फॉरेस्ट रेंजर हत्या मामला, सुप्रीम कोर्ट सख्त, राजस्थान सरकार से मांगा जवाब

Mukesh Sharma | Sept 23, 2026, 20:40 IST
फॉरेस्ट रेंजर हत्या मामला
फॉरेस्ट रेंजर हत्या मामला
प्रतापगढ़ में फॉरेस्ट रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत की डंपर से कुचलकर हत्या पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी।

समझें क्या है पूरा मामला

  • सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान,6 अक्टूबर तक मांगा सरकार से जवाब ।
  • 21 सितंबर को छोटी सादड़ी क्षेत्र में संदिग्ध डंपर रोकने पर रेंजर प्रताप सिंह को घसीटकर मारा।
  • एएजी ने कोर्ट को बताया-डीजीपी को कार्रवाई के निर्देश, विस्तृत रिपोर्ट जल्द होगी पेश।
  • पूर्व में भी शीर्ष अदालत राजस्थान, एमपी व यूपी को कठोर कार्रवाई के दे चुकी है आदेश।

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में फॉरेस्ट रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत की हत्या के मामले पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है।



न्यायाधीश विक्रम नाथ और न्यायाधीश संदीप मेहता की बैंच ने इस घटना को अत्यंत गंभीर और अत्यावश्यक मानते हुए मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर के लिए निर्धारित की है।



एडवोकेट ने बताया कोर्ट को

बुधवार को सीनियर एडवोकेट निखिल गोयल ने घटना के संबंध में कोर्ट को बताया। गोयल राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य से अवैध रेत खनन से संबंधित स्वतः संज्ञान मामले में न्यायमित्र के रूप में कोर्ट की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने कोर्ट को बताया कि इस घटना से संबंधित समाचार रिपोर्ट की प्रति राजस्थान सरकार की ओर से पेश हो रहे अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा को पहले ही उपलब्ध करा दी गई थी।



सुनवाई के दौरान अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा ने बैंच को बताया कि इस घटना का चंबल अभयारण्य से कोई संबंध नहीं है और यह अवैध रेत खनन का मामला भी नहीं है।



उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने इस घटना के संबंध में पुलिस महानिदेशक से बात की है और आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है, तथा राज्य सरकार की ओर से विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट कोर्ट में जल्द पेश कर दी जाएगी। इस पर कोर्ट ने कहा कि ऐसी घटना रोकने के लिए कठोरता से कार्रवाई होनी चाहिए।



गौरतलब है कि अवैध रेत खनन से संबंधित स्वतः संज्ञान मामले में सुप्रीम कोर्ट इससे पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी कर चुका है। पूर्व में 22 जुलाई, 2026 के अपने आदेश में भी न्यायालय ने राज्यों से संगठित अवैध रेत खनन के सरगनाओं और आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई पर विचार करने के निर्देश दिए थे।



क्या है पूरा मामला?

यह मामला प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी क्षेत्र का है, जहां 21 सितंबर की देर रात फॉरेस्ट रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत ने एक डंपर को रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि इसके बाद डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी और उनकी मोटरसाइकिल सहित उन्हें घसीटता हुआ ले गया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास एक तालाब के पास जेसीबी मशीन से कथित रूप से अवैध मिट्टी की खुदाई की जा रही थी।



यह खबरें भी पढ़ें...



कोचिंग इंस्टिट्यूट हटाने की पैरवी करने वाले एडवोकेट आर डी रस्तोगी को जान से मारने की धमकी



गोपालपुरा में जाम से व्यापारी बेहाल, JDA से कोचिंग संस्थानों को शिफ्ट करने की मांग



जयपुर अग्निकांड: मानव अधिकार आयोग सख्त, कलेक्टर-कमिश्नर से 13 बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट



Rajasthan Top News: निकायों में BJP का दबदबा, जयपुर अग्निकांड पर 13 सवाल



Tags:
  • सुप्रीम कोर्ट
  • राजस्थान
  • मध्य प्रदेश
  • प्रतापगढ़
  • फॉरेस्ट रेंजर