अरुंधति चौधरी को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम, स्वागत विवाद पर आई क्रीडा परिषद की सफाई

Saurabh Mishra | Aug 07, 2026, 12:05 IST
अरुंधति चौधरी को राजस्थान सरकार देगी 1 करोड़ का इनाम देगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट अरुंधति चौधरी के एयरपोर्ट स्वागत में हुई बेरुखी के बाद राजस्थान क्रीड़ा परिषद अब उनके सम्मान में समारोह आयोजित करेगा।

समझें क्या है पूरा मामला

  • कोटा की अरुंधति चौधरी ने ग्लासगो CWG में गोल्ड मेडल जीता था।
  • जयपुर एयरपोर्ट पर उनके स्वागत में बेरुखी दिखाई गई थी।
  • अरुंधति और उनका परिवार इससे निराश हुआ था।
  • अब क्रीड़ा परिषद ने उनके सम्मान में समारोह आयोजित करने की बात कही।
  • परिषद ने उन्हें 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया।

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली मुक्केबाज अरुंधति चौधरी के स्वागत को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। अब राजस्थान क्रीड़ा परिषद इस मामले में सक्रिय हो गया।



एयरपोर्ट पर क्यों हुआ था विवाद

बीते मंगलवार को जब मुक्केबाज अरुंधति चौधरी जयपुर एयरपोर्ट पहुंचीं थीं, तो राजस्थान क्रीड़ा परिषद की ओर से अपेक्षित स्वागत नहीं हुआ था। इससे अरुंधति और उनका परिवार काफी निराश दिखा था। अरुंधति ने आरोप लगाया था कि राज्य की ओर से उन्हें उचित सम्मान और तैयारी के लिए जरूरी प्रोत्साहन नहीं मिला।



परिषद सचिव ने दी सफाई

राजस्थान क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा ने अरुंधति के स्वागत से जुड़े विवाद पर सफाई दी थी। उन्होंने बताया था कि व्यस्त होने की वजह से वो खुद एयरपोर्ट नहीं जा सके थे। हालांकि उन्होंने कहा कि परिषद की तरफ से एक स्पोर्ट्स ऑफिसर वहां मौजूद था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अरुंधति के सम्मान में जल्द समारोह आयोजित किया जाएगा।



जल्द तय होगी सम्मान समारोह की तारीख

सचिव ने बताया कि समारोह की तारीख और स्थान जल्द तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्लासगो से लौटने के बाद अरुंधति से कई बार बातचीत हुई है।उनका कहना है कि अगर खिलाड़ी में किसी तरह की नाराजगी है तो उसे जल्द दूर किया जाएगा।



अरुंधति को मिलेगी 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि

सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि राज्य सरकार की नीति के अनुसार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने पर एक करोड़ रुपए की राशि दी जाती है। यह राशि अरुंधति को भी मिलेगी। उन्होंने अनुदान नहीं मिलने के आरोपों को भी खारिज किया। उनका कहना है कि खिलाड़ियों को तैयारी के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाता है।



अरुंधति ने बुखार में लड़ी थी फाइनल बाउट

जयपुर पहुंचने पर अरुंधति ने अपनी सफलता का अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया कि फाइनल के दिन उनकी तबीयत खराब थी और तेज बुखार था।इसके बावजूद उन्होंने बीमारी को हावी नहीं होने दिया। पूरी ताकत से मुकाबला खेलकर उन्होंने स्वर्ण पदक जीता।



अरुंधति ने बताया कि फाइनल से पहले शरीर में कमजोरी महसूस हो रही थी। लेकिन उनके दिमाग में सिर्फ तिरंगा लहराने का लक्ष्य था। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स जैसा टूर्नामेंट चार साल में एक बार आता है। मौका गंवाना उनके लिए बड़ी गलती होती।



CWG 2026 में मुक्केबाजी का गोल्ड जीतने के बाद जयपुर लौटीं अरुंधति चौधरी के स्वागत को लेकर विवाद हो र


फाइनल में इंग्लैंड के मुक्केबाज को हराकर जीता था गोल्ड

अरुंधति ने फाइनल में इंग्लैंड की बॉक्सर चेटल रीड के खिलाफ दमदार खेल दिखाया था और एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया था। वे राजस्थान की तरफ से कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वालीं पहली महिला मुक्केबाज हैं। सीनियर कैटेगरी में नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट में अरुंधति का ये छठा गोल्ड मेडल था। इससे पहले, वे फेडरेशन कप, नेशनल चैंपियनशिप, बॉक्सो कप और विश्व कप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।



पिता के मजाक से शुरू हुआ बॉक्सिंग का सफर

अरुंधति ने बताया कि बचपन में उनके पिता ने मजाक में कहा था कि बॉक्सिंग में मारने पर डांट नहीं, पदक मिलेगा। यही बात उन्हें बॉक्सिंग की ओर ले गई।उन्होंने यह भी बताया कि वे 4 महीने से घर नहीं गई थीं। उन्हें मां के हाथ के खाने की बहुत याद आ रही थी। उनके पिता ने एयरपोर्ट पर सरकारी प्रतिनिधि के न पहुंचने की बात भी कही थी।



FAQ

  1. अरुंधति चौधरी ने CWG 2026 में कौन सा मेडल जीता?
    अरुंधति चौधरी ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मुक्केबाजी में गोल्ड मेडल जीता था। वे कोटा, राजस्थान की रहने वाली हैं।
  2. अरुंधति चौधरी के स्वागत को लेकर विवाद क्यों हुआ था?
    जयपुर एयरपोर्ट पर राजस्थान क्रीड़ा परिषद ने उनके स्वागत में बेरुखी दिखाई थी। इससे अरुंधति और उनका परिवार निराश हुए थे।
  3. अरुंधति चौधरी को कितनी पुरस्कार राशि मिलेगी?
    राज्य सरकार की नीति के अनुसार उन्हें एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। यह गोल्ड मेडल जीतने पर तय नीति के तहत है।

यह खबरें भी पढ़ें...



गोल्डन गर्ल अरुंधति का जयपुर में ग्रैंड वेलकम, बोलीं- अब ओलंपिक अगला लक्ष्य



मरुधरा की बेटी अरुंधति का कॉमनवेल्थ में बजा डंका, देश के लिए जीता सोना



उच्च शिक्षा विभाग ने गुपचुप सिलेबस से हटाई अरुंधति की किताब, संघ परिवार की आपत्ति से बदला फैसला



राजस्थान में ओल्ड पेंशन योजना का विकल्प चुनने की डेडलाइन बढ़ी, जानें नई तारीख



Tags:
  • राजस्थान
  • कॉमनवेल्थ गेम्स
  • अरुंधति चौधरी