हैरी बॉक्सर कैसे बन रहा लॉरेंंस गैंग में बड़ा चेहरा, जानिए पूरी इनसाइड कहानी
कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग में हैरी बॉक्सर का नाम इन दिनों बड़ी तेजी से आ रहा है। उसकी आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक कुछ ही महीनों में गुमनामी के अंधेरे से निकलकर वह विदेश से गैंग की कमान संभालने वाला मुख्य गुर्गा बन चुका है। स्थिति यह है कि उसका नाम अब उत्तर भारत से लेकर सीधे नॉर्थ अमेरिका (उत्तरी अमेरिका) तक के मामलों में गूंज रहा है।
कैसे मिला आगे बढ़ने का मौका?
जांच एजेंसियों का मानना है कि लॉरेंस नेटवर्क को पिछले कुछ समय में मिले बड़े झटकों के बाद गैंग में एक पावर वैक्यूम (खालीपन) पैदा हो गया था।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस की चार्जशीट में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने खुलासा किया था कि लॉरेंस के अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद होने के बावजूद देश भर में उसके पास करीब 700 शूटर्स का नेटवर्क था।
उस वक्त गोल्डी बराड़ को लॉरेंस का दायां हाथ माना जाता था। उसने मूसेवाला की हत्या की पूरी साजिश रची थी। लेकिन बाद में गोल्डी बराड़ का गैंग से अलग हो जाना और लॉरेंस के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी ने इस संगठन को कमजोर कर दिया। इसी कमजोरी ने हैरी बॉक्सर जैसे नए चेहरों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता साफ कर दिया।
अचानक आई तेजी
बॉक्सर का बढ़ता रसूख हाल ही में दिल्ली और हरियाणा में हुई दो गोलीबारी की घटनाओं से एक बार फिर सामने आया। इन दिनों सोशल मीडिया पर दो ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हुईं।
इनमें से एक दिल्ली के पश्चिम विहार में बॉलीवुड सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर हुई गोलीबारी से जुड़ी थी, जबकि दूसरी हरियाणा के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल रेड्डी की उनके जिम के बाहर हुई हत्या से जुड़ी थी। ये दोनों जगहें एक-दूसरे से करीब 130 किलोमीटर दूर हैं।
पुलिस के अनुसार बॉक्सर ने इन दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है। ऑडियो रिकॉर्डिंग में उसने दावा किया कि उसने गुरु रंधावा को बॉलीवुड एक्टर सलमान खान से दूर रहने की नसीहत दी थी। सिंगर द्वारा इस बात को नजरअंदाज करने पर यह सिर्फ एक वार्निंग (चेतावनी) थी।
उसी क्लिप में बॉक्सर ने यह भी दावा किया कि जिम ट्रेनर कपिल रेड्डी को इसलिए मारा गया क्योंकि वह शेखपुरा और ढाणी पूर्णिया में हुए एक हालिया शूटआउट की साजिश में शामिल था। उसने इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी ठिकाने लगाने की धमकी दी।
साथ ही चेतावनी दी कि अगर राजस्थान में पुलिस ने उसके परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई की, तो वह और ज्यादा खतरनाक हो जाएगा। पंजाब पुलिस ने कुछ महीने पहले बॉक्सर के गांव में दबिश भी दी थी। फिलहाल पुलिस इन ऑडियो क्लिप्स की सच्चाई की जांच कर रही है।
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरी चंद जाट है। वह राजस्थान के अलवर जिले में बानसूर के पास चतरपुरा गांव का है। उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि किसान परिवार से जुड़ी रही है।
उसने बानसूर के एक कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद पुलिस, सेना और SSC की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी की थी। वह बॉक्सिंग का खिलाड़ी भी रहा। कुछ समय तक जयपुर में बतौर बॉक्सिंग कोच काम किया।
अपराध की दुनिया में कदम रखते ही माता-पिता ने उससे नाता तोड़ लिया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक बॉक्सर 2022 से फरार है। शक है कि वह 2024 में नेपाल के रास्ते अमेरिका भाग गया।
राजस्थान में उस पर एक रिटायर्ड IAS अधिकारी और एक पुलिस अधिकारी पर हमले के आरोप हैं। जयपुर के एक क्लब के बाहर हुई गोलीबारी में भी उसका नाम आया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अनुसार बॉक्सर दिल्ली में कम से कम 6 मामलों में वांटेड है। इनमें कारोबारियों और जिम मालिकों से रंगदारी (Extortion) वसूलना और फायरिंग करना शामिल है। पिछले साल अगस्त में उसने दिल्ली के एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसके बाद स्पेशल सेल ने उसके दो साथियों को दबोचा था।
मध्य प्रदेश में बढ़ाई सक्रियता
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में उस पर दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस को जयपुर, अलवर, सीकर, धौलपुर और करौली जिलों में डकैती, जानलेवा हमले और मारपीट के मामलों में उसकी सरगर्मी से तलाश है।
मध्य प्रदेश में भी कारोबारियों को धमकी देने के पीछे उसका हाथ पाया गया। उसने कुछ लोगों को अपने नेटवर्क से जोड़ लिया है। इनके जरिए गैंग इंदौर, भोपाल, अशोक नगर और गुना में कई कारोबारियों को धमकी दे चुका है।
इंदौर में लॉरेंस गैंग से अब तक विवेक दम्मानी, संजय मोगरा, रंजन मित्तल, चेतन सिंह, कुंवर सिंह और मेवाड़ अस्पताल संचालक को धमकी मिली चुकी है। पुलिस को सूचना है कि कुछ कारोबारियों ने डर के कारण पैसा भी दिया। बताया जाता है कि पैसे का लेनदेन हैरी बॉक्सर के जरिए हुआ।
डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी के अनुसार गैंग के अभी तक 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश राहुल उर्फ बाबा के साथ ही राजपाल चंद्रावत, सोनू उर्फ रितेश खंगार, सचिन उर्फ वेद प्रकाश शर्मा, नाना उर्फ रोहित बर्रा और कुलदीप चौहान को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बॉलीवुड को धमकियां
हैरी बॉक्सर पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिछले साल अगस्त में तब चर्चा में आया, जब कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बाहर गोलियां चलाई गईं।
इस घटना के अगले ही दिन बॉक्सर का एक कथित ऑडियो सामने आया। इसमें उसने खुद को लॉरेंस गैंग का हिस्सा बताते हुए पूरे बॉलीवुड को धमकी दी थी। उसने साफ कहा था कि कोई भी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर या एक्टर सलमान खान के साथ काम न करे।
1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर लॉरेंस गैंग लंबे समय से सलमान खान के पीछे पड़ा है। पिछले साल सलमान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद उनकी सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी साल फरवरी में बॉक्सर ने बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और डायरेक्टर रोहित शेट्टी को भी धमकाया था। रणवीर के मैनेजर सुब्रमण्यन को बॉक्सर के तीन वॉइस नोट मिले थे, जिनमें से एक में 20 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
ये धमकियां रोहित शेट्टी के मुंबई वाले घर के बाहर हुई फायरिंग के ठीक एक हफ्ते बाद दी गईं। इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने बॉक्सर के खिलाफ केस दर्ज कर लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है।
गैंगवार ने बनाया रास्ता
सूत्रों का कहना है कि हैरी बॉक्सर का यह उभार लॉरेंस गुट और गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा के विरोधी गुट के बीच बढ़ती दुश्मनी का नतीजा है।
पिछले साल अक्टूबर में कैलिफोर्निया (अमेरिका) में बॉक्सर पर एक जानलेवा हमला हुआ था। इसका आरोप बराड़-गोदारा गैंग पर लगा। इस हमले में बॉक्सर का एक साथी मारा गया, जबकि बॉक्सर बाल-बाल बच गया था।
इसके तुरंत बाद रोहित गोदारा के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट आई। इसमें लिखा था, यह हैरी बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई का चमचा है। यह अपने साथी को छोड़कर भाग गया।
इस पोस्ट में दावा किया गया था कि बराड़-गोदारा गठजोड़ के आगे लॉरेंस की कोई हैसियत नहीं है। लॉरेंस पर धोखेबाज़ी का आरोप लगाते हुए उसके पूरे नेटवर्क को खत्म करने की कसम खाई गई थी। हालांकि, बाद में बॉक्सर ने इस बात से इनकार किया कि बराड़ या उसके साथियों ने उस पर कोई हमला किया था।
सितंबर 2025 में इन दोनों गुटों की यह जंग सोशल मीडिया पर तब और भड़क गई, जब एक्ट्रेस दिशा पटानी के बरेली वाले घर के बाहर फायरिंग हुई।
बराड़ गुट ने इसकी जिम्मेदारी ली तो बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर विरोधियों को गद्दार और ढोंगी बताया। बॉक्सर ने लिखा था कि सभी भाई ऐसे लोगों के बहकावे में न आएं। ये सिर्फ अपने फायदे के लिए पैसे कमा रहे हैं, इसीलिए इन्हें ग्रुप से निकाला गया था।
दिल्ली पुलिस ने पहले विदेश से गैंग चलाने वाले पांच सबसे वॉन्टेड गैंगस्टरों की लिस्ट जारी की थी-हिमांशु भाऊ, सूर्य प्रताप उर्फ नोनी राणा, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और कपिल सांगवान। अब जांच एजेंसियों का मानना है कि हैरी बॉक्सर भी इस लिस्ट में मजबूती से शामिल हो चुका है।
FAQ
- हैरी बॉक्सर कौन है और उसका लॉरेंस गैंग से क्या संबंध हैं?
हैरी बॉक्सर कुख्यात लॉरेंस गैंग का मुख्य गुर्गा है। अपराधों में उसका नाम अब उत्तर भारत से लेकर सीधे नॉर्थ अमेरिका (उत्तरी अमेरिका) तक के मामलों में गूंज रहा है। - हैरी बॉक्सर का बैकग्राउंड क्या है?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरी चंद जाट है। वह राजस्थान के अलवर जिले में बानसूर के पास चतरपुरा गांव का है। उसकी पृष्ठभूमि किसान परिवार से जुड़ी रही है। उसने बानसूर के एक कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद पुलिस, सेना और SSC की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी की थी। वह बॉक्सिंग का खिलाड़ी भी रहा। कुछ समय तक जयपुर में बतौर बॉक्सिंग कोच काम किया। बाद में अपराध से जुड़ गया। - हैरी बॉक्सर क्यों पुलिस की पकड़ से बाहर है?
हैरी बॉक्सर की कई राज्यों में वांटेड है। पुलिस को शक है कि वह विदेश में है और वहीं से गैंग चला रहा है।
ये खबर भी पढे़:-
महंत देवानंद हत्याकांड में पुणे से 3 गिरफ्तार, VPN से छुपा रहे थे लोकेशन
असिस्टेंट प्रोफेसर बनना है तो आज ही करें अप्लाई, परीक्षा 6 सितम्बर को
एयरबैग नहीं खुले, महिला की मौत के मामले में कंपनी पर 40 लाख का हर्जाना
RGHS में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, SOG ने तीन लैब कार्मिक किए गिरफ्तार