मदन राठौड़ का कांग्रेस पर हमला, बोले- हमारा त्योहार खराब करने व सुर्खियां बटोरने के लिए नौटंकी कर रहे हैं कांग्रेसी

Mukesh Sharma | Oct 20, 2026, 17:45 IST
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के प्रदर्शन को नौटंकी बताया।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार की शाम से जयपुर पुलिस कमिश्नर दफ्तर में चल रहे कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जहां घटना हुई, कांग्रेस को वहीं पर प्रदर्शन करना चाहिए, यहां प्रदर्शन करके हमारा त्योहार खराब कर रहे हैं। जयपुर पुलिस ने भी जीरो FIR देने से इनकार किया है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड (Madan Rathore) ने सोमवार की शाम से जयपुर पुलिस कमिश्नर दफ्तर में चल रहे कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जहां घटना हुई, कांग्रेस को वहीं पर प्रदर्शन करना चाहिए,यहां प्रदर्शन करके हमारा त्योहार खराब कर रहे हैं।



गौरतलब है कि दिल्ली में एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला मारपीट के मामले में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में जयपुर पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में कल शाम से प्रदर्शन चल रहा है। कांग्रेसीे नेता रितु बराला के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रितु की जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।



मंगलवार को राठौड़ ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि, मुझे तो राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की बुद्धि पर आश्चर्य होता है। जहां घटना घटित होती है, एफआईआर वहीं दर्ज होती है। वहीं अगर किसी कारण से थानाधिकारी और पुलिस के उच्चाधिकारी एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे है तो एफआईआर दर्ज करने के बहुत विकल्प हैं।



उन्होंने कहा कि इस्तगासे के जरिए कोर्ट से थाने में मामला भिजवाया जा सकता है। यह तो उनको पता होना चाहिए। राठौड ने कहा कि यदि वे नहीं समझते है तो उनको बुद्धि मैं क्या दूं। राजस्थान में क्यूं अव्यवस्था पैदा करना चाहते हैं।



सुर्खियां बटोरने के लिए नाटक कर रहे हैं

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कहा कि ऊपर से निर्देश हुआ और नीचे वाले ने बिना विवेक का इस्तेमाल किए फौरान की नाटक शुरु कर दिया। जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। ये लोग केवल सुर्खियां बटरोने के लिए नौटंकी कर रहे है।



राजस्थान को परेशान करना चाहते हैं। जहां घटना घटित हुई वहीं एफआईआर दर्ज होगी। इसकी प्रक्रिया तय है। यहां हमारा त्योहार खराब कर रहे हैं।



कांग्रेस नेता एफआईआर की मांग पर अड़े

दिल्ली में एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला से मारपीट और अभद्रता करने के मामले में कांग्रेस नेता जयपुर में जीरो एफआईआर की मांग पर अड़े हुए हैं। दिल्ली के पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज कांग्रेस नेता सोमवार शाम से कमिश्नरेट में धरने पर बैठे हैं। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई कांग्रेसियों ने रात भी कमिश्नरेट में ही बिताई।




प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

मंगलवार को कमिश्नरेट के बाहर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा।



जयपुर पुलिस ने कहा, नहीं करेंगे एफआईआर दर्ज

उधर जयपुर पुलिस ने रितु बराला की एफआईआर दर्ज करने से इंकार कर दिया है। एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर अजय सिंह का कहना है कि दिल्ली में 13 अक्टूबर के घटनाक्रम को लेकर कनॉट प्लेस थाने में केस दर्ज हुआ है और रितु की शिकायत को भी उसमें शामिल कर जांच की जा रही है।




डोटासरा ने मांगी एफआईआर

पुलिस के दावे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि पुलिए को दिल्ली में दर्ज एफआईआर दिखानी चाहिए। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डोटासरा को फोन किया था और उन्हें रितु बराला की एफआईआर दर्ज करवाने केा कहा था। सोमवार को डोटासरा रितु बराला के साथ पहले मोती डूंगरी थाने पहुंचे थे। लेकिन थाने ने एफआईआर दर्ज करने से इंकार करते हुए उन्हें पुलिस कमिश्नर से मिलने को कहा।



इस पर डोटासरा लवाजमे से सहित सोमवार को शाम करीब 6 बजे पुलिस कमिश्नर के दफ्तर पहुंच गए थे। लेकिन,एफआईआर दर्ज नहीं करने और पुलिस कमिश्नर के नहीं मिलने पर डोटासरा ने विधायक रफीक खान व अमीन कागजी, और दूसरे नेताओं व पदाधिकारियों के साथ कमिश्नर के दफ्तर में ही धरने पर बैठ गए थे और मंगलवार शाम करीब 5 बजे तक वहीं धरने पर बैठे हुए हैं।



Tags:
  • मदन राठौड़
  • जयपुर पुलिस कमिश्नर दफ्तर
  • एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला
  • जीरो एफआईआर
  • Zero FIR
  • कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा
  • Madan Rathore
  • रफीक खान
  • अमीन कागजी