होटल के कमरे में रिश्वत लेते पकड़ा गया पुलिसकर्मी, वर्दी की जेब से निकले 50 हजार
समझें क्या है पूरा मामला
- MP का हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार, 50 हजार रिश्वत ले रहा था, ACB ने होटल में दबोचा।
- धोखाधड़ी मामले में मदद के बदले मांगे थे 1.10 लाख, पहले ले चुका था 10 हजार।
- भीलवाड़ा होटल में किया ट्रैप, वर्दी की जेब से बरामद हुई रकम।
- पुलिसकर्मी ने दी थी धमकी- रुपए नहीं दिए तो हथकड़ी लगाकर घुमाऊंगा।
- ACB ने गोपनीय रूप से डेरा डालकर, रिश्वत लेते ही किया गिरफ्तार।
भीलवाड़ा एसीबी (Anti Corruption Bureau) ने मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में तैनात हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर एक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार व्यक्ति के भाई से मारपीट न करने और जांच में सहयोग के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए मांगने का आरोप है।
वह पहले 10 हजार रुपए ले चुका था और शेष राशि में से 50 हजार रुपए लेने भीलवाड़ा के एक होटल में पहुंचा था, जहां एसीबी ने पहले से जाल बिछा रखा था।
क्या था पूरा मामला?
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि यह मामला रतलाम के 80 फीट रोड निवासी व्यापारी रतन जांगिड़ की शिकायत से जुड़ा था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि भीलवाड़ा के जूनावास निवासी मोहम्मद लियाकत (70) ने रतलाम में बंद पड़ी ऑयल मिल और जमीन का 11 करोड़ 10 लाख रुपए में सौदा कर 25 लाख 76 हजार रुपए ले लिए।
लेकिन न तो जमीन का अनुबंध कराया और न ही मालिक से मुलाकात कराई। इस शिकायत पर रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी लियाकत को जांच के लिए रविवार को भीलवाड़ा लाया गया था।
जांच अधिकारी ने ही मांगी रिश्वत
भीलवाड़ा एसीबी-द्वितीय को शिकायत मिली कि इस मामले की जांच कर रहे हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई परिवादी से रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि गोसाई ने आरोपी लियाकत के साथ मारपीट न करने और जांच में सहयोग के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए की मांग की थी। वह पहले ही लियाकत के भाई से 10 हजार रुपए ले चुका था।
हथकड़ी से घुमाने की धमकी दी
आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने धमकी दी थी कि अगर बाकी रकम नहीं दी गई तो वह लियाकत को हथकड़ी लगाकर शहर में घुमाएगा और उसकी इज्जत खराब करेगा।
इसी दबाव में परिवादी 50 हजार रुपए लेकर भीलवाड़ा के सर्किट हाउस के पास स्थित एक होटल में पहुंचा, जहां गोसाई अपनी तीन साथियों की टीम के साथ ठहरा हुआ था।
अलग कमरे में बुलाकर ली रिश्वत
एसीबी महानिदेशक ने बताया कि ट्रैप के दौरान हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई होटल के कमरा नंबर 104 में अपनी टीम से अलग ठहरा हुआ था। उसने परिवादी को इसी कमरे में रुपए लेकर बुलाया। जबकि उसके साथ आए एएसआई (Assistant Sub Inspector) समेत चार अन्य पुलिसकर्मी कमरा नंबर 105 में रुके हुए थे।
वर्दी की जेब से मिले 50 हजार रुपए
डिप्टी एसपी (Deputy Superintendent of Police) नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में एसीबी टीम ने होटल में ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही गोसाई ने परिवादी से 50 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
तलाशी में रिश्वत की पूरी राशि उसकी पहनी हुई पुलिस वर्दी की पैंट की जेब से बरामद हुई।
आगे की कार्रवाई जारी
एसीबी ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की विस्तृत जांच जारी है।
ये भी पढ़े:-
ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की घूस लेते लेखा सहायक गिरफ्तार, BCMO फरार
ACB DG की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल, किरोड़ी के ACB दौरे से जोड़ी जा रही
जोधपुर में गहलोत का बड़ा हमला, RSS से लेकर ACB तक निशाने पर
ACB दफ्तर जाना मेरी भूल, जांच पर पूरा भरोसा, मंत्री किरोड़ी के बदले सुर