पुलिस के साये में निकली बारात, प्रशासन की सख्ती से दबंगों की धमकी हुई फेल

Jageshwar prasad | Apr 21, 2026, 15:50 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के भरतपुर जिले में एक दलित परिवार की बेटी की शादी में दबंगों द्वारा बारात को मुख्य रास्ते से नहीं जाने देने की धमकी दी गई थी, लेकिन प्रशासन की सख्ती से पुलिस बल के साथ बारात उसी रास्ते से निकाली गई।

News In Short

  • भरतपुर में प्रशासन की सक्रियता से दबंगों की 'नो एंट्री' धमकी हुई फेल।
  • पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी और मुख्य मार्ग से निकाली गई बारात।
  • परंपरा के नाम पर दबंगों ने मुख्य मार्ग बंद करने की धमकी दी थी।
  • धमकी के बाद पिता ने SDM के पास शिकायत की और सुरक्षा मांगी।
  • पुलिस प्रशासन की सख्ती के बाद शादी शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

News In Detail

Bharatpur: राजस्थान के भरतपुर जिले के सज्जन बास गांव में अलग तरह का मामला सामने आया है। यहां एक दलित परिवार की बेटी की शादी में बाधा डालने की कोशिश कर रहे दबंगों के मंसूबों पर प्रशासन ने पानी फेर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बारात उसी मुख्य रास्ते से निकाली गई, जिसे अघोषित परंपरा के नाम पर दबंगों ने बंद करने की धमकी दी थी।



क्या है मामला?

मामला विजेंद्र जाटव की बेटी माधुरी की शादी से जुड़ा है। विजेंद्र का आरोप था कि गांव के कुछ रसूखदार लोग उन्हें गांव के मुख्य रास्ते से बारात ले जाने से रोक रहे थे। गांव की पुरानी परंपरा का हवाला देते हुए दबाव बनाया गया कि बारात मुख्य मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से निकाली जाए।



विजेंद्र के अनुसार, जिस दूसरे रास्ते का दबाव बनाया जा रहा था, वहां भारी कीचड़ जमा था और बारात का निकलना लगभग असंभव था। मुख्य रास्ते से जाने पर बारात नहीं चढ़ने देने और अनहोनी की खुली धमकी दी गई थी।



SDM के पास पहुंचा पिता, तो हरकत में आया प्रशासन

बेटी की शादी में किसी विघ्न की आशंका से डरे पिता विजेंद्र ने हिम्मत दिखाई और सीधे उपखंड अधिकारी (SDM) से सुरक्षा की गुहार लगाई। प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए तुरंत आदेश जारी किए।



सोमवार शाम बारात निकासी से पहले ही रूपवास थानाधिकारी विनोद मीणा के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार अमित शर्मा खुद मौके पर डटे रहे।



शान से निकली बारात, पीछे हटे दबंग

पुलिस की वर्दी और प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती देख विरोध करने वाले असामाजिक तत्व शांत हो गए। पुलिस के साये में बैंड-बाजे के साथ माधुरी की बारात गांव के मुख्य रास्ते से शान से निकली। पुलिसकर्मी तब तक गांव में तैनात रहे जब तक कि निकासी की सभी रस्में शांतिपूर्वक संपन्न नहीं हो गईं।



रूपवास थानाधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व एक परिवार को मुख्य रास्ते से बारात ले जाने पर धमका रहे हैं। कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और बिना किसी तनाव के बारात शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।



ये भी पढ़ें:-

पेपर लीक मामले में SOG को मिली बड़ी सफलता, फरार कोचिंग संचालक भीम सिंह को किया गिरफ्तार



जबरन जंग में धकेल दी भारतीय जिंदगियां, 5 के शव आए, 15 का अब तक सुराग नहीं



वसुंधरा राजे के वायरल पत्र ने सियासत में मचाई हलचल, तीन कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में



RPSC लाइब्रेरियन भर्ती: 'गुड एकेडमिक रिकॉर्ड' के फेर में फंसी नियुक्तियां; 2 साल बाद भी साक्षात्कार का इंतज़ार



Tags:
  • दलित
  • भरतपुर
  • रसूखदार
  • SDM
  • दलित परिवार की बेटी की शादी