हवेली की नींव से निकले सोने से भरे 15 कलश, मजदूरों ने आपस में बांटे
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर की पुरानी हवेली में खुदाई के दौरान खजाना मिलने का दावा सामने आया है।
- हवेली मालिक ने ठेकेदार और उसके साथियों पर खजाना बांटने का आरोप लगाया है।
- दावा है कि खजाने में 40-45 किलो की चांदी और सोने से भरे कलश मिले थे।
- पुलिस को मिले दो वीडियो में खजाने से जुड़ी बातचीत होने का दावा किया गया है।
- माणक चौक थाना पुलिस वीडियो और बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक पुरानी हवेली की खुदाई के दौरान खजाना मिलने का बड़ा दावा सामने आया है। हवेली मालिक का आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने यह खजाना आपस में बांट लिया।
परिवादी के मुताबिक इस खजाने में करीब 40 से 45 किलो चांदी की सिल्लियां शामिल थीं। इसके अलावा सोने के सिक्के से भरे 14 से 15 कलश भी मिले थे। साथ ही 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के भी बरामद हुए थे।
दो वीडियो बने अहम सबूत
परिवादी का दावा है कि उसके पास दो वीडियो मौजूद हैं। इन वीडियो में आरोपी खुद हवेली में मिले खजाने की बात करते नजर आ रहे हैं।
यह पूरा मामला जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित विद्याधर का रास्ता की एक हवेली का है। इस चोरी को लेकर 15 जुलाई को माणक चौक थाने में केस दर्ज कराया गया है।
6 महीने पहले दिया गया था ठेका
जानकारी के अनुसार परिवार ने हवेली में नया निर्माण कराने की योजना बनाई थी। इसके लिए करीब 6 महीने पहले डिवाइन-1 एलएलपी के माध्यम से ठेका दिया गया था।
हवेली की तोड़ाई का काम महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू को सौंपा गया था। परिवादी बापू नगर निवासी राहुल सेठी का कहना है कि उन्होंने ठेकेदार को पहले ही स्पष्ट कह दिया था। शर्त यह थी कि दीवारों, नींव या मलबे से कोई भी कीमती चीज मिले तो उसे परिवार को सौंपना होगा।
एक मजदूर ने ही खोला राज
शिकायत के अनुसार ठेकेदार ने अपने सहयोगियों अनुज, जगदीश, रजनी, रेहान, सुल्तान और पप्पू अजमेरा के साथ मिलकर पूरा खजाना गायब कर दिया। पुलिस के पास मौजूद दोनों वीडियो में से एक अनुज का है। दूसरा वीडियो महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू और उसके सहयोगी जगदीश का बताया जा रहा है।
दावा है कि इन वीडियो में मिली संपत्ति का सीधा जिक्र है। दिलचस्प बात यह है कि हवेली तोड़ने वाले मजदूरों में से ही एक ने मालिक को यह पूरा राज बताया, जिसके बाद यह मामला सामने आ सका।
सवा करोड़ से ज्यादा की थी चांदी
जानकारी के मुताबिक जो चांदी की सिल्लियां और सिक्के गायब हुए, उनकी मौजूदा बाजार भाव में कीमत सवा करोड़ रुपए से भी ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि सोने के वजन को लेकर अभी तक कोई ठोस अनुमान सामने नहीं आया है।
पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। वीडियो सबूतों और मजदूरों के बयान के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।
ये खबर भी पढे़:-
शिक्षकों की डेपुटेशन सूची में विषयों की अनदेखी, लॉ विवि भेजे गए फिजिक्स प्रोफेसर
बीज निगम रिश्वत कांड में इसी माह पेश होगी चार्जशीट, 2.44 करोड़ का है मामला
जमीन म्यूटेशन के नाम पर मांगी 1 लाख की रिश्वत, 75 हजार लेते पटवारी गिरफ्तार
HC ने पूर्व IAS संजय दीक्षित के खिलाफ CBI FIR निरस्त की, पासपोर्ट मामले में राहत