चुनावी मोड में आई भाजपा, हर जिले में तैनात होंगे प्रभारी और सह-प्रभारी
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान चुनाव से पहले भाजपा ने 48 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए।
- पंचायत और निकाय चुनाव के लिए 96 नेताओं को जिम्मेदारी मिली।
- मदन राठौड़ के निर्देश पर जारी हुई जिला प्रभारियों की सूची।
- भाजपा बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी में जुटी।
- नए प्रभारी सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे।
राजस्थान में आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह 'इलेक्शन मोड' में आ गई है। संगठन को धरातल पर मजबूत करने और जमीनी स्तर पर चुनावी रणनीति को धार देने के मकसद से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर राज्य के सभी 48 सांगठनिक जिलों में नए जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
किसने जारी की नियुक्ति सूची
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी की ओर से यह आधिकारिक सूची जारी की गई। इसके तहत कुल 96 वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों में चुनावी कमान सौंपी गई है।
नियुक्ति के तुरंत बाद प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों को बधाई दी। उन्होंने संगठन के लक्ष्यों को हासिल करने और जनता के बीच सरकार की नीतियों को मजबूती से पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा की तीन बड़ी रणनीतियां
राजस्थान में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव भाजपा के लिए अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करने की एक नई परीक्षा माने जा रहे हैं। नए जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति के पीछे पार्टी की तीन मुख्य रणनीतियां झलकती हैं।
माइक्रो-मैनेजमेंट पर जोर
48 सांगठनिक जिलों में 96 नेताओं की तैनाती यह दर्शाती है कि पार्टी हर जिले में दो-दो अनुभवी नेताओं यानी एक प्रभारी और एक सह-प्रभारी के जरिए द्विस्तरीय निगरानी मॉडल लागू कर रही है। इससे जिलों में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और गुटबाजी को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी
पंचायत और नगर निकाय चुनाव सीधे तौर पर ग्रामीण और शहरी मतदाताओं से जुड़े होते हैं। नियुक्त किए गए प्रभारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी मंडल और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना होगी। इसके साथ ही उन्हें संभावित उम्मीदवारों की नब्ज टटोलने और स्थानीय मुद्दों को भांपकर चुनावी रणनीति तैयार करने का काम भी सौंपा गया है।
सरकार और संगठन के बीच सेतु का काम
नवनियुक्त प्रभारियों का एक अहम काम राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और बजटीय घोषणाओं को आम जनता तक पहुंचाना होगा। इसके साथ ही ये प्रभारी स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत माध्यम के रूप में भी काम करेंगे।
ये खबर भी पढे़:-
दुबई में भारतीय मूल के कारोबारी के अपहरण का मामला, लुत्फी गैंग का गुर्गा गिरफ्तार
कलेक्टर के सामने ही गिरा तिरंगा, ध्वजारोहण पर हुई शर्मसार करने वाली घटना
जयपुर: निकाय चुनाव टिकट वितरण पर खाचरियावास की दो टूक-बेईमानों की होगी छुट्टी
अमित शाह दो दिन राजस्थान में, करेंगे 12,000 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा