जेल से वायरल हुआ था पार्टी वीडियो, अब दूध की थैली में मिला मोबाइल
समझें क्या है पूरा मामला
- चित्तौड़गढ़ जेल में दूध की थैली में छिपा मिला मोबाइल।
- 2 दिन पहले वायरल हुआ था जेल में पार्टी का वीडियो।
- लोहे के जाल के पास मिला मोबाइल, पुलिस कर रही जांच।
- जेल प्रहरी ने जब्त किया मोबाइल, दर्ज हुआ मामला।
- मोबाइल मिलने से जेल प्रशासन पर उठे सवाल।
चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह एक बार फिर विवादों के घेरे में है। दो दिन पहले जेल के अंदर बंद खूंखार अपराधियों की पार्टी और दावत का वीडियो सामने आया था जिससे हड़कंप मच गया था।
अब जेल परिसर के भीतर दूध की थैली में छिपाकर रखा गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और सघन चेकिंग के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टॉयलेट के पास लोहे के जाल में छिपा था फोन
जेल प्रशासन द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान बी वार्ड की बैरक नंबर 8 और 9 के बीच बने आखिरी टॉयलेट्स की दीवार पर लोहे का जाल लगा मिला।
इसी जाल के पास दूध की एक थैली में पन्नी से लिपटा हुआ कैचौड़ा कंपनी का सिल्वर रंग का मोबाइल फोन और उसकी बैटरी छिपाकर रखी गई थी। मौके पर तैनात जेल प्रहरी सीताराम बैरवा ने मोबाइल को तुरंत जब्त किया और अधिकारियों को सूचित किया।
दो दिन पहले सामने आया था दावत का वीडियो
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही इसी जेल के अंदर के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
उन वीडियो में रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह की हत्या के आरोपी जेल के भीतर बेखौफ होकर दाल-बाटी खाते, डांस करते और पार्टी मनाते नजर आए थे।
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन पर कैदियों को वीआईपी सुविधाएं देने के गंभीर आरोप लगे थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, कॉल डिटेल की पड़ताल
जेल अधीक्षक के निर्देश पर जेल प्रहरी वेदराम की लिखित रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने राजस्थान कारागार अधिनियम, 2015 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बरामद मोबाइल को पुलिस मालखाने में जमा कराया गया है। पुलिस अब इस बात की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल खंगाल रही है कि यह मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचा और इसके जरिए किन-किन लोगों से बातचीत की जा रही थी।
ये भी पढ़ें:-
जेल में कैदियों तक मोबाइल, तंबाकू-बीड़ी पहुंचाने की कोशिश, पुलिस ने की जांच शुरू
BJP में पूर्व जिलाध्यक्ष का निष्कासन नहीं, क्या हत्या के दोषी को मिल रहा संरक्षण
जिसे सरकार ने 10 दिन पहले दिया पद, उसे हत्या के जुर्म में मिली उम्रकैद
बर्थडे पार्टी में लड़की को थप्पड़ मारने पर दोस्त की हत्या, जेल से फरार थे आरोपी