राजस्थान की चिट्ठी: वोट, नोट और आग की चोट; मेहंदी के पीछे उमड़ा मेला

Saurabh Mishra | Sept 19, 2026, 17:52 IST
Share
राजस्थान की चिठ्ठी
राजस्थान की चिठ्ठी

राजस्थान की चिट्ठी में निकाय की चौसर, कटला अग्निकांड, जेल में DVR, मेजर नव्या, किशाऊ का पानी और वायरल रील से मेहंदी पर उमड़ी भीड़ का पूरा हाल।

राजस्थान की चिठ्ठी

प्रिय राजस्थान,

मरुधरा में इस हफ्ते वोट, नोट और चोट की चर्चा रही। कहीं वोटों ने सियासत की चौसर बिछाई तो कहीं आग की लपटों ने अरमानों पर ऐसी चोट पहुंचाई कि लोगों का दिल कचोट गया। शेखावाटी की बेटी राष्ट्रपति भवन पहुंची, अदालत ने टूटता रिश्ता फिर जोड़ दिया। इन सबके बीच पानी की आस भी बंधी और एक वायरल रील ने कुंवारों को मोतीडूंगरी गणेश की मेहंदी के लिए कतारों में खड़ा करा दिया।

इस बार राजस्थान की चिट्ठी में नगर निकाय नतीजों के बाद की सियासी रस्साकशी है, तो कटले की राख से उठते सवाल भी। राष्ट्रपति भवन पहुंची शेखावाटी की बेटी की कहानी है, तो घूस के बाद खुली तिजोरी का हिसाब भी। और आखिर में मोतीडूंगरी की मेहंदी के पीछे दौड़ती उम्मीदों का दिलचस्प किस्सा भी है।

वोटिंग पूरी, अब ताजपोशी की बारी

राजस्थान निकाय चुनाव में जनता ने पार्षद चुन लिए, मगर सत्ता का असली जोड़-घटाव अब मेयर, सभापति और अध्यक्ष की कुर्सी पर आ टिका है। भाजपा 4179 वार्ड जीतकर सबसे आगे रही, कांग्रेस को 3613 और निर्दलीयों को 2273 वार्ड में जीत मिली। अब तक 32 निकाय प्रमुख निर्विरोध चुने गए हैं- 28 भाजपा, 2 कांग्रेस और दो निर्दलीय के खाते में आए।

ताजपोशकी की बारी
ताजपोशकी की बारी


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में 36 निर्दलीय जीतने के बावजूद भाजपा की अनुराधा सिंह निर्विरोध महापौर बनीं। बाकी निकायों में बाड़ेबंदी, नाम वापसी और पार्षदों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक सुर में सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी का बेजा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।यानी वोटों की पेटी बंद हुई, पर सियासत की चौपड़ पर गोटियां अभी भी चल रही।

जयपुर का कटला जला, अब अफसरों पर आंच

जयपुर के पुरोहित जी का कटला में 17 सितंबर को लगी आग कई घंटों की मशक्कत के बाद बुझ गई, लेकिन उसकी तपिश अब जिम्मेदार अफसरों तक पहुंच गई है। सेठी कॉम्प्लेक्स में लगी इस आग की चपेट में करीब 25 दुकानें आई थीं। लपटों पर काबू पाने में दमकल टीमों को करीब साढ़े सात घंटे लगे। अब मामले में मुख्य फायर सेफ्टी ऑफिसर देवेंद्र मीणा और सहायक अग्निशमन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच कमेटी बनाई गई है, जिसे सात दिन में रिपोर्ट सौंपनी है।

कटला जला
कटला जला


फायर सिस्टम, निर्माण और जिम्मेदारी सब जांच के घेरे में हैं। राख के ढेर के बीच बाजार का सवाल सीधा है कि जब करोड़ों के इंतजाम थे तो आग के वक्त वो क्यों नहीं काम आए?

केरपुरा की बेटी राष्ट्रपति की ADC बनी

शेखावाटी की धरती यूं भी वीरों की भूमि है। यहां ऐसे शूरवीर पैदा हुए हैं, जिसने मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण दिए हैं। इस हफ्ते भी शेखावाटी ने गौरव की नई इबारत लिखी। सीकर के केरपुरा गांव की मेजर नव्या शेखावत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ए़डीसी बनने वाली भारतीय थलसेना की पहली महिला अधिकारी बनी। CDS के रास्ते सेना तक पहुंचीं नव्या सैन्य परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं।

साल 2021 में सेना में शामिल हुईं और अब राष्ट्रपति के आधिकारिक-सैन्य स्टाफ का हिस्सा हैं। राजस्थान की बोली में कहें तो बेटी ने गांव का ही नहीं, पूरे सूबे का मान बढ़ाया है। केरपुरा की पगडंडी से रायसीना हिल्स तक का यह सफर इस हफ्ते की सबसे उजली खबरों में रहा।

अब आदिवासी स्कूलों में CJP की पड़ताल

राजस्थान के आदिवासी अंचल के स्कूलों की टूटी छत, पानी, शौचालय और दूसरी बुनियादी जरूरतें अब एक नए अभियान के केंद्र में हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने 'आदिवासी स्कूल ठीक करो' अभियान शुरू किया है। उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, बारां-अंता, झालावाड़ समेत आदिवासी क्षेत्रों के स्कूलों की स्थिति दर्ज करने की तैयारी है।

पार्टी का दावा है कि 15 अगस्त से चल रहे उसके अभियान में देशभर में 15 हजार से ज्यादा और राजस्थान में 500 से ज्यादा स्कूल देखे जा चुके। अब देखना यह है कि यह दस्तावेजी पड़ताल सरकारी फाइल तक पहुंचेगी या किसी गांव के स्कूल की छत और नल तक भी अपनी दस्तक देगी।

कोर्ट ने रिश्तों के टूटे धागे फिर जोड़े

राजस्थान हाईकोर्ट में इस हफ्ते कानून की किताब के पन्नों के बीच महाभारत भी आया और रिश्तों की बात भी। अलग हो चुके पति-पत्नी ने अपील के दौरान फिर साथ रहने का फैसला किया तो अदालत ने फैमिली कोर्ट की तलाक की डिक्री रद्द कर शादी को बहाल कर दिया। कोर्ट ने माना कि वैवाहिक विवाद केवल कानूनी अधिकारों का हिसाब नहीं होते, इनके पीछे परिवार और मानवीय रिश्ते भी जुड़े रहते।

महाभारत का संदर्भ देते हुए अदालत ने सुलह को अहमियत दी। इस बार कानून ने दो रास्ते अलग करने के बजाय बिखरे रिश्ते के धागों को फिर जोड़ दिया। यह गांठ रिश्ते को उलझाने वाली नहीं, बल्कि पुरानी उलझनों को सुलझाकर दो लोगों को फिर साथ बांधने वाली थी।

30 हजार की रिश्वत...20 किलो चांदी की सिल्ली तक पहुंची

भरतपुर के भुसावर में ACB ने असिस्टेंट इंजीनियर गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया तो मामला वहीं नहीं रुका। अगले दिन घर की तलाशी में 43 लाख रुपए नकद और करीब 20 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं। संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले।

अब बरामद रकम, चांदी और संपत्ति के स्रोत की पड़ताल आगे की जांच का हिस्सा है। सरकारी रिकॉर्ड भी इस बरामदगी की तस्दीक करता है। कहावत है- धागा पकड़ो तो कभी-कभी पूरी गांठ खुल जाती है; यहां 30 हजार की ट्रैप कार्रवाई ने लाखों का हिसाब सामने रख दिया।

शेखावाटी की प्यास को किशाऊ से आस

शेखावाटी में पानी सिर्फ जरूरत नहीं, पीढ़ियों से चले आ रहे इंतजार का दूसरा नाम। इस हफ्ते किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना ने इस इंतजार में उम्मीद की एक नई बूंद जोड़ी है। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राजस्थान समेत 6 राज्यों के बीच करार हुआ है। टौंस नदी पर प्रस्तावित करीब 15 हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना से राजस्थान को 124 MCM पानी मिलना है, जिसे पाइपलाइन के जरिए शेखावाटी तक पहुंचाने की योजना है।

परियोजना से 660 मेगावाट बिजली उत्पादन भी प्रस्तावित है। पानी को शेखावाटी के खेतों और घरों तक पहुंचने में अभी वक्त लगेगा, लेकिन बरसों से प्यासे इस अंचल के लिए उम्मीद की बावड़ी में एक बूंद जरूर उतर गई है।

IPS की लव स्टोरी अब थाने तक

कभी लव मैरिज से शुरू हुई बिहार कैडर के IPS भानुप्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा की कहानी अब भरतपुर के मथुरा गेट थाने तक पहुंच गई। पत्नी पूजा ने आरोप लगाया है कि उन्हें अपनी 6 साल की बेटी से दूर रखा जा रहा। वे बिहार से भरतपुर स्थित ससुराल पहुंचीं और दरवाजा नहीं खुलने के बाद पुलिस से मदद मांगी। प्रेम से शुरू हुआ रिश्ता फिलहाल शिकायत, बेटी और अधिकारों की उलझी गांठ में अटका है।

रील चली और मेहंदी के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का मेला

मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारे की मेहंदी कोई नई परंपरा नहीं, लेकिन इस बार सोशल मीडिया ने पुराने विश्वास को नई रफ्तार दे दी। वायरल रील में दावा किया गया कि गणेशजी को चढ़ी मेहंदी लगाने से कुंवारों की शादी की मुराद पूरी हो जाती। बस फिर क्या था-दिल्ली, चंडीगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दूसरे शहरों से लोग जयपुर पहुंचने लगे।

भीड़ इतनी बढ़ी कि 3500 किलो मेहंदी करीब तीन घंटे में खत्म हो गई और आसपास की सड़कों पर जाम लग गया। आस्था बरसों पुरानी थी, मगर इस बार रील ने उसे ऐसा पंख दिया कि कुंवारों की उम्मीद भी कतार में लग गई।

तो इस हफ्ते राजस्थान ने वोट भी गिने और नोट भी। कहीं आग की राख ने सिस्टम से सवाल किए, तो कहीं कोर्ट ने बिखरे रिश्ते फिर जोड़ दिए। शेखावाटी की बेटी ने सूबे का मान बढ़ाया, तो पानी की आस ने सूखी धरती पर उम्मीद की बूंद टपकाई। बाकी मरुधरा में खबरों का रंग हर सांझ के साथ बदलता है।

अगली चिट्ठी में फिर मिलेंगे, तब तक के लिए नमस्कार।

यह खबरें भी पढ़ें...

सीकर में कांग्रेस की जीत के बाद बवाल, वार्ड 17 में जमकर पत्थरबाजी

निकाय प्रमुख चुनाव से पहले बढ़ा तनाव, डोटासरा बोले- खून-खराबा हुआ तो कौन जिम्मेदार?

जयपुर निगम चुनाव: बीजेपी उम्मीदवार नहीं जाएंगे काउंटिंग सेंटर, मेयर के चेहरे पर मंथन शुरू

राजस्थान SI भर्ती री-एग्जाम: बायोमेट्रिक जांच के बाद मिलेगा प्रवेश, 20 सितंबर को परीक्षा



Tags:
  • राजस्थान
  • गोविंद सिंह डोटासरा
  • भजनलाल शर्मा
  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • निकाय चुनाव
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कारंजा ही क्यों जा रहे? बालासाहेब देवरस के गांव में सेवा की नई कसौटी

By Ramanand Tiwari

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कारंजा ही क्यों जा रहे? बालासाहेब देवरस के गांव में सेवा की नई कसौटी
MP Engineering College में 41 हजार सीटें खाली, छात्र अब डिग्री नहीं प्लेसमेंट और फैकल्टी देखकर चुन रहे कॉलेज

By Ramanand Tiwari

MP Engineering College में 41 हजार सीटें खाली, छात्र अब डिग्री नहीं प्लेसमेंट और फैकल्टी देखकर चुन रहे कॉलेज
आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े के आरोप में भोपाल के सृष्टि हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ EOW ने दर्ज किया केस

By Sandeep Kumar

आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े के आरोप में भोपाल के सृष्टि हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ EOW ने दर्ज किया केस
प्रेमी को फोन कर मिलने बुलाया, फिर पति के साथ मिलकर काटा गला, बलरामपुर वसीम हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, पति-पत्नी पहुंचे जेल

By Umeshwari Baghel

प्रेमी को फोन कर मिलने बुलाया, फिर पति के साथ मिलकर काटा गला, बलरामपुर वसीम हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, पति-पत्नी पहुंचे जेल
MP ADPO और IBPS Law Mains की तारीख टकराई, अभ्यर्थी अब किसे चुनें? MPPSC से बदलाव की गुहार

By Sandeep Kumar

MP ADPO और IBPS Law Mains की तारीख टकराई, अभ्यर्थी अब किसे चुनें? MPPSC से बदलाव की गुहार
लॉरेंस बिश्नोई के नाम 50 करोड़ की फिरौती मांगने वाला शोएब ढेबर फरार, पता बताने वाले को पुलिस देगी 5 हजार रुपए

By VINAY VERMA

लॉरेंस बिश्नोई के नाम 50 करोड़ की फिरौती मांगने वाला शोएब ढेबर फरार, पता बताने वाले को पुलिस देगी 5 हजार रुपए
MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें, MP शिक्षक भर्ती पर गरमाई सियासत, कूनो में फिर गूंजी किलकारी...

By Sandeep Kumar

MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें, MP शिक्षक भर्ती पर गरमाई सियासत, कूनो में फिर गूंजी किलकारी...