24 घंटे बाद मिले लापता तीन छात्र, मौजमस्ती के लिए गए थे जयपुर

Ashish Bhardwaj | Jul 23, 2026, 21:41 IST
लापता तीन छात्र
राजस्थान के अलवर में स्कूल से लापता हुए तीन छात्रों को पुलिस ने 24 घंटे की तलाश के बाद सकुशल बरामद किया। बच्चे ट्रेन से जयपुर गए थे। परिजनों ने स्कूल पर लापरवाही का आरोप लगाया।

समझें क्या है पूरा मामला

  • अलवर के सरकारी स्कूल से तीन छात्र लापता हुए।
  • बच्चे ट्रेन से अलवर से जयपुर चले गए थे।
  • पुलिस ने चार टीमें बनाकर तलाश शुरू की।
  • करीब 145 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
  • तीनों छात्र 24 घंटे में सुरक्षित मिल गए।

राजस्थान में अलवर के एक सरकारी स्कूल से 22 जुलाई को तीन छात्र लापता हो गए थे। पुलिस ने 24 घंटे की तलाश के बाद तीनों को सुरक्षित बरामद किया। बच्चे ट्रेन पकड़कर अलवर से जयपुर चले गए थे। पुलिस ने 145 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बच्चों को ढूंढा। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।



स्कूल से निकलकर सीधे जयपुर

एनईबी थाना प्रभारी सीमा सिनसिनबार के अनुसार सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले तीन छात्र बिना किसी को बताए स्कूल से निकल गए थे। इनमें दो सगे भाई और उनका एक दोस्त शामिल था।



स्कूल से निकलने के बाद तीनों सीधे अलवर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने ट्रेन पकड़ी और जयपुर चले गए।



पहले से बनाई थी भागने की योजना

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बच्चों ने घर से भागने की योजना पहले से बना ली थी। दोनों भाइयों में से एक इससे पहले भी घर छोड़कर जा चुका था।



इस बार भी वह घर से कुछ पैसे लेकर निकला था, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। जयपुर पहुंचकर तीनों ने नए कपड़े और जूते खरीदे और रात वहीं बिताई। गुरुवार को वे ट्रेन से वापस अलवर लौट आए।



145 सीसीटीवी खंगाले, चार टीमों ने की तलाश

बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की थीं। एएसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस ने करीब 145 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।



साइबर सेल और तकनीकी ट्रैकिंग की मदद से पुलिस को इनपुट मिला कि बच्चे जयपुर के मोती डूंगरी क्षेत्र के आसपास देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने वहां सघन तलाश शुरू की।



बाद में एक और इनपुट मिलने पर पुलिस ने अलवर शहर के घंटाघर क्षेत्र से तीनों बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर लिया।



स्वास्थ्य जांच के बाद CWC के समक्ष पेशी

बच्चों को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस उनका स्वास्थ्य परीक्षण करा रही है। इसके बाद उन्हें बाल कल्याण समिति यानी सीडब्ल्यूसी (CWC – Child Welfare Committee) के समक्ष पेश किया जाएगा।



पुलिस बच्चों से विस्तृत पूछताछ भी कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।



स्कूल प्रबंधन पर परिजनों का आरोप

बच्चों के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन ने समय रहते बच्चों के गायब होने की सूचना नहीं दी।



परिजनों के अनुसार स्कूल ने सिर्फ फोन कर इतना बताया कि बच्चे स्कूल में नहीं हैं। उनका यह भी आरोप है कि स्कूल ने बच्चों की तलाश में कोई सहयोग नहीं किया। स्कूल प्रबंधन की तरफ से अभी तक इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा हादसा

समय रहते पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार टीमों की लगातार मेहनत, साइबर तकनीक और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के चलते तीनों बच्चे सुरक्षित बरामद हो सके।



इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस और परिजनों, दोनों ने राहत की सांस ली।



ये खबर भी पढे़:-

​पॉवर कपल को मिला साथ रहने का तोहफा, IAS मुद्रा रहेजा का अब राजस्थान ट्रांसफर



भारत-जिम्बाब्वे मैच में छाया मरुभूमि का जलवा, अशोक शर्मा और बिश्नोई ने दिखाया दम



भूपेंद्र यादव की बिसात पर क्रय-विक्रय समिति में भाजपा का कब्जा, कांग्रेस को झटका



नदी-नालों पर निर्माण, औद्योगिक इकाइयों को नोटिस, भिवाड़ी में हड़कंप



Tags:
  • राजस्थान
  • बाल कल्याण समिति
  • सरकारी स्कूल
  • अलवर