जसवंत सिंह के परिवार में घमासान, बेटे मानवेन्द्र ने की दूसरी शादी, मां ने अंदर आने से रोका
News In Short
- पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जसवंत सिंह के परिवार में आया बड़ा विवाद सामने।
- जसवंत के पुत्र व पूर्व सांसद मानवेन्द्र ने कर ली दूसरी शादी।
- परिवार नहीं कर रहा मानवेन्द्र सिंह के दूसरे विवाह को स्वीकार।
- मां के मानवेन्द्र को घर में अंदर आने से रोकने का वीडियो हो रहा वायरल।
- मानवेन्द्र की पहली पत्नी चित्रा सिंह की कार एक्सीडेंट में हो गई थी मौत।
News In Detail
Jodhpur: राजस्थान की राजनीति के शिखर पुरुष रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल के परिवार से एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसने पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। उनके पुत्र पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह जसोल और परिवार के बीच चल रहा विवाद अब केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सूचनाओं ने इस विवाद को एक नया मोड़ दिया है।
मां ने मानवेन्द्र को घर में आने से रोका
जसोल परिवार की मुखिया और जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कंवर के मंगलवार को सामने आए वीडियो ने इस विवाद को हवा दे दी। वीडियो में यह दिखाई दे रहा है कि मानवेंद्र कुछ पुलिस कर्मियों के साथ अपने घर पहुंचे, लेकिन दरवाजे पर खड़ी उनकी मां उन्हें अंदर आने से रोक रही हैं। मां ने स्पष्ट कहा कि वे जीते जी घर में नहीं आने देंगी। वीडियो में दोनों के बीच गर्मागर्मी होते दिख रही है। हालांकि, 'द सूत्र' इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
दूसरा विवाह बना विवाद की जड़
विवाद की मुख्य वजह 60 वर्षीय मानवेन्द्र सिंह जसोल का दूसरा विवाह है। बताया जा रहा है कि मानवेन्द्र ने एक महिला से विवाह किया है। इसे जसोल परिवार स्वीकार करने को तैयार नहीं है। परिवार का स्पष्ट कहना है कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है और वे इस नए रिश्ते को मान्यता नहीं देंगे।
हाल ही में मानवेन्द्र सिंह के पुत्र हमीर सिंह के विवाह समारोह के दौरान भी तनाव की स्थिति बनी थी, जब वे अपनी दूसरी पत्नी के साथ वहां पहुंचे थे। हालांकि, तब जैसे-तैसे मामला शांत हो गया था, लेकिन होली के दिन जो हुआ उसने परिवार को एक कठोर निर्णय लेने पर मजबूर कर दिया।
होली के दिन जोधपुर आवास पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
सूत्रों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार होली के दिन मानवेन्द्र सिंह जसोल जोधपुर स्थित अपने पुश्तैनी आवास पर उसी महिला के साथ पहुंचे थे। घर के बच्चों ने जब इस पर आपत्ति जताई तो उन्होंने अपनी दादी (स्वर्गीय जसवंत सिंह की पत्नी) शीतल कंवर को सूचित किया।
मां और भाई के साथ मानवेन्द्र सिंह की तीखी बहस हुई। परिवार ने सख्त रुख अपनाते हुए उस महिला को घर से बाहर निकाल दिया और मानवेन्द्र सिंह को भी घर में प्रवेश देने से इनकार कर दिया।
प्रशासन ने हस्तक्षेप से खींचे हाथ
यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब मानवेन्द्र सिंह ने इस संबंध में प्रदेश के एक वरिष्ठ अधिकारी से शिकायत की। बताया जाता है कि अधिकारी ने जोधपुर प्रशासन से फीडबैक लिया। बाद में उन्होंने स्वर्गीय जसवंत सिंह की पत्नी से बात की तो स्थिति स्पष्ट हो गई। परिवार के अडिग रुख को देखते हुए प्रशासन ने इसे घर का आंतरिक मामला मानकर हस्तक्षेप करने से हाथ पीछे खींच लिए।
अगले ही दिन 90 वर्षीय शीतल कंवर ने कथित तौर पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को फोन कर स्पष्ट कर दिया कि वे मानवेन्द्र सिंह से नाता तोड़ रही हैं। उन्होंने तर्क दिया कि मानवेन्द्र ने जसोल परिवार की मर्यादाओं को तार-तार किया है।
मानवेन्द्र की पहली पत्नी की हो चुकी मृत्यु
मानवेन्द्र की पहली पत्नी चित्रा सिंह की 30 जनवरी 2024 को मौत हो चुकी है। उस दिन मानवेन्द्र दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर परिवार के साथ कार में दिल्ली से जयपुर आ रहे थे, तभी उनकी गाड़ी का अलवर जिले में एक्सीडेंट हो गया। इसमें मानवेन्द्र की पत्नी चित्रा की मौत हो गई।
मानवेंद्र रह चुके हैं सांसद और विधायक
जसवंत सिंह के पुत्र मानवेंद्र सिंह वर्ष 2004 में राजस्थान के बाड़मेर से सांसद निर्वाचित हुए थे। वे बाड़मेर की शिव सीट से 2013 में विधानसभा चुनाव जीते थे। वे पहले भाजपा में थे, लेकिन फिर कांग्रेस में आ गए। उन्होंने 2018 में झालरापाटन से वसुंधरा राजे के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन वे पराजित हो गए। वे 2024 में फिर भाजपा में आ गए।
ये भी पढ़े:-
साइबर ठगों से 'सेटिंग' का ऑडियो वायरल, एसपी ने दिए जांच के आदेश, जानिए पूरा मामला
कौन है विनायक प्रताप सिंह, जिनकी पीएम मोदी के साथ तस्वीर ने बढ़ाई सियासी हलचल