शराब ठेकेदार सूरज रजक को बाउंड ओवर का नोटिस, 300 करोड़ की जमीन पर कब्जे का मामला
शॉर्ट में समझें क्या है पूरा मामला...
- शराब ठेकेदार सूरज रजक पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगा है।
- मामला निपानिया की 300 करोड़ रुपए की जमीन से जुड़ा है।
- इंदौर लसूडिया पुलिस ने पहले ही केस दर्ज किया था।
- अब पुलिस ने बाउंड ओवर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
- रजक पर पहले भी फायरिंग और मारपीट का केस दर्ज हो चुका है।
शराब ठेकेदार और मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) में मालवा स्टैलियंस टीम के मालिक सूरज रजक मुश्किलों में घिर गए हैं। शराब दुकान के लिए 300 करोड़ की जमीन पर कब्जे की कोशिश में पहले ही केस हो चुका है। अब पुलिस उनकी हरकतों को देखते हुए बाउंड ओवर की प्रक्रिया कर रही है।
टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ की शिकायत पर सूरज रजक के खिलाफ 04 अप्रैल को लसूडिया पुलिस ने केस दर्ज किया था। अब इस मामले में पुलिस ने रजक पर सख्ती के लिए बाउंड ओवर की तैयारी कर ली है। इसके लिए पुलिस ने सूरज रजक पर दर्ज पुराने अपराधों के रिकॉर्ड निकाले हैं। रजक को पुलिस ने बाउंड ओवर के लिए नोटिस जारी कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने द सूत्र को इसकी पुष्टि की है।
300 करोड़ की जमीन पर कब्जे की कोशिश की
मुंबई की टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़मूल रूप से इंदौर की निवासी हैं। टीवी एक्ट्रेसने इस मामले में शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि निपानिया में सर्वे नंबर 414 की दो हेक्टेयर जमीन पर कब्जे की कोशिश की गई। इस जमीन की कीमत करीब 300 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह जमीन उनकी मां नरेंद्र कौर सलूजा,भाई पुष्पेंद्र सलूजा और रणधीर सलूजा के संयुक्त स्वामित्व में है।
शिकायत के अनुसार, इस जमीन में से 6000 वर्गफीट जमीन रजक ने उनके पति ऋषि कक्कड़ से फोन पर शराब दुकान के लिए किराए पर मांगी थी। परिवार ने मना कर दिया था। इसके बाद उन्होंने बड़े भाई रणधीर से भी बात की, लेकिन उन्होंने भी इनकार कर दिया था।
बाद में 03 अप्रैल को जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। इसके बाद लसूडिया पुलिस ने रजक पर बीएनएस की धारा 329(3) के तहत केस दर्ज किया गया। इस मामले में टीवी एक्ट्रेस द्वारा पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर को भी शिकायत की गई है।
जमीन की नपती के लिए भी पुलिस ने लिखा
वहीं जमीन की नपती को लेकर भी पुलिस ने नगर निगम और आईडीए को पत्र लिखा है, ताकि जमीन को लेकर स्थिति साफ हो सके। जहां कब्जा हो रहा था, वह जमीन शासकीय या आईडीए की तो नहीं है, इसकी जांच की जा रही है। रजक ने भी इस संबंध में पुलिस को एक आवेदन दिया था कि सलूजा और कक्कड़ परिवार द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।
कनाडिया थाने में भी दर्ज हुआ था केस
करीब सात माह पहले इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में शराब ठेकेदार सूरज रजक और उनके दो सुरक्षा गार्ड के खिलाफ फायरिंग और मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद सूरज रजक ने दो युवकों से पहले गाली-गलौज की, फिर मारपीट कर फायरिंग कर दी।
शिकायत अर्पित सिंह गुर्जर और उसके दोस्त ने की थी। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद सूरज ने अपने साथी को पिस्टल लाने के लिए कहा। डर के मारे दोनों युवक भागने लगे, तभी पीछे से गोली चलाई गई।
FAQ
- बाउंड ओवर क्या होता है?
बाउंड ओवर (Bound Over) का मतलब है कि अदालत किसी व्यक्ति को कह दे कि वो कुछ नियम मानकर चले। जैसे- शांति बनाए रखना, दोबारा कोई गलती न करना, या अगली तारीख पर अदालत में खुद पेश होना। अगर वह व्यक्ति ये नियम नहीं मानता, तो अदालत उस पर आगे कार्रवाई कर सकती है।
ये खबरें भी पढ़िए...
शराब ठेकेदार सूरज रजक के खिलाफ FIR, 300 करोड़ की जमीन पर शराब दुकान के लिए कब्जा
MP News: इंदौर के शराब ठेके में बेंगलुरु की कंपनी की एंट्री, सबसे महंगे ग्रुप से सूरज रजक बाहर
मध्य प्रदेश | धार के शराब ठेके से रमेश राय, सूरज रजक, पिंटू, रिंकू, नन्हे सभी बाहर
शराब ठेकेदार सूरज रजक को बाउंड ओवर का नोटिस, 300 करोड़ की जमीन पर कब्जे का मामला