बीड़ी के पांच बंडल रखने पर गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर लोगों का तंज-पुलिस की 'दुर्लभ' उपलब्धि
Churu. राजस्थान पुलिस ने एक ऐसी 'दुर्लभ' उपलब्धि हासिल की है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। यह उपलब्धि चूरू जिले में सुजानगढ़ के एक सरकारी अस्पताल के पास चाय के खोखे यानी गुमटी में बीड़ी रखने पर दुकानदार की गिरफ्तारी की है।
यह गिरफ्तारी इतनी 'बड़ी' मानी जा रही है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने लायक बता रहे हैं, तो कुछ लोग डीजीपी से पूरे थाने को पदोन्नति देने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना कि पांच बंडल बीड़ी के साथ दुकानदार मोहम्मद सरदार खान (60) को गिरफ्तार करने की यह कार्रवाई एक नियमित गश्त का हिस्सा थी।
तांत्रिक की प्रेम कहानी से जुड़ा है राजस्थान का भानगढ़ किला, एक श्राप से आज तक पड़ा है वीरान
ऐसे समझें पूरा मामला
बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राजकीय फतेहपुरिया मातृ शिशु कल्याण केंद्र के पास धुम्रपान सामग्री बेची जा रही है। सुजानगढ़ कोतवाली के एसआई पप्पूराम ने टीम के साथ अस्पताल के पास चाय के एक खोखे पर दबिश दी। जब इस खोखे की तलाशी ली, तो उन्हें 5 बंडल बीड़ी मिली। इसके तुरंत बाद जसवंतगढ़ गांव के रहने वाले 60 साल के दुकानदार मोहम्मद सरदार खान को हिरासत में लिया गया।
एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "सरदार खान काफी समय से इस छोटे से खोखे में चाय-नाश्ते के साथ ही धुम्रपान सामग्री बेच रहे थे। हमने राजस्थान धूम्रपान अधिनियम 2000 के तहत मामला दर्ज कर दुकानदार की गिरफ्तारी कर ली है।
राजस्थान में बीसलपुर डेम की 9 प्रतिशत बढ़ेगी भराव क्षमता, 68 गांवों की 350 हेक्टेयर जमीन डूबेगी
पुलिस बोली, कानून सबके लिए बराबर
फिलहाल, आरोपी मोहम्मद सरदार खान पुलिस की गिरफ्त में है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि यह मामला बताता है कि पुलिस की प्राथमिकता अब क्या रह गई है। क्षेत्र में नशे का सामान खूब बिक रहा है। लेकिन, पुलिस ने बड़े मगरमच्छ छोड़कर अपनी आजीविका के लिए चाय का खोखा चलाने वाले को पकड़ा है।
राजस्थान में रिफाइनरी को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी, 35 साल बाद दौड़ेगी पचपदरा-बालोतरा रेल
उधर, पुलिस का कहना है कि कानून सबके लिए बराबर है और किसी को भी धूम्रपान अधिनियम का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अपराध छोटा हो या बड़ा, पुलिस की नजर में अपराध ही है। इस मामले की जांच एक एसआई स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।