कंवरपुरा स्कूल विवाद: CJP और गांव वालों की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज, पुलिस जांच शुरू
समझें क्या है पूरा मामला
- कंवरपुरा के सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान विवाद हुआ था।
- CJP कार्यकर्ताओं का स्कूल जांचने को लेकर ग्रामीणों से विवाद हुआ था।
- दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई थी और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी हुई थी।
- दोनों पक्षों ने इस विवाद के बाद पुलिस में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है।
- शिवदासपुरा थाने में एफआईआर दर्ज हो गई, पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी।
जयपुर के बगरू विधानसभा के तहत आने वाले कंवरपुरा के सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को भारी बवाल हुआ था। कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता और ग्रामीण आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों में हाथापाई हुई थी। इतना ही नहीं, विवाद के दौरान गाड़ियों में भी तोड़फोड़ हुई थी। इसके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद दोनों तरफ से थाने में शिकायत दर्ज हुई।
इस मामले में DCP साउथ राजऋषि राज की देखरेख में शिवदासपुरा थाना अधिकारी राजेश गौतम ने दोनों पक्षों की FIR के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
कंवरपुरा के स्कूल निरीक्षण को लेकर हुआ था बवाल
यह विवाद तब सामने आया था, जब शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर आशुतोष रांका और उनके कार्यकर्ता कंवरपुरा के प्राथमिक स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस स्कूल को लेकर दावा किया गया था कि इसकी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है और सुरक्षा के लिहाज से ये स्कूल पास ही एक तबेले में चल रहा है।
कैसे शुरू हुआ CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच विवाद?
CJP की टीम जैसे ही गांव के अंदर दाखिल होने जा रही थी, तभी गांव वालों ने उन्हें रोक दिया और ये आरोप लगाया कि ये सब सियासी फायदे के लिए किया जा रहा है। देखते ही देखते बातचीत कहासुनी में बदल गई और जल्द ही मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान CJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट हुई। आशुतोष रांका को भी पीटा गया। कई गाड़ियों के कांच फोड़ दिए गए।
इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिवदासपुरा पुलिस थाने में दोनों तरफ से परस्पर FIR दर्ज हुई। CJP कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों पर जानलेवा हमला करने और वाहन के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं पर गांव का माहौल खराब करने और बिना अनुमति स्कूल में घुसकर अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं।
थाने पहुंचा विवाद, दर्ज हुई क्रॉस FIR
CJP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे सिर्फ जर्जर स्कूल भवन की स्थिति सामने लाने और बच्चों के हक की बात करने गए थे। उनके मुताबिक वहां पहले से मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया और गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए।
CJP प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ कंवरपुरा के जर्जर स्कूल की हकीकत जनता के सामने लाना था, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं के साथ दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराकर हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप बाहरी लोग बिगाड़ रहे थे माहौल
दूसरी तरफ कंवरपुरा के ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कराते हुए कहा कि गांव के स्कूल के विकास के लिए सरकार से पहले ही बजट स्वीकृत हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोग बिना अनुमति के स्कूल में वीडियो बना रहे थे और ग्रामीणों के साथ बदसलूकी कर रहे थे।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। DCP साउथ राजऋषि राज ने बताया कि कंवरपुरा मामले में शिवदासपुरा पुलिस थाने में दोनों पक्षों की तरफ से FIR दर्ज कर ली गई है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और शांति भंग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम अब दोनों FIR में दर्ज तथ्यों, मौके से मिले वायरल वीडियो और गवाहों के बयानों की जांच करेंगे। जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
FAQ
- CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच कंवरपुरा में विवाद कैसे शुरू हुआ?
CJP की टीम गांव के जर्जर सरकारी स्कूल का रिएलिटी चेक करने पहुंची थी। ग्रामीणों ने उन्हें रोका और पब्लिसिटी स्टंट का आरोप लगाया। इसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। - दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर क्या आरोप लगाए हैं?
कॉकरोच जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों पर जानलेवा हमला और गाड़ियों के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं पर बिना अनुमति स्कूल में घुसने का आरोप लगाया। - इस मामले में पुलिस क्या कर रही है?
शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम DCP साउथ राजऋषि राज की देखरेख में जांच कर रहे हैं। दोनों पक्षों की FIR, वायरल वीडियो और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच होगी।
यह खबरें भी पढ़ें...
CJP कार्यकर्ताओं की पिटाई पर विधानसभा में हंगामा, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
CJP ने शिक्षा मंत्री को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
सरकारी स्कूलों में प्रवेश पर रोक, अब CJP का 9 जिलों में स्कूल ठीक करो अभियान
मदन दिलावर को आशुतोष रांका की चुनौती,राजस्थान के 10 बेहतरीन स्कूल दिखाएं