मृतक पहुंचा रजिस्ट्री करवाने, वारिसों ने पकड़ा जमीन रजिस्ट्री में फर्जीवाड़ा
समझें क्या है पूरा मामला
- बीकानेर में जमीन रजिस्ट्री के दौरान फर्जीवाड़ा।
- मृत व्यक्ति बनकर रजिस्ट्री कराने पहुंचा फर्जी।
- असली वारिसों ने पकड़ा, आधार-पैन भी जाली।
- फर्जी ने बताया- मुझे लाए थे, मेरे नाम जमीन नहीं।
- चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज।
राजस्थान के बीकानेर जिले के खाजूवाला उप-रजिस्ट्रार कार्यालय में फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भू-माफियाओं ने एक मृत व्यक्ति के नाम दर्ज जमीन को बेचने की कोशिश की। जिसमें एक अन्य बुजुर्ग को फर्जी विक्रेता बनाकर उप-रजिस्ट्रार के समक्ष पेश कर दिया।
तहसीलदार हरीश कुमार टाक ने बताया कि 27 जुलाई को चक 6 बीजीएम स्थित जमीन के दो बैनामे (सेल डीड) रजिस्ट्री के लिए प्रस्तुत किए गए थे। इन दस्तावेजों में दानाराम पुत्र गिरधारीराम को विक्रेता और वेदप्रकाश पुत्र सूजाराम को खरीदार दर्शाया गया था।
असली वारिसों के पहुंचते ही खुली पोल
रजिस्ट्री की प्रक्रिया चल ही रही थी कि इसी दौरान असली दानाराम के वास्तविक वारिसों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर लिखित आपत्ति दर्ज कराई।
वारिसों ने बताया कि जमीन के असली मालिक दानाराम पुत्र गिरधारीराम की काफी समय पहले ही मृत्यु हो चुकी है और सामने खड़ा व्यक्ति पूरी तरह फर्जी है।
आपत्ति मिलने के बाद जब अधिकारियों ने दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की, तो रजिस्ट्री के लिए पेश किए गए आधार कार्ड और पैन कार्ड पूरी तरह फर्जी पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला सच
अधिकारियों की सख्त पूछताछ में फर्जी विक्रेता बने बुजुर्ग ने सच उगल दिया। उसने अपना नाम दानाराम पुत्र भींवाराम निवासी सोनपालसर (सरदारशहर) बताया।
उसने खुलासा किया कि राऊराम पुत्र सूजाराम और अन्नाराम पुत्र मांगीलाल उसे लालच देकर खाजूवाला तहसील कार्यालय लाए थे। उसके पास स्वयं के नाम पर कोई जमीन नहीं है और उसे असली दानाराम बनाकर पेश किया गया था।
चार लोगों पर एफआईआर दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाजूवाला पुलिस ने तहसीलदार की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आरोपी दानाराम पुत्र भींवाराम, राऊराम, अन्नाराम और खरीदार वेदप्रकाश के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज (फर्जी कागजात) तैयार करने, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच एसआई कोहरसिंह को सौंपी गई है और मामले में शामिल अन्य कड़ियों को तलाशा जा रहा है।
ये भी पढ़ें:-
पहले धर्म परिवर्तन कराया, फिर सीलिंग से बचाया, अब कर दिया एससी की जमीन का सौदा
होटल को नहीं मिलेगी कीमती जमीन, सिंगल बेंच के आदेश पर लगी रोक
सिनेमा के लिए मिला भूखंड, जेडीए ने रद्ध किया आवंटन, 30 साल बाद आया कोर्ट में
द्रव्यवती नदी की जमीन पर भू-माफिया का कब्जा, जेडीए सचिव ने मंगवाया रिकार्ड