भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ को दिखाए काले झंडे, एसपी और तहसीलदार को हटाया
News In Short
- कुचामन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने पर बड़ा एक्शन।
- SP ज्ञानचंद यादव का ट्रांसफर, अब डॉ. प्यारेलाल शिवरान नए एसपी होंगे।
- राठौड़ को एक दिन पहले शुक्रवार को रालोप कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए थे।
- इस घटना के बाद शुक्रवार को ही कुचामन के तहसीलदार को हटा दिया था।
News In Detail
Jaipur: राजस्थान के कुचामन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाए जाने के एक दिन बाद शनिवार देर रात वहां के पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव को हटा दिया गया है। इससे पहले कुचामन के तहसीलदार कैलाश ईनाणिया का ट्रांसफर कर दिया गया था।
राठौड़ को शुक्रवार को कुचामन में पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने आए थे। सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी के आगे काले झंडे रखकर सरकार विरोधी नारेबाजी की थी।
यादव 10 दिन रह सके एसपी
नवगठित कुचामन-डीडवाना जिले में ज्ञानचंद यादव की जगह डॉ. प्यारेलाल शिवरान नए एसपी होंगे। यादव इस जिले में केवल 10 दिन ही एसपी के पद पर रह सके। उन्हें 20 मई को कुचामन का एसपी बनाया गया था। यादव अब जयपुर में सिविल राइट्स के एसपी होंगे।
तहसीलदार का तत्काल ट्रांसफर
काले झंडे दिखाए जाने की घटना के बाद शुक्रवार को ही तहसीलदार कैलाश ईनाणिया का ट्रांसफर बांसवाड़ा के गांगड़तलाई कर दिया गया था। जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने आदेश दिए कि तहसीलदार अपना कार्यभार नए अधिकारी को सौंपें।
रालोप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को काले झंडे दिखाने पर पुलिस ने मौके पर छह से अधिक रालोपा कार्यकर्ताओं को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया। उन्हें रात आठ बजे तहसीलदार के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा किया गया। इसके बाद कुछ ही समय में कार्यकर्ताओं को फिर से हिरासत में लिया गया।
सुरक्षा के बावजूद गाड़ी तक पहुंचे रालोप कार्यकर्ता
कार्यक्रम स्थल सरला बिरला कल्याण मंडपम के पास रालोपा कार्यकर्ता सुबह से ही तख्तियां लेकर खड़े थे। पुलिस जाब्ता मौजूद होने के बावजूद कार्यकर्ता गाड़ी के पास पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
ये भी पढे़:-
साइबर ठगी का नया तरीका, साली बनकर सोशल मीडिया के बधाई संदेशों से ठगे लाखों
कहीं मंत्री का गालीकांड तो कहीं घटिया दवा का खेल, गहरा सबक दे गया यह हफ्ता
दिखा फिल्मों जैसा नजारा, रेतीले तूफान ने शहरों को लिया आगोश में, दिन में हो गई रात
पैरोल के बाद भी कैदी हिरासत में, सुप्रीम कोर्ट ने दिया 11 लाख के मुआवजे के आदेश