गहलोत-भजनलाल से पायलट-राजे तक: राजस्थान में सोशल मीडिया पर किसका कितना दबदबा?

Saurabh Mishra | Sept 02, 2026, 15:18 IST
भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत
राजस्थान में भाजपा-कांग्रेस के नेताओं की सोशल मीडिया ताकत की तुलना में फेसबुक पर दोनों दल बराबर हैं। इंस्टाग्राम पर भाजपा और एक्स पर कांग्रेस आगे है। वसुंधरा राजे का कुल फॉलोअर बेस सबसे बड़ा है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान की राजनीति का सोशल मीडिया रिपोर्ट कार्ड
  • फेसबुक पर भाजपा-कांग्रेस की टक्कर बिल्कुल बराबर
  • इंस्टाग्राम पर भाजपा तो एक्स पर कांग्रेस आगे
  • वसुंधरा राजे का डिजिटल फॉलोअर बेस सबसे बड़ा
  • गहलोत बनाम भजनलाल, कौन डिजिटल की रेस में आगे

राघवेन्द्र राठौड़ @ जयपुर

राजस्थान की सियासत अब सिर्फ रैलियों, जनसभाओं और सड़क की राजनीति तक बंधी नहीं। भाजपा और कांग्रेस की एक बड़ी लड़ाई सोशल मीडिया के मैदान पर भी चल रही। किस नेता की पहुंच कितनी है? किस मंच पर किसका दबदबा? और कौन-सा नेता किस डिजिटल मंच पर ज्यादा मजबूत है-इन सवालों का जवाब फॉलोअर्स के आंकड़े काफी हद तक देते हैं।



द सूत्र ने राजस्थान भाजपा और कांग्रेस के 6-6 अहम नेताओं के फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर मौजूद फॉलोअर्स की तुलना की। इसमें मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, दोनों पार्टी की प्रदेश ईकाई की कमान संभालने वाले और प्रमुख महिला-युवा नेताओं को शामिल किया गया है।



राजस्थान भाजपा और कांग्रेस की फेसबुक पर बराबरी की टक्कर

आंकड़ों में सबसे दिलचस्प तस्वीर फेसबुक की है। राजस्थान में दोनों दलों के चुने गए 6-6 नेताओं के फेसबुक फॉलोअर्स 91.71-91.71 लाख हैं। यानी यहां भाजपा और कांग्रेस की पहुंच और टक्कर बिल्कुल बराबरी की है, लेकिन इंस्टाग्राम पर तस्वीर बदल जाती। यहां भाजपा रेस में थोड़े आगे दिखती। बीजेपी के 6 नेताओं के कुल फॉलोअर्स 44.99 लाख हैं, जबकि कांग्रेस के नेताओं के 32.41 लाख।



दूसरी तरफ एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कांग्रेस की पकड़ ज्यादा मजबूत नजर आती। यहां कांग्रेस के 6 नेताओं के कुल फॉलोअर्स करीब 1.12 करोड़ हैं, जबकि भाजपा के नेताओं के करीब 69.87 लाख।



भाजपा और कांग्रेस


इंस्टाग्राम पर भाजपा, एक्स पर कांग्रेस आगे

राजस्थान में भाजपा की डिजिटल ताकत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सबसे बड़े नामों में हैं। सीएम भजनलाल के फेसबुक पर 18 लाख, इंस्टाग्राम पर 11 और एक्स पर 13 लाख फॉलोअर्स हैं। तीनों प्लेटफॉर्म को मिलाकर उनका कुल फॉलोअर बेस करीब 42 लाख है।



भाजपा में सोशल रीच में वसुंधरा राजे सबसे आगे

वसुंधरा राजे की डिजिटल पहुंच इससे ज्यादा है। उनके फेसबुक पर 44, इंस्टाग्राम पर 11 और एक्स पर 47 लाख फॉलोअर्स हैं। तीनों प्लेटफॉर्म का कुल आंकड़ा करीब 1.02 करोड़ बैठता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ की डिजिटल ताकत का पैटर्न अलग है। फेसबुक पर उनके 10 लाख, इंस्टाग्राम पर 13 लाख और एक्स पर 3.98 लाख फॉलोअर्स हैं। यानी उनका सबसे मजबूत मंच इंस्टाग्राम है।



महिला नेताओं की अगर बात करें तो राखी राठौड़ की सोशल मीडिया मौजूदगी कांग्रेस की सारिका चौधरी से थोड़ी ज्यादा है। राखी के फेसबुक पर 3 लाख, इंस्टाग्राम पर 1.28 लाख और एक्स पर 14.2 हजार फॉलोअर्स हैं। तीनों को मिलाकर उनका आंकड़ा करीब 4.42 लाख है।



इन 6 भाजपा नेताओं को मिलाने पर फेसबुक पर 91.71 लाख, इंस्टाग्राम पर 44.99 लाख और एक्स पर 69.87 लाख फॉलोअर्स हैं। तीनों मंचों का कुल आंकड़ा करीब 2.07 करोड़ है।



हनुमान बेनीवाल


कांग्रेस में गहलोत-पायलट की सोशल प्रेजेंस मजबूत

कांग्रेस की सोशल मीडिया ताकत का बड़ा आधार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नजर आते। गहलोत के फेसबुक पर 43 लाख, इंस्टाग्राम पर 12 लाख और एक्स पर 51 लाख फॉलोअर्स हैं। तीनों प्लेटफॉर्म को मिलाने पर उनका आंकड़ा करीब 1.06 करोड़ पहुंचता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से तुलना करें तो इंस्टाग्राम पर दोनों नेताओं के बीच सिर्फ 1 लाख फॉलोअर्स का ही अंतर है, लेकिन फेसबुक और एक्स पर गहलोत आगे हैं।



राजस्थान की राजनीति में कांग्रेस के दूसरे बड़े डिजिटल चेहरे सचिन पायलट हैं। उनके फेसबुक पर 31 लाख, इंस्टाग्राम पर 12 लाख और एक्स पर 44 लाख फॉलोअर्स हैं। उनका कुल आंकड़ा करीब 87 लाख है।



पीसीसी चीफ डोटासरा एक्स पर मजबूत

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का डिजिटल आधार भी खास तौर पर एक्स पर मजबूत है। उनके फेसबुक पर 8.56 लाख, इंस्टाग्राम पर 4.40 लाख और एक्स पर 16 लाख फॉलोअर्स हैं। कुल आंकड़ा करीब 28.96 लाख है।



मदन राठौड़ के मुकाबले डोटासरा के कुल फॉलोअर्स करीब 1.98 लाख ज्यादा हैं। लेकिन दोनों की डिजिटल ताकत अलग-अलग मंचों पर बंटी हुई है- राठौड़ इंस्टाग्राम पर मजबूत हैं तो डोटासरा एक्स पर बड़ी बढ़त रखते हैं।



कांग्रेस की महिला नेताओं में सारिका चौधरी के फेसबुक पर 56 हजार, इंस्टाग्राम पर 58.9 हजार और एक्स पर 8,047 फॉलोअर्स हैं। तीनों मंचों को मिलाने पर उनका आंकड़ा करीब 1.23 लाख है।



भाटी-बेनीवाल: कुल फॉलोअर्स में बराबर, लेकिन मंच अलग

भाजपा-कांग्रेस से बाहर देखें तो निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की डिजिटल मौजूदगी भी राजस्थान की राजनीति में खास है। भाटी के फेसबुक पर 16 लाख, इंस्टाग्राम पर 31 लाख और एक्स पर 3.48 लाख फॉलोअर्स हैं। कुल आंकड़ा करीब 50.48 लाख है।



वहीं, बेनीवाल के फेसबुक पर 15 लाख, इंस्टाग्राम पर 19 लाख और एक्स पर 16 लाख फॉलोअर्स हैं। उनका कुल आंकड़ा करीब 50 लाख है। यानी दोनों के बीच कुल फॉलोअर्स का अंतर महज 48 हजार है। लेकिन उनकी डिजिटल रणनीति बिल्कुल अलग दिखती है।



भाटी की सबसे बड़ी ताकत इंस्टाग्राम है, जबकि बेनीवाल की मौजूदगी तीनों मंचों पर ज्यादा संतुलित है। खासकर एक्स पर बेनीवाल के 16 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि भाटी के 3.48 लाख।



सोशल मीडिया का संदेश: राजस्थान में सियासी मंच बदल रहा

इन आंकड़ों से राजस्थान की डिजिटल राजनीति की एक तस्वीर जरूर बनती है। पुराने और लंबे समय से सक्रिय नेताओं का मजबूत आधार फेसबुक और एक्स पर दिखाई देता। वहीं युवा चेहरों के लिए इंस्टाग्राम तेजी से बड़ा राजनीतिक मंच बन रहा, लेकिन सिर्फ फॉलोअर्स देखकर किसी नेता की लोकप्रियता या चुनावी ताकत का फैसला नहीं किया जा सकता। फॉलोअर्स में निष्क्रिय खाते या दूसरे राज्यों के लोग भी हो सकते।



जेन-जी आंदोलन के बाद बदले राजनीतिक माहौल में सोशल मीडिया की सक्रियता नेताओं के लिए और भी ज्यादा अहम हो गई है। ऐसे में सिर्फ फॉलोअर्स की संख्या किसी नेता की डिजिटल ताकत नहीं बताती। पोस्ट की रीच, लाइक्स, कमेंट, शेयर और लोगों की प्रतिक्रिया यह तय करती है कि नेता सोशल मीडिया पर कितना प्रभावी और जनता से उसका सीधा जुड़ाव कितना मजबूत है। साफ है कि राजस्थान में सियासी मुकाबला जितना जमीन पर है, उतना ही अब मोबाइल की स्क्रीन पर भी तय हो रहा है।



FAQ

  1. राजस्थान भाजपा और कांग्रेस में सोशल मीडिया पर कौन आगे है?
    फेसबुक पर दोनों दल बराबरी पर हैं, दोनों के 6-6 नेताओं के करीब 91.71 लाख फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम पर भाजपा 44.99 लाख के साथ आगे है, जबकि एक्स पर कांग्रेस करीब 1.12 करोड़ फॉलोअर्स के साथ मजबूत है।
  2. राजस्थान में किस नेता के सबसे ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोअर्स हैं?
    कांग्रेस में अशोक गहलोत का कुल फॉलोअर बेस करीब 1.06 करोड़ है, जबकि भाजपा में वसुंधरा राजे के करीब 1.02 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
  3. क्या ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोअर्स का मतलब ज्यादा राजनीतिक लोकप्रियता है?
    जरूरी नहीं। फॉलोअर्स में निष्क्रिय या दूसरे राज्यों के लोग भी हो सकते हैं। किसी नेता की डिजिटल ताकत का आकलन रीच, लाइक्स, कमेंट्स, शेयर और जनता की वास्तविक प्रतिक्रिया से भी होता।

ये खबर भी पढे़:-

जयपुर नगर निगम में 338 नामांकन पत्र हुए खारिज, नामांकन वापसी का कल है आखिरी दिन



जहां हुआ था आशुतोष रांका और ग्रामीणों में विवाद, वहां अब सरकारी स्कूल पर चला बुलडोजर



नाहरगढ़ पार्क में दिल दहला देने वाली घटना, बाघ के हमले से महिला कर्मचारी की मौत



भजनलाल शर्मा आज शाम करेंगे नितिन नबीन से मुलाकात, दिन में रहेंगे राजकीय कामकाज में व्यस्त



Tags:
  • सचिन पायलट
  • राजस्थान
  • गोविंद सिंह डोटासरा
  • अशोक गहलोत
  • वसुंधरा राजे
  • भजनलाल शर्मा