ग्रामीणों पर खनन माफिया ने की फायरिंग, अवैध खनन के विरोध में चल रहा था धरना

Ashish Bhardwaj | Jun 01, 2026, 14:32 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के कोटपूतली जिले में अवैध खनन के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीणों पर सोमवार को फायरिंग की गई। ग्रामीणों के अनुसार यह फायरिंग खनन माफिया के गुर्गों ने की। इसमें पांच ग्रामीणों को गोली लगी है।

News In Short

  • कोटपूतली जिले में अवैध खनन के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीणों पर फायरिंग।
  • ग्रामीणों का आरोप, यह फायरिंग खनन माफिया के गुर्गों ने की, पांच को गोली लगी।
  • घायलों में से दो की हालत नाजुक होने पर जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा।
  • दो दिन पहले प्रशासन ने धरनास्थल से टेंट हटा दिया था, ग्रामीणों ने फिर से धरना दिया था।
  • आंदोलनकारी ग्रामीण लंबे समय से अवैध खनन के विरोध में दे रहे थे धरना।

News In Detail

सुनील जैन@​कोटपूतली



राजस्थान में कोटपूतली जिले के अजीतपुरा-कुजेटा गांव में सोमवार को अवैध खनन विरोधी आंदोलन ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों पर खनन माफियाओं के गुर्गों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।



इस हमले में 5 ग्रामीणों को गोली लगी है। घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव है और गांव में पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।



टेंट हटाने से बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों के अनुसार अजीतपुरा-कुजेटा क्षेत्र में लंबे समय से धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। ग्रामीण इसके विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।


​


घटना से ठीक दो दिन पहले स्थानीय प्रशासन ने धरनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए टेंट को हटवा दिया था। प्रशासन की इस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को फिर एकजुट होकर धरना शुरू करने का प्रयास किया।



जैसे ही ग्रामीण धरनास्थल पर दोबारा जमा होने लगे, तभी वहां कथित खनन माफियाओं से जुड़े लोग हथियारों के साथ पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने निहत्थे ग्रामीणों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।



​गांव में मची अफरा-तफरी, अस्पताल में उमड़ी भीड़

​गोलीबारी की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। धरनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।



​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ घायलों को तुरंत कोटपूतली के राजकीय बीडीएम (BDM) अस्पताल ले जाया गया।



डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में से दो की स्थिति अत्यंत गंभीर थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का कोटपूतली में ही उपचार जारी है।



​पुलिस और प्रशासन का बयान

कोटपूतली के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) राजेंद्र बुरड़क ने बताया कि कुजेटा-अजीतपुरा क्षेत्र में ग्रामीण अवैध खनन के विरोध में धरना दे रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों द्वारा ग्रामीणों पर फायरिंग की सूचना मिली है।



इस हमले में 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े हर पहलू और तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।



​प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



​इलाके में भारी तनाव, पुलिस बल तैनात

इस घटना के बाद से अजीतपुरा और कुजेटा गांवों में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। ग्रामीणों में कानून-प्रशासन और खनन माफियाओं के गठजोड़ को लेकर भारी गुस्सा है।



दोबारा टकराव को रोकने के लिए गांव और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल (Heavy Police Force) तैनात कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।



ये भी पढे़:-

लिपिक भर्ती में फर्जीवाड़े की जांच में सुस्ती क्यों, गृह सचिव ने DGP से मांगी रिपोर्ट



राहुल गांधी पहुंचे पुष्कर, चिंतन शिविर में कांग्रेसियों को देंगे जीत का मंत्र



क्यों हल्की आंधियां भी दिल्ली-एनसीआर तक ले जा रही हैं राजस्थान की धूल, जानिए पूरा कारण



सरकारी खर्च पर बने डॉक्टरों ने नहीं दी सेवा, 50 करोड़ जुर्माना भी अटका



Tags:
  • अवैध खनन
  • खनन माफिया
  • एसएमएस अस्पताल
  • कोटपूतली