VIP मूवमेंट पर जयपुरिया अस्पताल ने किये हाथ खड़े, CMHO को लिखा लेटर

Ashish Bhardwaj | Apr 04, 2026, 19:09 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में जयपुर के जयपुरिया अस्पताल ने वीआईपी मूवमेंट की ड्यूटी करने से इनकार कर दिया है। अस्पताल ने इस बारे में सीएमएचओ को लेटर लिखा है। लेटर में कहा गया है कि मेडिकल कर्मचारियों और एम्बुलेंस कमी के कारण VIP मूवमेंट होने पर सेवाएं नहीं दे सकते हैं।

News In Short

  • जयपुरिया अस्पताल ने वीआईपी मूवमेंट के कारण सीएमएचओ जयपुर को पत्र लिखा।
  • अस्पताल का कहना है कि एक साथ कई वीआईपी ड्यूटी की व्यवस्था संभव नहीं।
  • जयपुरिया अस्पताल ने पहले भी सीएमएचओ को इस समस्या से अवगत कराया था।
  • अस्पताल ने गिनाए मेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस की बताई कमी।
  • पत्र के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान वीआईपी मूवमेंट को लेकर चिंतित।

News In Detail

राजस्थान की राजधानी जयपुर में वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट आम बात है। लेकिन, अब सरकारी अस्पताल के लिए सिरदर्द बनकर सामने आया है। जयपुर के प्रमुख अस्पताल जयपुरिया ने इस मूवमेंट पर मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी को लेकर हाथ खड़े कर दिए हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने इस बारे में 2 अप्रैल को जयपुर-द्वितीय के सीएमएचओ को लेटर लिखा है। लेटर में साफ कहा गया कि अस्पताल के पास पर्याप्त एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ नहीं हैं। वे एक साथ कई वीआईपी दौरों के लिए सेवाएं नहीं दे सकते।



वीआईपी दौरे के लिए दौरान विशेष टीम

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उन्हें सीएमएचओ कार्यालय से नियमित रूप से वीआईपी दौरों के दौरान एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था के निर्देश मिलते रहते हैं। समस्या तब उत्पन्न होती है जब एक साथ कई वीआईपी या वीवीआईपी राजधानी में होते हैं। अस्पताल एक साथ कई जगह मेडिकल टीमें भेजने में सक्षम नहीं है।



पिछले साल भी लिखा था लेटर

जयपुरिया अस्पताल ने एक साल पहले 3 मई 2025 को भी सीएमएचओ को पत्र भेजा था। इसमें अस्पताल ने इस समस्या का भी उल्लेख किया था। उस समय यह निर्णय लिया गया था कि यदि एक समय पर एक से अधिक वीआईपी ड्यूटी आती है तो अस्पताल केवल एक वीआईपी के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस उपलब्ध कराएगा। अन्य वीआईपी ड्यूटी के लिए केवल ब्लड रिजर्व किया जाएगा।



अस्पताल की मजबूरी

अस्पताल प्रशासन ने अपनी मजबूरी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि सीएमएचओ कार्यालय द्वारा लगातार एक से अधिक वीआईपी ड्यूटी के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस भेजने के आदेश दिए जा रहे हैं> जो व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।



भविष्य में व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह

जयपुरिया अस्पताल ने सीएमएचओ से आग्रह किया है कि यदि भविष्य में एक ही समय पर कई वीआईपी ड्यूटी की योजना बनाई जाए। वे अन्य चिकित्सा संस्थानों से एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस मामले में जयपुरिया अस्पताल केवल संबंधित वीआईपी का ब्लड ग्रुप ही उपलब्ध करवा सकेगा। अस्पताल ने सीएमएचओ से आदेशों में संशोधन करने की भी अपील की है।



चिकित्सा शिक्षा विभाग में भेजा गया पत्र

यह पत्र चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव और निदेशालय चिकित्सा शिक्षा के आयुक्त को भी भेजा गया है। यह मामला दर्शाता है कि कैसे वीआईपी मूवमेंट के कारण सरकारी अस्पतालों के सीमित संसाधनों पर भारी दबाव पड़ रहा है।



ये भी पढे़:-

बेकाबू बजरी माफिया, मिलिभगत के तमाम सबूत, कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं सुधर रहे हालात



SI भर्ती परीक्षा से पहले हड़कंप, कर्मचारी ने वॉट्सऐप स्टेटस पर लगा दिया पेपर बॉक्स का फोटो, अब सस्पेंड



मंत्री झाबर सिंह खर्रा और विधायक कुलदीप धनखड़ बनेंगे समधी, 21 अप्रैल को होगी शादी



एसआई भर्ती 2021 रहेगी निरस्त, हाई कोर्ट ने एकलपीठ के फैसले को रखा बरकरार



Tags:
  • जयपुर
  • सीएमएचओ जयपुर
  • चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान
  • जयपुरिया अस्पताल
  • वीआईपी मूवमेंट