बाबू से 1 किलो सोना और 75 लाख नकद मिले, करोड़ों की प्रॉपर्टी का हुआ खुलासा

Ashish Bhardwaj | Feb 13, 2026, 15:11 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में एसीबी ने फलोदी जिले के कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार पर छापेमारी की है। इसमें 75 लाख रुपए नकद, 1 किलो सोना और 2 किलो चांदी बरामद और करोड़ों की सम्पति मिली हैं।

News In Short

  • एसीबी ने राजस्थान में बाबू शुभकरण परिहार के ठिकानों पर छापेमारी की।
  • शुभकरण परिहार ने अपनी वैध आय से 938% अधिक संपत्ति अर्जित की।
  • बीकानेर से 75 लाख रुपये नकद, 1 किलो सोना और 2 किलो चांदी बरामद।
  • आरोपी के पास 4 आलीशान बंगले और 17 हेक्टेयर कृषि भूमि मिली।
  • एसीबी ने बैंक लॉकर और दस्तावेजों की जांच शुरू की, और बड़े खुलासे की उम्मीद।

News In Detail

राजस्थान में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ शुकवार को एक बड़ी छापेमारी की। यह छापा कार्रवाई फलोदी जिले की ग्राम पंचायत उदट में तैनात कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार के ठिकानों पर की गई। इस छापेमारी में एसीबी को अकूत संपत्ति मिली है।



938 प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को गोपनीय शिकायत मिली थी कि शुभकरण परिहार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए करोड़ों रुपये की काली कमाई की है। गुप्त सत्यापन के बाद यह सामने आया कि शुभकरण ने अपनी वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी आधार पर न्यायालय से वारंट प्राप्त कर आज तड़के एसीबी ने एक साथ 5 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।



सर्च ऑपरेशन में मिले चौंकाने वाले खुलासे

एसीबी की टीमों ने बीकानेर शहर, गंगाशहर, पुनरासर और फलोदी स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में जो संपत्तियां बरामद हुईं, वे किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थीं।



1नकद राशि: बीकानेर स्थित शुभकरण परिहार के आवास से लगभग 75 लाख रुपये नगद बरामद हुए।



सोना और चांदी: आरोपी के पास से 1 किलो से अधिक सोना और लगभग 2 किलो चांदी मिली।



आलीशान बंगले: बीकानेर शहर में 3 और पुनरासर गांव में 1, कुल 4 आलीशान मकानों का मालिक यह कनिष्ठ सहायक निकला।



कृषि भूमि: आरोपी के नाम पर करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि भी मिली।



एसीबी की तलाशी जारी है। इसमें और भी खुलासे होने की उम्मीद है।



एसीबी रेंज बीकानेर के उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के मार्गदर्शन में विभिन्न टीमों ने एक साथ यह छापेमारी की। फिलहाल बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी और गंगाशहर स्थित ठिकानों पर तलाशी जारी है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।



सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार का खुलासा

शुभकरण परिहार, जो एक मामूली कनिष्ठ सहायक पद पर तैनात था, के पास इतनी संपत्ति मिलने से सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हुआ है। एसीबी अब आरोपी के बैंक लॉकर और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है, जिससे और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।



ये भी पढे़:-

मध्य प्रदेश में सर्दी का असर कम, राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, ऐसा है छत्तीसगढ़ का मौसम



बजट 2026-27: 'विकसित राजस्थान' का ब्लूप्रिंट; खेती से लेकर तकनीक तक, हर सेक्टर के लिए खुला खजाना



बजट का गणित: कमाई कम और कर्ज का बोझ ज्यादा, क्या उधारी के भरोसे विकसित राजस्थान का सपना होगा पूरा



राजस्थान बजट 2026 की वो बड़ी घोषणाएं, जो हो सकती है आपके लिए काम की



Tags:
  • भ्रष्टाचार
  • बीकानेर
  • बाबू
  • एंटी करप्शन ब्यूरो
  • शुभकरण परिहार