देर रात 64 आईपीएस अफसरों के तबादले, 27 जिलों में नए एसपी, सांसद से भिड़ने वाली ममता गुप्ता को हटाया
News In Short
- राजस्थान में शुक्रवार रात 64 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए।
- राजस्थान के 27 जिलों में बदले गए पुलिस अधीक्षक।
- सांसद से उलझने वालीं ममता गुप्ता को राजसमंद से हटाया।
- उदयपुर फाइल सामने आने के बाद एसपी योगेश गोयल का भी तबादला।
- नेताओं के निशाने पर आए नारायण टोगस को भी जोधपुर ग्रामीण से हटाया।
News In Detail
Jaipur. राजस्थान में शुक्रवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 64 अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है।
इस सूची (Rajasthan IPS Transfer) में 27 एसपी/डीसीपी और 17 डीआईजी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। नेताओं की शिकायतों के बाद चर्चा में आए उदयपुर, राजसमंद और जोधपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक बदल दिए गए हैं।
आईपीएस तबादला सूची
उदयपुर और राजसमंद के एसपी हटाए
भाजपा महिला नेता से जुड़े वीडियो ब्लैकमेलिंग मामले में विवाद सामने आने के बाद उदयपुर के एसपी योगेश गोयल को हटा दिया गया है। इसी तरह राजसमंद की भाजपा सांसद महिमा कुमारी से उलझने वालीं ममता गुप्ता का भी तबादला कर दिया गया है। भिवाड़ी भीषण अग्निकांड पर उठे सवाल के बाद वहां के एसपी प्रशांत किरण को बदल दिया है।
सांसद के निशाने पर आई ममता को जयपुर भेजा
आदेश के अनुसार उदयपुर के एसपी योगेश गोयल को एसीबी में एसपी पदस्थ किया गया है। उनकी जगह अमृता दुहन को लगाया गया है। दुहन को श्रीगंगानगर से उदयपुर भेजा गया है। राजसमंद सांसद महिमा कुमारी के निशाने पर आई ममता गुप्ता को जयपुर में डीआईजी सुरक्षा नियुक्त किया है।
नारायण टोगस अब एसीबी में
जोधपुर ग्रामीण के एसपी नारायण टोगस को अजमेर में एसीबी का डीआईजी नियुक्त किया गया है। जोधपुर कमिश्नरेट में डीसीपी पीडी नित्या को टोगस की जगह जोधपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी दी गई है। टोगस को लेकर वहां के नेताओं की लगातार नाराजगी सामने आ रही थी।
भिवाड़ी के एसपी को जयपुर भेजा
भिवाड़ी अग्निकांड के बाद चर्चा में आए एसपी प्रशांत किरण को जयपुर में डीसीपी पश्चिम बनाया गया है। उनकी जगह झुंझनूं के एसपी बृजेश उपाध्याय को नियुक्त किया गया है।
भिवाड़ी अग्निकांड में आठ मजदूरों की मौत हो गई थी। जिस अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगी, उसे पुलिसकर्मी का भाई ही चला रहा था।
जयपुर कमिश्नरेट में भारी बदलाव
राजधानी जयपुर के पुलिस प्रशासन में भी व्यापक फेरबदल देखा गया है। अजय सिंह को जयपुर का नया एडिशनल कमिश्नर (प्रथम) नियुक्त किया गया है।
रंजीता शर्मा को डीसीपी (ईस्ट) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशांत किरण को डीसीपी (वेस्ट) बनाया गया है। निश्चय प्रसाद को डीसीपी (ट्रैफिक) का जिम्मा दिया गया है। पूर्व एडिशनल कमिश्नर मनीष अग्रवाल अब डीआईजी इंटेलिजेंस के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रमुख जिलों में नए कप्तान
तबादला सूची में 27 जिलों में एसपी बदले गए हैं। संजीव नैन को जयपुर ग्रामीण का नया एसपी बनाया गया है। अमृता दुहन को उदयपुर और मृदुल कच्छावा को बीकानेर एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। बृजेश ज्योति को भिवाड़ी एसपी के साथ-साथ खैरथल-तिजारा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
एसबीसीबी एसपी पुष्पेंद्र को अब सिरोही का नया एसपी नियुक्त किया गया है। चूरू एसपी जय यादव के स्थान पर नए अधिकारी की नियुक्ति होगी, क्योंकि वे वर्तमान में डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) पर जा रहे हैं।
युवा अधिकारियों और अन्य पदों पर नियुक्तियां
सरकार ने 2021 बैच के युवा IPS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी देते हुए जिलों में तैनात किया है। बस्सी एसीपी विनय कुमार को राज्यपाल का एडीसी नियुक्त किया गया है। साथ ही 1 जनवरी को पदोन्नत होकर डीआईजी बने अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग दी गई है।
ये खबरें भी पढ़ें...
पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल के गिरफ्तारी वारंट जारी, वारंट तामील नहीं होने पर संपत्ति होगी कुर्क
पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश जारी, सलमान खान के पनवेल फार्म हाउस पहुंची एसीबी की टीम
देश के 30 आईपीएस अधिकारियों में छग के अमित कुमार का भी नाम, केंद्र ने एडीजी रैंक के लिए किया इंपैनल
मिलिए आईपीएस रूपा मौदगिल से, जिन्हें २० साल में मिले 40 तबादले, कांपते हैं अफसर-नेता
राजस्थान रॉयल्स 17 मार्च से करेगी अभ्यास, पहला मैच 30 मार्च को
राजस्थान बोर्ड का नया नियम, साल में दो बार होंगी बोर्ड परीक्षाएं, जानें नया पैटर्न