आखिर पचपदरा रिफाइनरी के मुहूर्त की आ गई तारीख, पीएम मोदी 21 अप्रैल को करेंगे लोकार्पण

Ashish Bhardwaj | Apr 08, 2026, 13:31 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण की तारीख का ऐलान हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को इस रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। रिफाइनरी की सालाना रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन टन कच्चे तेल की होगी

News In Short

  • राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी के मुहुर्त की तारीख का ऐलान हो गया है।
  • पीएम नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे।
  • पचपदरा रिफाइनरी की सालाना रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन टन कच्चे तेल की होगी।
  • रिफाइनरी में बीएस-6 मानक रिफाइनिंग और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज तकनीकी का होगा उपयोग।
  • रिफाइनरी पर 80,000 करोड़ रुपये की आई है लागत।

News In Detail

राजस्थान के बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लंबे समय से रिफाइनरी के उद्घाटन कराने के लिए पीएम मोदी से संपर्क कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार भजनलाल के पिछले दिनों हुए दिल्ली दौरे में 21 अप्रैल की तारीख को अंतिम रूप दिया गया। इस संबंध में सीएम ने मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की थी।



रिफाइनरी के महत्व का विश्लेषण

सरकारी सूत्रों ने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी से बाड़मेर और जैसलमेर क्षेत्रों में एक औद्योगिक क्लस्टर विकसित होगा। इस परियोजना से इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे राजस्थान में रोजगार और आर्थिक अवसरों में वृद्धि होगी।



रिफाइनरी की शुरुआत

रिफाइनरी के पहले चरण के ट्रायल रन (कच्चे तेल का प्रसंस्करण) की तैयारी जनवरी से ही शुरू हो गई थी। अब, उद्घाटन के साथ ही इसके कमर्शियल उत्पादन की शुरुआत होने वाली है। प्रधानमंत्री मोदी दो महीने में दूसरी बार राजस्थान का दौरा करेंगे। वे रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ ही अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन भी करेंगे।



ऐसे लिया रिफाइनरी ने आकार

पचपदरा रिफाइनरी का शिलान्यास पहली बार 22 सितंबर 2013 को सोनिया गांधी द्वारा किया गया था। इस परियोजना की अनुमानित लागत उस समय करीब 37,230 करोड़ रुपये थी। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद और परियोजना की शर्तों में बदलाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 16 जनवरी 2018 को रिफाइनरी के कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। तब इसकी लागत बढ़कर 43,129 करोड़ रुपये हो गई।



वर्ष 2022 में परियोजना की लागत फिर से बढ़कर 72,937 करोड़ रुपये हो गई। 2025 में रिफाइनरी की लागत में एक और संशोधन किया गया, जिससे इसकी कुल लागत 79,459 करोड़ रुपये हो गई। यह रिफाइनरी एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का एक संयुक्त उपक्रम है।



पीएम मोदी की राजस्थान यात्रा

इस वर्ष पीएम मोदी की यह दूसरी राजस्थान यात्रा होगी। इससे पहले 28 फरवरी 2026 को मोदी अजमेर आए थे। यहां उन्होंने 16,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया था।



बीएस-6 मानक रिफाइनरी

सूत्रों का कहना है कि पचपदरा रिफाइनरी देश की सबसे आधुनिक बीएस-6 मानक की रिफाइनरी है। यहां रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल प्लांट एक साथ विकसित किए जा रहे हैं। यह परियोजना पूरी तरह से जीरो लिक्विड इफ्लूएंट डिस्चार्ज है, जिसका मतलब है कि कच्चे तेल के प्रसंस्करण के दौरान कोई भी तरल कचरा बाहर नहीं जाएगा। यह पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण कदम है।



रिफाइनिंग क्षमता और क्रूड ऑयल

पचपदरा रिफाइनरी की सालाना रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन टन कच्चे तेल की है। यहां 2 मिलियन टन क्षमता का पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स भी स्थापित किया गया है। रिफाइनरी के लिए लगभग 7.5 मिलियन टन कच्चा तेल अरब देशों से आयात किया जाएगा, जबकि प्रदेश में उत्पादित 1.5 मिलियन टन कच्चे तेल का भी उपयोग किया जाएगा।



रेल मार्ग और रोजगार के अवसर

रिफाइनरी परियोजना से बालोतरा से पचपदरा तक 12 किमी लंबी नई रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। यह रेल मार्ग माल ढुलाई के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी सहायक होगा।



ये भी पढे़:-

राजस्थान में संवैधानिक संकट, पंचायत-निकाय चुनावों में देरी पर गहलोत का कड़ा प्रहार



विधायक की शादी में महाजाम, डीसीपी समेत 6 पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज, जानिए पूरा मामला



खेड़ा के घर पर असम पुलिस के छापे से उबली कांग्रेस, नेताओं ने कहा-हार के डर से बौखलाई भाजपा



सचिवालय में सरप्राइज रेड, अधिकतर कर्मचारी सीट पर नहीं पाए, अब एक्शन की तैयारी



Tags:
  • पीएम नरेंद्र मोदी
  • सोनिया गांधी
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
  • बालोतरा
  • पचपदरा रिफाइनरी
  • नितिन नबीन