वसुंधरा राजे को सफाई देने की ज़रूरत नहीं, अशोक गहलोत ने ऐसा क्यों कहा?

Mukesh Sharma | Apr 13, 2026, 17:25 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने वसुंधरा राजे के बहाने बीजेपी की गुटबाजी पर तंज कसते हुए उसे सड़क पर आई दुर्गति बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस एकजुट है और अगली बार सरकार बनाएगी।

News In Short

  • पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा के अंतर्कलह को बताया दुर्गति
  • गहलोत ने भाजपा पर हमला करते हुए वसुंधरा राजे का किया बचाव।
  • गहलोत ने भाजपा की सड़कों पर हो रही दुर्गति पर टिप्पणी की।
  • गहलोत ने मदन राठौड़ को आदेश पर बोलने वाला नेता बताया।
  • गहलोत ने पाकिस्तान पर अपने बयान का स्पष्टीकरण दिया।

News In Detail

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज जयपुर में मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखे राजनीतिक बाण छोड़े। गहलोत ने जहां एक ओर राजस्थान बीजेपी की आंतरिक खींचतान को सार्वजनिक तमाशा करार दिया, वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक भूमिका और महिला आरक्षण के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।



वसुंधरा को सफाई की जरूरत नहीं

राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया पर की गई बयानबाजी पर गहलोत ने कहा कि राजे को किसी स्पष्टीकरण की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जनता उनकी भावनाएं समझती है। उन्होंने तंज कसा कि जो पार्टी कांग्रेस में गुटबाजी ढूंढती थी आज उसके अपने ही अध्यक्ष अपनी वरिष्ठ नेता के कद पर सवाल उठा रहे हैं। गहलोत ने इसे बीजेपी का नैतिक पतन और सड़क पर आई दुर्गति बताया।



मदन राठौड़ को अच्छा बताया, फिर घेरा

गहलोत ने पहले मदन राठौड़ को व्यक्तिगत तौर पर अच्छा बताया, लेकिन फिर तुरंत कहा, जब ऊपर से (पार्टी का) दबाव होता है, तो पता नहीं वे क्या बोल जाते हैं। भाजपा के भीतर जिस तरह का विरोधाभास दिख रहा है, वह राजस्थान के विकास और राजनीतिक गरिमा के लिए ठीक नहीं है। यानी, गहलोत ने राठौड़ को आदेश पर बोलने वाला नेता करार दे दिया।



कूटनीतिक चूक, अवसर पाकिस्तान ने लपका

इज़राइल-ईरान तनाव का जिक्र करते हुए गहलोत ने केंद्र की विदेश नीति को दिशाहीन बताया। उन्होंने दुख जताया कि जिस शांति मध्यस्थता के लिए दुनिया कभी नई दिल्ली की ओर देखती थी, आज उस भूमिका में पाकिस्तान जैसे देश की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमने वैश्विक मंच पर एक बड़ा अवसर गंवा दिया। जो आभामंडल इंदिरा गांधी के समय भारत का था वह आज नदारद है।



तो फिर 3 साल की चुप्पी क्यों?

गहलोत ने सोनिया गांधी के विजन का हवाला देते हुए महिला आरक्षण बिल के लागू होने में हो रही देरी पर सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि यदि बिल 2023 में पारित हो गया था तो इसके कार्यान्वयन को तीन साल तक क्यों टाला जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इसे केवल चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है, जबकि कांग्रेस इसे तुरंत लागू करने के पक्ष में है।



एकजुट है कांग्रेस, हमारी वापसी तय

अपनी पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते हुए गहलोत ने दावा किया कि राजस्थान कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की उपस्थिति में उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से अगली बार फिर कांग्रेस की ही सरकार आएगी।



ये भी पढ़ें:-

हर बार जरूरी थोड़ी है कि सीएम बना जाए, मदन राठौड़ के बयान पर वसुंधरा का जवाब-मेरा खिलाफ साजिश



मदन राठौड़ ने गहलोत से क्यों कहा, इंतजार शास्त्र सीरीज छोड़कर संतोष शास्त्र अपना लेना चाहिए



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ बोले, कांग्रेसियों के कान मरोड़ दो, इन्होंने सिर्फ अपना घर भरा है



मेरा ही चला गया...तो मैं तुम्हारे लिए क्या करूं, जानिए बार-बार क्यों छलक रहा वसुंधरा राजे का दर्द?





Tags:
  • अशोक गहलोत
  • पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया
  • राजस्थान भाजपा
  • मदन राठौड़
  • राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़