थार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, गाड़ी में मिले बीयर केन और बोतलें
News In Short
- जयपुर में MBBS स्टूडेंट की थार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारी।
- टक्कर के बाद बाइक करीब 150 मीटर तक घसीटी गई, युवक की मौत।
- प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार थार से बीयर की बोतलें और केन बरामद हुईं।
- गाड़ी का पहले भी दो बार ओवर स्पीड चालान कट चुका था।
- परिवार ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम से पहले शव के साथ छेड़छाड़ की गई।
News In Detail
राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा में एक बेहद दर्दनाक और गंभीर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। महल रोड पर एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार युवक राकेश मीणा (28) को टक्कर मार दी।
चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि थार बाइक को करीब 150 मीटर तक घसीटती ले गई। घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के समय गाड़ी सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज का एक MBBS छात्र चला रहा था, और कार से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।
हादसा रात डेढ़ बजे हुआ
हादसा 1 जून की देर रात डेढ़ से दो बजे के बीच रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड (जगतपुरा) पर हुआ। दौसा के रहने वाले राकेश मीणा (28) अपने परिवार के साथ जगतपुरा स्थित आरती नगर में रहते थे। देर रात वह कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अक्षयपात्र चौराहे के पास तेज गति से आई थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक 150 मीटर तक घसीटी गई
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक थार के आगे लगकर करीब 150 मीटर तक घसीटती चली गई। राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वहां मौजूद दो युवकों ने थार को रोक लिया।
थार में तीन युवक सवार थे। आरोप है कि थार सवार सभी युवक नशे में थे। गाड़ी सीतापुरा के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का MBBS स्टूडेंट चला रहा था।
घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम
राकेश को घायल अवस्था में महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राकेश पांच दिन पहले ही अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ ब्यावर से जयपुर शिफ्ट हुए थे। उसके दो बेटे दक्ष (8) और कृष्णा (4) हैं।
कार से बीयर की बोतलें और केन बरामद
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि SUV में बीयर बॉटलऔर केन रखी हुई थीं। थार मालवीय नगर के रहने वाले दलजीत कौर के नाम से रजिस्टर्ड है। यह गाड़ी पहले भी दो बार ओवर स्पीड का चालान कट चुका है। पुलिस ने हादसे में शामिल थार को जब्त कर लिया है।
अस्पताल में हंगामे का आरोप
हादसे के बाद करीब आठ अन्य लोग महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे। उनका आरोप है कि हॉस्पिटल में आरोपी के साथियों ने गाली-गलौज और हाथापाई की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत कराया।
शव के साथ छेड़छाड़ का आरोप
राकेश की बड़ी बहन ज्योति मीणा ने गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पोस्टमॉर्टम से पहले शव के साथ छेड़छाड़ की गई। उनका दावा है कि JNU हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के दौरान परिजनों ने सिर पर कट और अन्य निशान देखे, जिन्हें लेकर परिवार ने संदेह जताया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे की सूचना परिजनों को देर से दी गई और शव की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
पिता ने दी थाना और हॉस्पिटल घेरने की चेतावनी
राकेश के पिता मुरलीधर मीणा ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस थाने और महात्मा गांधी हॉस्पिटल का घेराव किया जाएगा। उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
रामनगरिया थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि राकेश के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल थार जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी MBBS स्टूडेंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नशे की स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
ये भी पढ़ें:-
मध्यप्रदेश से राजस्थान तक चीते की लंबी दौड़, भरतपुर के जंगल में बनाया ठिकाना
जांच के घेरे में मेवाड़ यूनिवर्सिटी, सरकार ने लगाई नए एडमिशन पर रोक
अवैध हुक्का बार चला रहा था ASI, पुलिस ने किया गिरफ्तार, SP ने किया सस्पेंड
उत्तराखंड में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, राजस्थान के तीन लोगों की मौत