1.50 लाख का सौदा, 500 रुपए का एग्रीमेंट, फिर कार में बैठकर गायब हुई दुल्हन

Jageshwar prasad | Aug 16, 2026, 14:30 IST
शादी का एग्रीमेंट होते ही 1.50 लाख लेकर दुल्हन समेत गैंग फरार
जयपुर में एक युवक को बिचौलियों ने 1.50 लाख रुपए में शादी करवाने का झांसा दिया। कोर्ट में एग्रीमेंट कराने के बाद दुल्हन बनी लड़की कार में बैठकर फरार हो गई। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को मामला दर्ज।

समझें क्या है पूरा मामला

  • 1.50 लाख में हुआ शादी का सौदा, कुछ घंटों बाद जयपुर में भागी दुल्हन।
  • कोर्ट मैरिज के नाम पर 500 रुपये के स्टाम्प पर कराए दस्तखत।
  • इसके बाद शाम होते ही चकमा देकर रफूचक्कर हुई दुल्हन।
  • 40 वर्षीय अविवाहित युवक को जालसाज गैंग ने लिया झांसे में।
  • बिचौलिए का टालमटोल, कोर्ट के हस्तक्षेप से दर्ज हुआ मामला।

जयपुर में शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। 40 साल के एक युवक को बिचौलियों ने 1.50 लाख रुपए लेकर शादी करवाने का झांसा दिया। कोर्ट में शादी का एग्रीमेंट करने के बाद दुल्हन बनी लड़की कार में बैठकर फरार हो गई।



पीड़ित को जब धोखे का एहसास हुआ तो उसने कोर्ट के आदेश पर शनिवार को जामडोली थाने में जालसाज गैंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।



कैसे हुआ पूरा खेल?

आगरा रोड निवासी 40 साल के युवक की शादी नहीं हो रही थी। मई 2026 में उसके एक रिश्तेदार ने बताया कि उसके एक परिचित विनोद ने पैसे लेकर उसकी शादी करवाई थी। रिश्तेदार ने पीड़ित को विनोद से मिलवाया।



विनोद ने शादी करवाने के एवज में 1.50 लाख रुपए मांगे। 26 मई को विनोद अपनी पत्नी और दो बिहारी लड़कियों के साथ पीड़ित के घर आया। पीड़ित ने एक लड़की को पसंद कर लिया और विनोद को 1.50 लाख रुपए दे दिए।



एग्रीमेंट के बाद क्या हुआ?

विनोद ने 26 मई को कोर्ट मैरिज के नाम पर पीड़ित को कलक्ट्रेट बुलाया। वहां 500 रुपए के स्टाम्प पर शादी का एग्रीमेंट तैयार कर उस पर दोनों के साइन करवा लिए।



पीड़ित को कहा कि अभी कोर्ट मैरिज नहीं हो सकती, लेकिन 50 रुपए का शपथ-पत्र देकर वे 1-2 दिन में आर्य समाज में विधिवत शादी करवा देंगे। विश्वास दिलाने के लिए लड़की को पीड़ित के घर छोड़ दिया।



दुल्हन कैसे फरार हुई?

उसी शाम करीब 5 बजे घर के बाहर एक स्विफ्ट कार आकर रुकी। दुल्हन बनी लड़की तुरंत घर से निकली और कार में बैठ गई। कार तेज रफ्तार से भाग निकली। पीड़ित ने काफी दूर तक कार का पीछा किया, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाया।



काफी दिन बीतने के बाद जब लड़की वापस नहीं लौटी, तो पीड़ित ने विनोद और अन्य आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने पैसे लौटाने से मना कर दिया।



अब क्या होगा?

पीड़ित ने धोखा होने का एहसास होने पर कोर्ट से आदेश करवाकर शनिवार को मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी और बिचौलियों की तलाश कर रही है।



ये भी पढ़ें:-

साइबर ठगों ने पूर्व जज को बनाया शिकार, डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगे 2.95 करोड़



एक मैसेज... मुनाफे का लालच, जयपुर में करोड़ों की साइबर ठगी में 5 गिरफ्तार



5वीं पास निकला करोड़ों के साइबर नेटवर्क का मास्टरमाइंड, कश्मीर तक फैला था जाल



जॉब के नाम पर विदेश भेजकर बनाते थे साइबर गुलाम, 5 आरोपियों गिरफ्तार





Tags:
  • जयपुर
  • जयपुर में भागी दुल्हन
  • रफूचक्कर हुई दुल्हन
  • कोर्ट मैरिज
  • शादी के नाम पर ठगी