बच्चियों की तस्करी में लेडी डॉन गिरफ्तार, 3 करोड़ का बंगला और लग्जरी कारें जब्त

Jageshwar prasad | Jun 08, 2026, 14:31 IST
मासूम बच्चियों की तस्करी करने वाली रामकन्याबाई गिरफ्तार
राजस्थान की झालावाड़ पुलिस ने 15 साल से चल रहे मानव तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। सरगना रामकन्याबाई सहित 5 गिरफ्तार, 4 नाबालिग बचाई गईं, 3 करोड़ की संपत्ति का खुलासा।

समझें क्या है पूरा मामला

  • झालावाड़ पुलिस ने किया मानव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश।
  • 15 साल से चल रहा था बच्चियों की तस्करी का काला कारोबार।
  • लेडी डॉन गिरफ्तार, 3 करोड़ का बंगला और लग्जरी कारें जब्त।
  • गरीब परिवारों को झांसा दे मुंबई पहुंचाती थी मासूम बेटियां।
  • पति-बेटे समेत 5 गिरफ्तार, 4 नाबालिग बचाई गईं।

राजस्थान के झालावाड़ में पुलिस ने मानव तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह की मुख्य सरगना रामकन्याबाई पिछले 15 साल से यह अवैध कारोबार चला रही थी। उसके पति और बेटे भी इस धंधे में शामिल थे।



पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार नाबालिग लड़कियों को सकुशल बचाया है। आरोपी के ठिकाने से करीब 2 से 3 करोड़ रुपए की संपत्ति और लग्जरी सामान बरामद हुआ है।



पांच जिलों में फैला था जाल

पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क राजस्थान के बूंदी, झालावाड़, टोंक, भीलवाड़ा और सवाई माधोपुर जिलों तक फैला था। रामकन्याबाई इन जिलों में अपने समाज के डेरों और बस्तियों में घूमकर ऐसे गरीब परिवारों को निशाना बनाती थी जो भारी कर्ज में डूबे हों।



जहां माता-पिता में से कोई गंभीर बीमारी या दिव्यांगता से पीड़ित हो, या परिवार का मुखिया किसी मामले में जेल में हो, ऐसे परिवारों को वह अच्छे काम और बेहतर जिंदगी का झांसा देकर ब्रेनवॉश करती थी।



तीन स्तरों में काम करता था गिरोह

यह गिरोह बेहद संगठित और शातिर तरीके से काम करता था। पहले स्तर पर रामकन्याबाई गरीब परिवारों से लड़कियों को फुसलाकर लाती थी। दूसरे स्तर पर अन्य दलाल उन्हें अपने कब्जे में लेकर 4 से 5 साल तक ग्रूमिंग और ट्रेनिंग देते थे। उन्हें आधुनिक रहन-सहन सिखाया जाता था, महंगे फोन और कपड़े दिए जाते थे।



तीसरे स्तर पर जैसे ही लड़की की उम्र 13 से 14 साल होती थी, उसे मुंबई ले जाकर वहां के बड़े दलालों को बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह हर एक लड़की को बेचकर 5 से 10 लाख रुपए तक कमाता था।



झालावाड़ में मानव तस्करी रैकेट का खुलासा


3 करोड़ की संपत्ति, लग्जरी कारें बरामद

पुलिस जब रामकन्याबाई के ठिकाने पर पहुंची तो वहां का रहन-सहन देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। बूंदी के दबलाना में आलीशान मकान और शंकरपुरा में सुविधाओं से लैस पक्का बंगला मिला।



इसके अलावा महंगी लग्जरी कारें भी बरामद हुईं। कुल अचल संपत्ति की अनुमानित कीमत 2 से 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस अब उसके बैंक खातों और जमीन-जायदाद के रिकॉर्ड खंगाल रही है।



चार नाबालिग बचाई गईं, छापेमारी जारी

गिरफ्तारी के बाद झालावाड़ पुलिस ने शनिवार और रविवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चंगुल से चार नाबालिग लड़कियों को सकुशल बचाया।



पुलिस अब मुंबई के दलालों और राजस्थान के अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।



ये भी पढ़ें:-

धौलपुर में नन्हे घड़ियालों और बाटागुर कछुओं का जन्म, गुलजार हुई चंबल



वन मंत्री के घर में 17 करोड़ का पौधरोपण घोटाला, जानिए कैसे दबाने में जुटा विभाग



बस की तलाशी में निकला करोड़ों का सोना-चांदी, तीन गिरफ्तार



हरियाणा से राजस्थान में नकली नोटों की सप्लाई, पकड़ा गया मुख्य आरोपी



Tags:
  • राजस्थान
  • मानव तस्करी
  • मुंबई
  • नाबालिग
  • लेडी डॉन
  • झालावाड़ पुलिस