शिक्षक के तबादले पर फूट-फूट कर रोए बच्चे, विपक्ष ने उठाए सवाल

Jageshwar prasad | Aug 16, 2026, 11:09 IST
सर, मत जाओ...' स्कूल में शिक्षक के तबादले के दौरान बच्चों ने किया इमोशनल
डूंगरपुर के गड़ा वाटेश्वर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक राजेश कोटेड के तबादले के दौरान छात्र-छात्राएं बेहद भावुक हो गए। बच्चों के बिलख-बिलख कर रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

समझें क्या है पूरा मामला

  • डूंगरपुर में शिक्षक के तबादले पर बच्चों का के रोने का वीडियो वायरल।
  • बिलख-बिलख कर रोए बच्चे बोले- 'सर, मत जाओ...'।
  • वायरल वीडियो के बाद राजस्थान की राजनीति में हलचल।
  • डूंगरपुर के सांसद ने लगाया राजनीतिक दबाव का आरोप।
  • शिक्षक राजेश कोटेड के तबादले पर कांग्रेस ने भी उठाए सवाल।

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक शिक्षक के तबादले ने पूरे राज्य का ध्यान खींचा है। गड़ा वाटेश्वर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक राजेश कोटेड का तबादला हो गया। जब वे विद्यालय से जाने लगे तो छात्र-छात्राएं उनसे लिपटकर रोने लगे और उन्हें रोकने की कोशिश करने लगे।



बच्चों के इस भावुक दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि यह तबादला राजनीतिक दबाव में करवाया गया है।



वीडियो में क्या दिखा?

वायरल वीडियो में बच्चे शिक्षक राजेश कोटेड को अपने स्कूल में रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। कई बच्चे उनसे लिपटकर रो रहे हैं और कह रहे हैं, 'सर, मत जाओ।'



बच्चों की इस प्रतिक्रिया ने साफ किया है कि उनका अपने शिक्षक से गहरा जुड़ाव था। शिक्षक भी बच्चों को संभालते हुए भावुक नजर आ रहे हैं।



विपक्ष ने क्या कहा?

BAP सांसद राजकुमार रोत ने आरोप लगाया कि शिक्षक राजेश कोटेड का तबादला राजनीतिक स्वार्थों के चलते करवाया गया है। उन्होंने कहा कि कोटेड अपनी वेतन राशि से आदिवासी विद्यार्थियों की जरूरतें पूरी करते थे और बच्चों की पढ़ाई के प्रति समर्पित थे।



रोत ने सवाल उठाया कि क्या आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों के हित में काम करने वाले शिक्षकों को राजनीतिक हस्तक्षेप का सामना करना पड़ेगा?



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिक्रिया स्पष्ट करती है कि शिक्षक और बच्चों के बीच गहरा रिश्ता था। उन्होंने सरकार से तबादले के फैसले को लेकर जवाब मांगा है।



सरकार या भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और विपक्ष के तीखे हमलों के बाद भी सरकार या भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला अब स्थानीय स्कूल से निकलकर राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया है।



ये भी पढ़ें:-

प्रेमचन्द बैरवा का नाम इस्तेमाल कर तबादला मांगा, कोर्ट में भेजी फाइल



थप्पड़ कांड से चर्चित दो पत्नियों वाले RAS अफसर छोटू लाल शर्मा का तबादला



निकाय चुनाव से पहले शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 66 अधिकारियों के किए तबादले



183 RAS अफसरों के तबादले, अजमेर में भरत राज, प्रवीण गुगरवाल को नई जिम्मेदारी





Tags:
  • वीडियो वायरल
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा
  • सोशल मीडिया
  • तबादले
  • BAP सांसद राजकुमार रोत
  • डूंगरपुर