नितिन नवीन के स्वागत पर गहलोत का तंज- कौन आगे-कौन पीछे; डिप्टी CM की फोटो काटी

Saurabh Mishra | Sept 25, 2026, 19:11 IST
अशोक गहलोत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जयपुर दौरे और स्वागत को लेकर अशोक गहलोत ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि स्वागत करते हुए डिप्टी सीएम की फोटो तक काट दी गई।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को जयपुर में रहे।
  • CM भजनलाल शर्मा समेत भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
  • अशोक गहलोत ने स्वागत के दौरान डिप्टी CM की तस्वीर काटने का दावा किया।
  • गहलोत ने निकाय चुनाव में पुलिस-प्रशासन के गलत इस्तेमाल के आरोप दोहराए।
  • पंचायत चुनाव में भी धनबल और प्रशासन के इस्तेमाल की आशंका जताई है।

जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शुक्रवार के जयपुर दौरे में ऐसा कुछ हुआ, जिसे लेकर अशोक गहलोत ने तंज कसा। दरअसल, मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक से पहले CM भजनलाल शर्मा और भाजपा नेताओं ने नितिन नवीन का स्वागत किया। अब इसी स्वागत की तस्वीरों को लेकर गहलोत ने चुटकी ली है। गहलोत ने सवाल उठाया कि तस्वीरों में कौन आगे और कौन पीछे, साथ ही डिप्टी CM की फोटो काटने का भी दावा किया।



गहलोत से नितिन नवीन के स्वागत को लेकर जब सवाल पूछा गया कि तो उन्होंने कहा कि अब उनका (नितिन नवीन) स्वागत, पीछे कौन खड़ा हुआ, आगे कौन, किसकी फोटो काट दी, यह सब मीडिया में आया है। डिप्टी सीएम साहब की ही फोटो काट दी, स्वागत करते हुए। ये बात आप हमसे क्यों पूछ रहे हो? ये तो भजनलाल जी से पूछो आप।



गहलोत शुक्रवार को जोधपुर में झुलसे दमकलकर्मियों से मिलने जयपुर के SMS अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने दमकलकर्मियों का हाल जाना और उनकी स्थिति गंभीर बताई। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने निकाय चुनाव, नितिन नवीन के दौरे और भाजपा सरकार को लेकर कई आरोप लगाए।



नितिन नवीन के स्वागत पर क्या बोले गहलोत

नितिन नवीन शुक्रवार सुबह जयपुर में अल्बर्ट हॉल पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर संगठन की बैठक भी हुई, जिसमें निकाय चुनाव के नतीजों और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।



भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इसी दौरे और स्वागत पर गहलोत ने कहा कि फोटो और वीडियो में कौन आगे खड़ा है और कौन पीछे? उन्होंने आगे दावा किया कि स्वागत करते समय डिप्टी CM की फोटो तक काट दी गई। गहलोत ने इसे लेकर भाजपा के भीतर की स्थिति पर तंज कसा।



निकाय चुनाव को लेकर फिर लगाए गंभीर आरोप

गहलोत ने निकाय चुनाव को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पुलिस और प्रशासन का गलत इस्तेमाल किया गया। उनके मुताबिक लोगों को धमकाने, घरों तक पुलिस भेजने, थाने बुलाने और मकान तोड़ने के नोटिस देने जैसी कार्रवाइयां हुईं।



गहलोत इससे पहले भी निकाय चुनाव में पुलिस-प्रशासन और धनबल के इस्तेमाल के आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। ये कांग्रेस नेताओं के आरोप हैं।



पंचायत चुनाव को लेकर भी गहलोत ने उठाए सवाल

गहलोत ने कहा कि राजस्थान में निकाय चुनाव में जो हुआ, उस पर अभी सवाल नहीं उठाए गए तो आगे भी ऐसी स्थिति बन सकती। उन्होंने आशंका जताई कि आगामी पंचायत चुनाव में भी पुलिस, प्रशासन और धनबल का इस्तेमाल हो सकता है।



दूसरी तरफ भाजपा ने पंचायत चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। नितिन नवीन के जयपुर दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई, जिसमें संगठन और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई।



निकाय चुनाव के बाद भाजपा जहां पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट गई है, वहीं कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठा रही है। नितिन नवीन के जयपुर दौरे के बीच गहलोत के नए बयान से दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।



यह खबरें भी पढ़ें...



अशोक गहलोत का भाजपा पर आरोप, बोले- पुलिस के जरिए पार्षदों को डराया-धमकाया जा रहा



गहलोत के 'भले आदमी' वाले बयान पर भजनलाल बोले- हारे तो PCC चीफ पर गुस्सा क्यों निकाल रहे



निकाय चुनावों के नतीजों पर मंथन, नितिन नवीन ने सांसद-विधायकों को दिया नया टास्क



खाटू श्यामजी के दम पर सीकर नंबर-1, 6 महीने में 1.56 करोड़ पर्यटक; जयपुर-उदयपुर पीछे



Tags:
  • राजस्थान
  • अशोक गहलोत
  • भजनलाल शर्मा
  • नितिन नवीन
  • पंचायत चुनाव
  • भाजपा