कौन हैं IAS विकास मरमत? बेंगलुरु पब विवाद में पद से हटाए गए, जानिए राजस्थान से उनका क्या है कनेक्शन
IAS Vikas Marmat Controversy: महज 23 साल की उम्र में संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC की परीक्षा पास कर आईएएस बने जयपुर के विकास मरमत (IAS Vikas Marmat) एक विवाद के कारण इन दिनों चर्चा में हैं। बेंगलुरु के एक पब में पुलिस से बदसलूकी और मारपीट की कोशिश के आरोप में विकास के खिलाफ एफआईर दर्ज हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने उन्हें मौजूदा पद से हटा दिया है।
मरमत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) के विधानसभा क्षेत्र कुप्पम में ही तैनात थे। अब उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है। आखिर IAS विकास मरमत कौन हैं और बेंगलुरु के पब में ऐसा क्या हुआ था कि उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो गई और आंध्र प्रदेश सरकार ने उन्हें पद से भी हटा दिया।
बेंगलुरु के पब में IAS विकास मरमत के साथ क्या हुआ था?
बेंगलुरु के रेजीडेंसी रोड स्थित कैवोर बार एंड रेस्तरां में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की टीम 10 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे अचानक जांच करने पहुंची थी। पुलिस यह देख रही थी कि कहीं नाबालिगों को शराब तो नहीं परोसी जा रही। इसके लिए वहां मौजूद लोगों के पहचान पत्र और उम्र की जांच की जा रही थी। टीम की अगुआई इंस्पेक्टर अरुण सालुंके कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद IAS विकास मरमत और उनके साथियों की पुलिस से बहस हो गई।
सेंट्रल क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का आरोप है कि आईएएस अधिकारी मरमत (IAS Vikas Marmat) और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों को गालियां दीं। उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने की कोशिश भी की। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को अपना काम करने से रोका।
IAS विकास मरमत समेत 4 के खिलाफ FIR दर्ज
घटना के बाद बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में विकास मरमत और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इनमें रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, बिहार में कोचिंग सेंटर चलाने वाले नीतीश और बाउंसर रोशन शामिल हैं। पुलिस ने मरमत को मुख्य आरोपी बनाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें पुलिस और वहां मौजूद लोगों के बीच बहस होती दिख रही है। हालांकि, मारपीट और बदसलूकी के आरोपों की जांच अभी चल रही।
वीडियो वायरल हो ने के बाद पद से हटाए गए IAS विकास मरमत
IAS विकास मरमत का पब में पुलिसकर्मियों से विवाद का वीडियो सामने आने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मुख्य सचिव से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी। इसके बाद 14 अक्टूबर को सरकार ने विकास मरमत को कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पद से हटा दिया। उन्हें अगली पोस्टिंग मिलने तक सामान्य प्रशासन विभाग में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया। कुप्पम मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का विधानसभा क्षेत्र भी है। इसलिए वहां तैनात IAS अधिकारी का इस तरह विवाद में आना आंध्र प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया।
IAS विकास मरमत कौन हैं, राजस्थान से क्या कनेक्शन?
विकास मरमत (Who is IAS Vikas Marmat) मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के हैं। उनका जन्म 25 मार्च 1996 को हुआ था। वह आंध्र प्रदेश कैडर के 2019 बैच के IAS अधिकारी हैं। उनके पिता ने जीएसटी विभाग में करीब 36 साल नौकरी की और पिछले साल ही रिटायर हुए हैं। उनकी बहन राधिका मरमत डॉक्टर हैं। मरमत ने कम उम्र में ही पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा में अपनी पहचान बनाई। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का फैसला किया।
IIT कानपुर और JNU से की पढ़ाई
विकास मरमत ने आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स किया था। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2018 में अपने पहले ही कोशिश में सफलता हासिल की। उनकी ऑल इंडिया रैंक 473 थी। तब उनकी उम्र 23 साल ही थी। पहले प्रयास में UPSC पास करने और IIT से पढ़ाई करने के कारण उनकी सफलता की कहानी भी चर्चा में रही थी।
IAS विकास आंध्र प्रदेश में किन पदों पर कर चुके काम?
यूपीएसी परीक्षा पास करने और ट्रेनिंग के बाद विकास मरमत को 2019 में आंध्र प्रदेश कैडर मिला था। उन्होंने वाईएसआर कडपा जिले में असिस्टेंट कलेक्टर के तौर पर काम किया है। इसके बाद वे श्रीकाकुलम में सब-कलेक्टर और नेल्लोर नगर निगम में म्यूनिसिपल कमिश्नर जैसे पदों पर भी रहे। हाल में उन्हें कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी में प्रोजेक्ट डायरेक्टर की जिम्मेदारी मिली थी। यहां उनकी टीम को विकास से जुड़े एक प्रोजेक्ट के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच (SKOCH Award) अवॉर्ड भी मिला था।
प्रशासनिक काम के अलावा विकास मरमत की दिलचस्पी साहित्य और संगीत में भी है। उन्हें कविताएं लिखने का भी शौक है। उन्होंने अंग्रेजी कविताओं की एक किताब Where Do You Fall Apart? : Poems of Love, Heartbreak and Hope भी लिखी है। इस वक्त उनकी चर्चा इन उपलब्धियों के बजाय बेंगलुरु के पब विवाद को लेकर हो रही। आंध्र प्रदेश सरकार उन्हें पद से हटा चुकी है, जबकि बेंगलुरु पुलिस मामले की जांच कर रही ।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पब में उस रात आखिर क्या हुआ था और IAS विकास मरमत की पुलिसकर्मियों से बहस क्यों हुई। मरमत को पद से हटाया जा चुका है, लेकिन उन पर लगे आरोपों की जांच अभी जारी है। आगे क्या कार्रवाई होगी, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा।