पर चढ़ गए तो कुछ बाउंड्रीवॉल कूदने लगे। हालात ऐसे बने कि स्थानीय लोगों को लगा कि कोई बड़ा उपद्रव होने वाला है। बेरोजगारी की यह भीड़ व्यवस्था के इंतजामों को बौना साबित कर रही थी।



इंटरव्यू के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़।


रिहायशी इलाके में इंटरव्यू पर उठाए सवाल

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाला। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि इंटरव्यू को तुरंत रोकना पड़ा। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन (cement company) को कड़ी फटकार लगाई। पुलिस का कहना है कि बिना सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के रिहायशी कॉलोनी में ऐसा आयोजन क्यों किया गया? पुलिस की हस्तक्षेप के बाद जाम खुलवाया गया और युवाओं को शांत किया गया।



यूनिवर्सिटी कैंपस में शिफ्ट करना पड़ा इंटरव्यू

कंपनी के अधिकारियों ने माना कि इतनी बड़ी संख्या में आवेदकों के पहुंचने का उन्हें अंदाजा नहीं था। सुरक्षा कारणों से तत्काल इंटरव्यू का स्थान बदल दिया गया। अब यह इंटरव्यू एक निजी विश्वविद्यालय के बड़े कैंपस में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस घोषणा के बाद ही भरहुत नगर में स्थिति सामान्य हो सकी और युवाओं की भीड़ वहां से रवाना हुई।



ये खबरें भी पढ़ें...



हाईकोर्ट ने कर्मचारियों के सर्विस मामलों में प्रशासनिक सिस्टम की कमी पर जताई चिंता



नटवर सर के लिए बच्चों का आंदोलन, सर स्कूल नहीं लौटे तो सब TC ले लेंगे



टाइगर रिजर्व के बीच कैलाशजी वाटर पार्क! नियमों की अनदेखी या मिलीभगत?



ब्याज की टेंशन खत्म, हसना योजना से एक लाख का लोन लेकर बनें मालिक



Tags:
  • मध्य प्रदेश
  • satna
  • सतना
  • बेरोजगारी
  • सीमेंट कंपनी
  • युवा बेरोजगार
  • cement company