जस्टिस संजय के. अग्रवाल बने राजस्थान हाई कोर्ट के CJ, जल्द लेंगे शपथ
समझें क्या है पूरा मामला
- जस्टिस संजय के अग्रवाल होंगे राजस्थान हाईकोर्ट के नए CJ।
- राष्ट्रपति भवन से नियुक्ति वारंट जारी।
- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राजस्थान आएंगे जस्टिस अग्रवाल।
- राजस्थान हाईकोर्ट को मिला 44वां मुख्य न्यायाधीश।
- राजभवन में जल्द लेंगे पद और गोपनीयता की शपथ।
राजस्थान हाईकोर्ट को नया नियमित मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट के 44वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद राष्ट्रपति भवन ने नियुक्ति वारंट जारी कर दिया है। अब वे जल्द राजभवन में शपथ लेंगे।
विवादों के बीच हुई अहम नियुक्ति
राजस्थान हाईकोर्ट में चल रहे कुछ प्रशासनिक और न्यायिक विवादों के बीच यह नियुक्ति खास मानी जा रही है। 31 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की थी।
अब केंद्र की मंजूरी और राष्ट्रपति भवन से वारंट जारी होने के बाद इस नियुक्ति पर औपचारिक मुहर लग गई है।
कौन हैं जस्टिस संजय के. अग्रवाल
जस्टिस संजय के. अग्रवाल का जन्म 15 जुलाई 1965 को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित रतनपुर में हुआ था। उनके पिता का नाम वीरेंद्र अग्रवाल और माता का नाम चमेली अग्रवाल है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रतनपुर से पूरी की।
उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीएससी और एलएलबी (LLB – Bachelor of Legislative Law) की डिग्री हासिल की। इसके बाद पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से एलएलएम (LLM – Master of Legislative Law) किया।
उन्होंने 3 जनवरी 1989 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर जिला एवं सत्र न्यायालय, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में वकालत की। उनका प्रमुख कार्यक्षेत्र सिविल और संवैधानिक कानून रहा है।
अपने लंबे करियर में उन्होंने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अलावा BCCI (Board of Control for Cricket in India), बार काउंसिल ऑफ इंडिया, SBI (State Bank of India), Canara Bank, BPCL (Bharat Petroleum Corporation Limited), IOCL (Indian Oil Corporation Limited) और SAIL (Steel Authority of India Limited) जैसी बड़ी संस्थाओं और कॉरपोरेट समूहों का प्रतिनिधित्व किया।
एडवोकेट जनरल से मुख्य न्यायाधीश तक का सफर
जस्टिस अग्रवाल ने 1 मार्च 2002 से 29 फरवरी 2004 तक छत्तीसगढ़ के डिप्टी एडवोकेट जनरल के रूप में काम किया।
इसके बाद 25 जून 2012 को उन्हें छत्तीसगढ़ का एडवोकेट जनरल नियुक्त किया गया। न्यायाधीश बनने तक उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली।
16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 8 मार्च 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली।
अब न्यायिक और प्रशासनिक अनुभव के इतने लंबे सफर के बाद जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट की कमान संभालने जा रहे हैं।
ये खबर भी पढे़:-
सचिन पायलट बने पंजाब के नए प्रभारी, जानें वो कारण जिनसे मिली कमान
राजस्थान HC विवाद: पूर्व CJI गवई बोले- जस्टिस मेहता का फैसला सही, जो पता चला वो शॉकिंग
अंतरराज्यीय अफीम तस्करी का भंडाफोड़, सीकर में पकड़े गए दो तस्कर
राजस्थान की चिट्ठी: CJI विवाद, कांग्रेस में बवाल और इलाज के इंतजार में बेटी की मौत