कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का असर बाजार में दिखा, बढ़ सकते हैं कचोरी-समोसे और चाय के दाम
News In Short
- बाजार में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई कम होने का प्रभाव दिखा
- कचोरी-समोसा बेचने वाले छोटे दुकानदार हो सकते हैं ज्यादा परेशान।
- कुछ जगह विकल्प में परंपरागत भट्टी सहित डीजल की भट्टी का प्रयोग।
- बढ़ सकती है बाजार में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी।
- खाद्य विभाग का दावा, कालाबाजारी रोकने के लिए कर रहे उपाय।
News In Detail
राजस्थान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बंद होने का प्रभाव बाजार में नजर आने लगा है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव छोटे दुकान वालों पर दिख रहा है। कचोरी, समोसा और चाय आदि बेचने वाली दुकानें और छोटे रेस्टोरेंट गैस नहीं मिलने से सीधे प्रभावित होंगे।
हालांकि, छोटी से मध्यम दर्जे की दुकानों पर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडरों का भी इस्तेमाल होता है। लेकिन, अब घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई पर भी कंट्रोल हो सकता है।
स्थिति नहीं सुधरी तो बढ़ेंगे दाम
अधिकांश छोटे और मध्यम दर्जे के चाय व नाश्ता बनाकर बेचने वाले दुकानदार किसी प्रकार काम चला रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि कुछ दुकान वाले तो घरेलू गैस सिलेंडर काम में ले रहे हैं। इनको हर दिन दो से छह सिलेंडर चाहिए।
दुकानदारों के अनुसार अब कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई तो बंद हो चुकी है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई कंट्रोल्ड है। ऐसे में पारंपरिक लकड़ी की भट्टी या डीजल की भट्टी का इस्तेमाल करने पर लागत बढ़ेगी। लागत बढ़ेगी तो चाय से लेकर कचोरी व समोसे सहित मिठाईयों के दाम भी बढ़ जाएंगे।
जेब पर भारी होगी गणगौर और नवरात्र
राजस्थान में गणगौर का त्यौहार घर-घर में मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में मिठाई के तौर पर घेवर और अन्य मिठाईयों का इस्तेमाल होता है। इसलिए राजस्थान में गणगौर पर हर छोटा-बड़ा मिठाई विक्रेता घेवर जैसी पारंपरिक मिठाई जरुर बनाता है। इसी दौरान नवरात्र भी शुरु हो जाएंगे। ऐसे में यदि कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो मिठाईयों के दाम भी बढ़ना तय है।
बढ़ सकती है कालाबाजारी
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नहीं होने पर अधिकांश दुुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल होने की संभावना है। अनेक दुकानों पर तो अभी भी घरेलू गैस सिलेंडर का ही इस्तेमाल हो रहा है। अब सप्लाई कंट्रोल्ड होने के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी होना भी तय है। उधर, खाद्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए उपाय किए जा रहे हैं। हम ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं कि सिलेंडर की कालाबाजारी नहीं हो सके।
ये भी पढ़े:-
जसवंत सिंह के परिवार में घमासान, बेटे मानवेन्द्र ने की दूसरी शादी, मां ने अंदर आने से रोका
साइबर ठगों से 'सेटिंग' का ऑडियो वायरल, एसपी ने दिए जांच के आदेश, जानिए पूरा मामला
कुंभलगढ़ को टाइगर रिजर्व बनाने का मामला, सरकार का दावा-एनटीसीए की सिफारिश के अनुरूप बढ़ेगा एरिया