ट्विशा शर्मा केस में पति समर्थ सिंह ने किए कई खुलासे, दोबारा पोस्टमॉर्टम आज, SC ने लिया संज्ञान

Sourabh Bhatnagar | May 24, 2026, 08:27 IST
twisha sharma death case husband remand postmortem
भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में पति समर्थ सिंह पुलिस रिमांड पर है। उसने कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद ट्विशा का व्यवहार बदल गया था। आज दोबारा पोस्टमॉर्टम होगा। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर सकता है।

5 प्वाइंट में समझें क्या है पूरा मामला

  • भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की 12 मई को संदिग्ध हालात में मौत हुई।
  • मायका पक्ष ने पति समर्थ सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।
  • पति 7 दिन की पुलिस रिमांड पर है और पूछताछ जारी है।
  • हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली एम्स की टीम दोबारा पोस्टमॉर्टम करेगी।
  • सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है।

ट्विशा की मौत: क्या है पूरा मामला

12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत हुई। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया। लेकिन मायका पक्ष का कहना है कि यह हत्या है और पति समर्थ सिंह इसके जिम्मेदार हैं।



तब से यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया। अब इसकी जांच कई मोर्चों पर एक साथ चल रही है।



दोबारा पोस्टमॉर्टम आज

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया परिजनों की मौजूदगी में होगी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।



इसके लिए दिल्ली एम्स (All India Institute of Medical Sciences) के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम शनिवार शाम ही भोपाल पहुंच गई है। ट्विशा का शव फिलहाल भोपाल एम्स (Bhopal AIIMS) की मॉर्चुरी में रखा हुआ है।



पति ने समर्थ सिंह पुलिस को क्या बताया

आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल भोपाल पुलिस की 7 दिन की रिमांड पर है। दो घंटे की पूछताछ में उसने कई बातें बताईं।



समर्थ के मुताबिक शादी के बाद दोनों के रिश्ते ठीक थे। समर्थ ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा।



अस्पताल से लौटने के बाद ट्विशा ने कहा कि वह दिल्ली जाना चाहती है। उसी शाम वह फ्लाइट से नोएडा स्थित अपने घर चली गई। समर्थ ने बताया कि काफी समझाने के बाद 23 अप्रैल को ट्विशा अपनी मां और भाई के साथ भोपाल वापस लौटी।



twisha sharma death BHOPAL


ग्लैमर वर्ल्ड और घरेलू जीवन का टकराव

समर्थ ने पुलिस को बताया कि ट्विशा (twisha Sharma case) अक्सर कहती थी कि वह ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी है। घरेलू जिंदगी उसके लिए नहीं है। प्रेग्नेंसी के बाद यह बात और बढ़ गई थी।



परिजन इसे सामान्य वैवाहिक विवाद मान रहे थे। उन्होंने दोनों को समझौते की सलाह भी दी थी। लेकिन दोनों के बीच खटास बनी रही।



24 अप्रैल की बात, अजमेर और बेंगलुरु का किस्सा

समर्थ ने बताया कि उसने 24 अप्रैल को बेंगलुरु जाने के टिकट पहले से बुक कर रखे थे। शुरुआत में ट्विशा साथ जाने को तैयार थी। लेकिन बाद में उसने मना कर दिया और कहा कि वह नसीराबाद, अजमेर में अपने भाई के पास जाएगी।



इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। ट्विशा उसी दिन ट्रेन से अजमेर चली गई। कुछ दिन बाद समर्थ को पता चला कि वह वहां सिर्फ एक दिन रुकी और फिर दिल्ली चली गई। समर्थ के बेंगलुरु से लौटने के बाद ट्विशा 30 अप्रैल को भोपाल वापस आई।



12 मई की शाम: वॉक से लेकर रात तक

समर्थ ने पुलिस को 12 मई की पूरी घटना का क्रम बताया। शाम करीब 6 बजे ट्विशा पार्लर से घर लौटी। शाम 6:30 से 7:30 बजे तक दोनों ने घर के सामने पार्क में वॉक की। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया और कुछ देर घर के बाहर बैठे।



रात करीब 8:30 बजे दोनों कमरे में गए और टीवी देखने लगे। आधे घंटे बाद ट्विशा नीचे वाले कमरे में चली गई। समर्थ के मुताबिक वह वहां अपने माता-पिता से फोन पर बात कर रही थी। थकान की वजह से समर्थ को नींद आ गई।



मां का फोन, फिर छत पर मिली ट्विशा

थोड़ी देर बाद समर्थ की मां गिरिबाला सिंह ने फोन किया। उन्होंने बताया कि ट्विशा दिखाई नहीं दे रही और कॉल भी नहीं उठा रही है। इसके बाद ट्विशा की मां का भी फोन आया। उन्होंने कहा कि ट्विशा परेशान लग रही थी और रो रही थी।



समर्थ ने अपनी मां से कहा कि वह छत पर जाकर देखें। जब मां छत पर पहुंचीं तो देखा कि ट्विशा ने एक्सरसाइज में इस्तेमाल होने वाली इलास्टिक बेल्ट से फांसी लगा ली है।



समर्थ ने बताया कि वह शोर सुनकर वहां पहुंचा। उसने ट्विशा को नीचे से सहारा दिया। मां ने पलंग पर चढ़कर फंदा ढीला करने की कोशिश की। ट्विशा की लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच और वजन लगभग 80 किलो था।



काफी मशक्कत के बाद फंदा हटाया गया। फिर पड़ोस में रहने वाले लोगों को बुलाया गया। समर्थ ने सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) भी दिया। लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद तीन लोगों की मदद से ट्विशा को कार से भोपाल एम्स पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



पुलिस को शक, कह रहे भ्रामक बातें

हालांकि पुलिस समर्थ की कहानी पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है। पुलिस का मानना है कि वह खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी दे रहा है। अब पुलिस घटना वाले दिन की हर परिस्थिति को बारीकी से खंगाल रही है।



समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस सस्पेंड

22 मई को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने वकील समर्थ सिंह का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। BCI (Bar Council of India) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने इसके आदेश दिए।



यह कदम उस समय उठाया गया जब मामला पूरे देश में चर्चा में था।



हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की सुनवाई में ससुराल पक्ष ने हिंदू रीति-रिवाजों का हवाला देते हुए शव पति को सौंपने की मांग की। कोर्ट ने यह मांग खारिज कर दी। कोर्ट ने भोपाल कोर्ट से जमानत आदेश की कॉपी भी मांगी है।



राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सैनी ने दोबारा पोस्टमॉर्टम पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को भी नोटिस जारी किया है। ट्विशा के पिता ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग की है।



सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच में सुनवाई हो सकती है। यह साफ संकेत है कि अब यह केस सिर्फ राज्य स्तर तक सीमित नहीं रहा है।



FAQ

  1. प्रश्न 1: ट्विशा शर्मा की मौत कब और कहां हुई?
    उत्तर: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में हुई। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मायका पक्ष पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहा है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
  2. प्रश्न 2: सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा केस में क्यों हस्तक्षेप किया?
    उत्तर: सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। यानी कोर्ट ने बिना किसी याचिका के खुद इस मामले को गंभीरता से लेने का फैसला किया। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच में इस पर सुनवाई होनी है।

ट्विशा से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...

लव मैरिज हो या अरेंज, एमपी में हर दिन हो रही एक ट्विशा की मौत, चौंकाएंगे ये आंकड़े



ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में आरोपी समर्थ सिंह 10 दिन बाद गिरफ्तार, पुलिस ने कोर्ट से दबोचा



ट्विशा शर्मा केस में कोर्ट परिसर बना रणभूमि: आरोपी समर्थ को बचाने मीडिया से भिड़े वकील



ट्विशा के शव का दूसरी बार होगा पोस्टमार्टम, हाईकोर्ट ने दिए आदेश, दिल्ली aimms की टीम करेगी पीएम



ट्विशा शर्मा सुसाइड केस: पिता ने HC में दायर की रिट पिटीशन, कहा-पहला पोस्टमार्टम संदिग्ध



Tags:
  • Supreme Court
  • मध्य प्रदेश हाईकोर्ट
  • Bhopal AIIMS
  • बार काउंसिल ऑफ इंडिया
  • ट्विशा शर्मा सुसाइड केस
  • twisha sharma case