बांसवाड़ा में माही नदी में नाव पलटने से हादसा, एक बच्चा समेत दो लापता

Jageshwar prasad | May 05, 2026, 19:22 IST
Photograph: (the sootr)
बांसवाड़ा की माही नदी में 10 लोगों से भरी नाव पलटने से 8 साल का बच्चा और एक युवक लापता हो गए। संगमेश्वर महादेव मंदिर के पास हुए हादसे में 8 लोग तैरकर बच निकले। लाइफ जैकेट न होने और ओवरलोडिंग को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।

News In Short

  • बांसवाड़ा के अरथूना क्षेत्र में माही नदी में नाव पलटने से 21 वर्षीय युवक और 8 साल का बच्चा लापता।
  • नाव में सवार सभी 10 लोग संगमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के बाद बोटिंग कर रहे थे।
  • हादसे के समय किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी और नाविक मौके से फरार हो गया।
  • प्रशासन ने सिविल डिफेंस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
  • डीएसपी के अनुसार, नाव पानी में पूरी तरह डूब गई है, उसे ढूंढने के लिए प्रयास जारी।

News In Detail

Banswara: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में मंगलवार को एक दुखद हादसा हुआ। प्रसिद्ध संगमेश्वर महादेव मंदिर के पास माही नदी में एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन एक 8 वर्षीय मासूम और एक युवक अभी भी लापता हैं। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।



हादसे की सूचना मिलते ही अरथूना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। लापता होने वालों की पहचान 21 वर्षीय जयेश पुत्र कचरा और 8 वर्षीय मानव पुत्र नाथू के रूप में हुई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।



डीएसपी बाबूलाल रैगर ने बताया कि नाव पानी में पूरी तरह डूब चुकी है, और उसे ढूंढने के लिए प्रयास जारी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए सिविल डिफेंस की टीमों के साथ-साथ स्थानीय मछुआरों और गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।



दर्शन के बाद बोटिंग का आनंद बना मातम

नाव पलटने की घटनाअरथूना थाना क्षेत्र की पांचवाड़ा पंचायत स्थित भैंसाउ गांव की है। पुलिस के अनुसार, भानो का पाड़ा गांव के निवासी संगमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने आए थे। मंदिर दर्शन के बाद सभी लोग माही नदी में बोटिंग के लिए नाव में सवार हुए। किनारे से 200 मीटर की दूरी पर नाव अचानक डगमगाई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।



नाविक हुआ फरार

प्राथमिक जांच में हादसे के पीछे दो मुख्य कारण सामने आए हैं। पहला नाव में सवार किसी भी व्यक्ति ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। जानकारी के अनुसार, नाविक ने यात्रियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध ही नहीं कराए थे। दूसरा छोटी नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद नाविक मौका पाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।



माही, अनास और जाखम नदियों का संगम

हादसा जिस स्थान पर हुआ, वह माही, अनास और जाखम नदियों का संगम क्षेत्र है। यहां भगवान महादेव का प्राचीन मंदिर संगमेश्वर महादेव स्थित है। भौगोलिक स्थिति के कारण यह मंदिर साल के लगभग 8 महीने पानी में डूबा रहता है।



ये भी पढ़ें:-

तू नाई है या जेईएन, भाजपा विधायक के संबोधन पर मदन राठौड़ ने कहा सॉरी, सैन समुदाय बोला -विधायक खुद मांगे माफी



कोर्ट ने खोली खातेदार की पोल, जिसने जमीन के पैसे भी लिए और पजेशन से भी रोका, कहीं आप भी तो नहीं फंस रहे ऐसे डबल गेम में



RGHS घोटाला: सीकर में SOG की कार्रवाई से बवाल; दो डॉक्टरों की गिरफ्तारी के विरोध में OPD बंद



सुप्रीम कोर्ट: APO भर्ती 2024 में आवेदन की अंतिम तिथि तक लॉ डिग्री अनिवार्य, हाईकोर्ट का आदेश रद्द



Tags:
  • रेस्क्यू ऑपरेशन
  • नाव पलटने की घटना
  • बांसवाड़ा
  • संगमेश्वर महादेव मंदिर
  • माही नदी