राजस्थान में फिर भर्ती की तैयारी, नर्सिंग ऑफिसर और ANM के 19 हजार पदों पर होगी परीक्षा
News In Short
- राजस्थान में नर्सिंग ऑफिसर और एएनएम के 19,000 पदों पर होगी भर्ती।
- इस भर्ती में 12,000 नर्सिंग ऑफिसर और 7,000 एएनएम के पद शामिल हैं।
- भर्ती में लिखित परीक्षा को अनिवार्य किया जाएगा, जो अब तक नहीं थी।
- इससे पूर्व 2023 में नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम और पैरामेडिकल के पदों पर हुई थी भर्ती।
- भर्ती विज्ञापन जल्द जारी होने की उम्मीद, फ्रेशर्स को मिलेगा फायदा।
News In Detail
Jaipur: राजस्थान में एक बार फिर बड़ी भर्ती निकालने की तैयारी है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने नर्सिंग ऑफिसर और एएनएम (सहायक नर्सिंग मिडवाइफ) के कुल 19 हजार पदों पर भर्ती के नियमों को मंजूरी दे दी है। यह भर्ती जल्द ही निकाली जा सकती है। दिसंबर 2023 में हुई भर्ती के बाद यह सबसे बड़ी भर्ती होगी।
कितने पदों पर होगी भर्ती?
राजस्थान चिकित्सा विभाग की इस भर्ती में कुल 19,000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें से नर्सिंग ऑफिसर के 12,000 पद और एएनएम के 7,000 पद लिए निर्धारित किए गए हैं। इससे पूर्व राजस्थान स्वास्थ्य विभाग में 2023 के दौरान नर्सिंग ऑफिसर (8750 पद), एएनएम (3736 पद), और पैरामेडिकल (3745 पद) के पदों पर भर्तियां की गई थीं।
नए नियमों में लिखित परीक्षा का प्रावधान
इस भर्ती में सबसे अहम बदलाव यह है कि अब सीधी भर्ती में लिखित परीक्षा को शामिल करने का प्रस्ताव है। अब तक भर्ती केवल मेरिट और बोनस अंकों के आधार पर होती थी, जिससे फ्रेशर्स उम्मीदवारों को अनुभव के अंक न होने के कारण बाहर होना पड़ता था। नए संशोधित नियमों में परीक्षा, मेरिट और बोनस, तीनों को समाहित कर भर्ती करने की संभावना है।
नियमों में संशोधन
सीएमओ पत्र को आधार बनाकर स्वास्थ्य निदेशालय यह भर्ती करेगा। इसीलिए राजस्थान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधीनस्थ सेवा नियम, 1965 में संशोधन किया गया है। कार्मिक विभाग ने 2022 में एक नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसके अनुसार सीधी भर्ती मेरिट और बोनस अंकों के आधार पर की जानी थी। अब हजारों फ्रेशर्स की मांग को देखते हुए लिखित परीक्षा को अनिवार्य किया जा सकता है।
कब तक जारी होगा विज्ञापन?
भर्ती नियमों की फाइल को कार्मिक एवं वित्त विभाग से मंजूरी मिलते ही विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। यह भर्ती उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लिखित परीक्षा के प्रावधान से फ्रेशर्स को भी फायदा होने की उम्मीद है।
ये भी पढे़:-
एसआई भर्ती 2021: चयनित थानेदारों ने सरकार को दिया एफिडेविट, बोले-हम अग्निपरीक्षा से गुजरने को तैयार
गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे होंगे वापस, आश्रितों को मिलेगी सरकारी नौकरी
भुज-दिल्ली के बीच चलेगी नई ट्रेन, पाली मारवाड़ के यात्रियों को यह मिलेगी सुविधा
पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल ने घुटने टेके, जानिए गिरफ्त में आने के अलावा नहीं बचा था कोई रास्ता