ACB DG की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल, किरोड़ी के ACB दौरे से जोड़ी जा रही
समझें क्या है पूरा मामला
- ACB डीजी गोविंद गुप्ता की सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल।
- डीजी ने पोस्ट में कहा - डांट पड़ी… एक कान से सुनी… दूसरे से निकाली।
- टॉम ब्रैडी का कोट शेयर कर अपना काम करते रेहने की सलाह दी।
- किरोड़ी लाल मीणा के ACB दफ्तर पहुंचने के बाद आई पोस्ट के निकल रहे कई मायने।
- विवाद बढ़ता देख डीजी ने पोस्ट को किया एडिट, बोले- युवाओं को मोटिवेट कर रहे थे।
राजस्थान के एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के महानिदेशक (DG) गोविंद गुप्ता की एक फेसबुक पोस्ट इन दिनों पुलिस और सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। उन्होंने लिखा - डांट पड़ी... एक कान से सुनी... दूसरे से निकाली।
इसके साथ पूर्व अमेरिकी फुटबॉल खिलाड़ी टॉम ब्रैडी का एक प्रेरणादायक कोट भी शेयर किया। पोस्ट शेयर करने के करीब 5 घंटे बाद उन्होंने इसे एडिट कर दिया। यह पोस्ट ऐसे समय आई जब कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ठीक सात दिन पहले ACB मुख्यालय पहुंचे थे।
क्या लिखा था पोस्ट में?
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ACB DG गोविंद गुप्ता ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की। पहली पंक्ति थी - डांट पड़ी... एक कान से सुनी... दूसरे से निकाली।
इसके साथ उन्होंने टॉम ब्रैडी का एक कोट शेयर किया जिसका भाव था कि अपने आप को ऐसे लोगों के बीच रखो जो तुम्हें अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करें - भले ही वह एक चिड़चिड़ा बूढ़ा कोच हो जो आस्तीनें काटता है और दिनभर चिल्लाता रहता है।
फिर उन्होंने खुद आगे लिखा - ठीक है, मेरे अनुभव के हिसाब से यह उदाहरण कुछ ज्यादा ही खास हो गया। आप लोग मेरी बात समझ गए होंगे।
5 घंटे बाद पोस्ट एडिट की
दोपहर 3:15 बजे गोविंद गुप्ता ने इस पोस्ट को एडिट कर दिया। पोस्ट में क्या बदलाव किया गया यह पूरी तरह सार्वजनिक नहीं है, लेकिन एडिट का तथ्य ही पुलिस और राजनीतिक हलकों में चर्चा का कारण बन गया।
DG का जवाब, युवाओं के लिए प्रेरणा थी
जब गोविंद गुप्ता से इस पोस्ट के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह पोस्ट स्टूडेंट्स और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से शेयर की गई थी।
यदि किसी बच्चे या युवा को कोई डांटे तो उसे घबराने की जगह सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। नई नौकरी में बॉस की डांट से डरने की जरूरत नहीं, काम पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि यह कोट विदेश की एक यूनिवर्सिटी में दिए गए भाषण से लिया गया था और हिंदी भाषी छात्रों को प्रेरित करने के लिए शेयर किया।
किरोड़ी के ACB दौरे से जुड़ा कनेक्शन
यह पोस्ट उस समय सामने आई जब कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ठीक सात दिन पहले 19 जून को ACB मुख्यालय पहुंचे थे।
उस दौरे में मंत्री ने बीज निगम के नामित डायरेक्टर और कृषि विभाग के कर्मचारियों से जुड़े मामले में कहा था कि जो दोषी हो उसे गिरफ्तार किया जाए और जो निर्दोष हो उसके मामले में ACB सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करे।
इस पृष्ठभूमि में DG की पोस्ट को लेकर कयास लगाए जाने लगे कि क्या इस पोस्ट का कोई विशेष संदेश था। हालांकि DG ने इसे प्रेरणा पोस्ट बताया।
ये भी पढ़ें:-
सॉरी! मैं सिफारिश नहीं कर पाऊंगा, पूर्व मंत्री के नोट से समर्थक मायूस
गहलोत ने कुर्सी मोह में राजस्थान को अराजकता में झोंका, किरोड़ी ने लगाया आरोप
गहलोत के पैरों में गिरकर रोए थे किरोड़ी, डोटासरा का बड़ा पलटवार
RAS भर्ती पर डोटासरा परिवार पर बाबा का लेटर बम, नंबर बढ़वाने के आरोप