मोदी का मास्क पहनकर चोरी, शॉप से 40 स्मार्टफोन चुराए
समझें क्या है पूरा मामला
- PM मोदी का मुखौटा पहनकर चोरी, शॉप से चुराए 35-40 स्मार्टफोन।
- घटना सीसीटीवी में कैद, 4-5 लाख के मोबाइल हुए चोरी।
- भीलवाड़ा के करेड़ा बस स्टैंड पर स्थित मोबाइल शॉप की है घटना।
- पुलिस ने मामला दर्ज किया, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश जारी।
भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में चोरों ने एक हैरान करने वाली वारदात को अंजाम दिया। सोमवार मध्यरात्रि को बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल शॉप पर धावा बोलकर चोरों ने करीब 35 से 40 स्मार्टफोन चुरा लिए। इनकी कीमत लगभग 4 से 5 लाख रुपए आंकी गई है।
चोरों में से एक ने अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहन रखा था, जो CCTV (Closed Circuit Television) फुटेज में साफ नजर आया।
सुबह दुकान खोली तो उड़े होश
करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि दुकान मालिक लक्ष्मण सेन को चोरी का पता मंगलवार सुबह तब चला जब उसने रोज की तरह अपनी दुकान खोली। अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
पूरा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और मोबाइल के डिब्बे खाली पड़े थे। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मुखौटे में कैद हुआ चोर
जब पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक चोर साफ तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाए हुए दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर पुलिस और स्थानीय लोग भी हैरान रह गए।
उसी रात दूसरी दुकान भी बनी निशाना
दिलचस्प बात यह है कि इसी गैंग ने उसी रात कस्बे के बीज गोदाम चौराहा स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान का शटर तोड़ने का भी प्रयास किया था। वहां लगे CCTV फुटेज में भी वही शख्स हूबहू मुखौटा पहने शटर का ताला तोड़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। हालांकि इस दुकान में चोरी सफल नहीं हो पाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
करेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि दुकानदार लक्ष्मण सेन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
अब आगे क्या?
पुलिस आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने के रास्ते और पहचान का पता लगाया जा सके। गिरोह में कितने लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े:-
एक लाख में एग्जाम देने वाला डमी गिरफ्तार, SOG ने रखा था 10 हजार का इनामी
देशी घी के मालपुए पर अड़े पंच, 43 परिवारों का हुक्का-पानी बंद
जैसलमेर में घड़ियाल का अनोखा नजारा, ग्रामीण डरे, वन विभाग ने बताया सच
ट्रांसफर के लिए बना फर्जी डिप्टी CM, अधिकारियों को घुमाया फोन, जांच में खुली पोल