आज की तारीख में एक भी ट्रोमा सेंटर सही नहीं, कैग के हवाले से भाजपा विधायक ने अपनी सरकार की खोली पोल

Ashish Bhardwaj | Apr 18, 2026, 18:06 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में भाजपा विधायक गोपाल शर्मा ने कैग रिपोर्ट के हवाले से अपनी सरकार की पोल खोली है। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में राजस्थान में एक भी ट्रोमा सेंटर सही नहीं है।

News In Short

  • विधायक गोपाल शर्मा ने कैग रिपोर्ट के हवाले से अपनी सरकार की खोली पोल।
  • भाजपा विधायक का सरकारी सिस्टम पर सवाल उठाने का वीडियो हो रहा वायरल।
  • बोले, आज की तारीख में राजस्थान में एक भी ट्रोमा सेंटर सही नहीं है।
  • गोपाल शर्मा ने कहा, सिस्टम में भ्रष्टाचार नस-नस में समाया हुआ है।
  • जल जीवन मिशन के तहत राजस्थान में करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिए।

News In Detail

Jaipur: राजस्थान में भाजपा विधायक गोपाल शर्मा ने अपनी ही सरकार के प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जयपुर की हाई-प्रोफाइल सिविल लाइंस विधानसभा सीट से विधायक गोपाल शर्मा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते हुए दिख रहे हैं कि सिस्टम में भ्रष्टाचार नस-नस में समाया हुआ है।



एक दिन में ईमानदारी संभव नहीं

विधायक गोपाल शर्मा ने इस वीडियो में सिस्टम की कड़वी सच्चाई को स्वीकार करते हुए कहते हैं कि भ्रष्टाचार का जाल इतना गहरा है कि इसे रातों-रात खत्म करना नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि



राजस्थान के सिस्टम के अंदर भ्रष्टाचार रग-रग में भरा हुआ है। अगर हम यह सोचें कि एक दिन में सारे अधिकारी और कर्मचारी ईमानदार हो जाएंगे, तो यह संभव नहीं है। यह बुराई उनकी रगों में बहुत अंदर तक पैठ बना चुकी है।



पहले ​जल जीवन मिशन पर गुस्सा निकाला

अपने दावों को पुख्ता करने के लिए गोपाल शर्मा ने दो प्रमुख उदाहरण पेश किए, जो सीधे तौर पर आम जनता की जरूरतों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत राजस्थान में करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिए गए, लेकिन धरातल पर परिणाम शून्य हैं। जनता आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, जबकि कागजों पर भारी खर्च दिखाया जा चुका है।



कैग के हवाले से ट्रोमा सेंटर पर बोले

भाजपा विधायक ने भारत सरकार के महालेखाकार (CAG Report) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि राजस्थान में एक भी ट्रोमा सेंटर सही स्थिति में नहीं है। यह सीधे तौर पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में हो रही लापरवाही और संसाधनों की बंदरबांट की ओर इशारा करता है।



​पत्रकारिता से राजनीति तक का बेबाक सफर

गोपाल शर्मा की पहचान राजस्थान में एक ऐसे पत्रकार के रूप में रही है, जो जनहित के मुद्दों पर कभी समझौता नहीं करते। पहली बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुनकर राजस्थान विधानसभा पहुंचे शर्मा ने सत्ता में होने के बावजूद अपनी बेबाकी बरकरार रखी है।



राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका यह बयान सरकार के लिए एक आईना है, जो यह बताता है कि केवल सत्ता परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन नहीं होता।



छेड़ी नई ​बहस

​विधायक गोपाल शर्मा के इस बयान ने राजस्थान की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब सत्ता पक्ष का ही एक जिम्मेदार विधायक सिस्टम को भ्रष्ट बता रहा है तो आम आदमी की सुनवाई कहां होगी? अब देखना यह है कि विधायक का यह बयान सिस्टम की सफाई के लिए सरकार पर कितना असर करेगा।



ये भी पढे़:-

प्रेमानंद महाराज को किस आईपीएस अधिकारी ने बताया अंधविश्वासी, जानिए क्या-क्या कहा



क्या खुद को सीएम का साला बताने वाला प्रमोद शर्मा गिरफ्तार होगा या सरकार की छवि चमकाने का इवेंट?



RAS 2024 का रिजल्ट जारी, बाड़मेर के दिनेश विश्नोई बने टॉपर, वीरेंद्र चारण दूसरे स्थान पर



एसआई भर्ती 2021 रद्द करने के खिलाफ सुप्रीम-कोर्ट पहुंचे सलेक्टेड सब-इंस्पेक्टर



Tags:
  • राजस्थान विधानसभा
  • भाजपा विधायक
  • भारत सरकार
  • CAG report
  • पत्रकार
  • विधायक गोपाल शर्मा