दिखा फिल्मों जैसा नजारा, रेतीले तूफान ने शहरों को लिया आगोश में, दिन में हो गई रात
News In Short
- चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर में दोपहर 2 बजे अचानक रेतीला तूफान आया।
- 70 किमी/घंटा रफ्तार वाली आंधी और धूल के गुबार ने अंधेरा कर दिया।
- सड़कों पर वाहनों की गति थम गई, हेडलाइट्स जलानी पड़ी।
- 30 मिनट बाद तूफान शांत हुआ। इसके बाद कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
- बदले हुए मौसम से तापमान में लगभग 8 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई।
News In Detail
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में शनिवार दोपहर बवंडर आ गया। बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू में दोपहर लगभग 2 बजे मौसम अचानक बदल गया। धूल भरी आंधियां चलने से आसमान में धूल का विशाल गुबार उठने लगा। इसने पूरे सूरज को अपने आगोश में ले लिया।
हवाओं की रफ्तार और तूफान की अवधि
मौसम विभाग के अनुसार यह मामूली आंधी नहीं थी। हवाओं की रफ्तार लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटा मापी गई। रेतीले तूफान ने करीब 30 मिनट तक तांडव किया। सड़क पर चल रहे वाहन थम गए और लोग अपने घरों में खिड़कियां और दरवाजे बंद करके सुरक्षित हो गए।
बारिश से तापमान में गिरावट
धूल का बवंडर शांत होने के तुरंत बाद आसमान में घने बादल छा गए। कई इलाकों में तेज और हल्की बारिश शुरू हो गई।
आंधी और बारिश की जुगलबंदी ने 45 डिग्री के पार चल रहे तापमान को अचानक नीचे गिरा दिया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में लगभग 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय लोगों ने उमस और लू से बड़ी राहत महसूस की।
बाजारों में मची अफरा-तफरी, ठप हुई बिजली
अचानक आए बवंडर के कारण कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उड़ती धूल से बचने के लिए लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
इस भयंकर बवंडर की वजह से तीनों जिलों में कई शहरों में पेड़ उखड गए। कई स्थानों पर बिजली की पोल उखड़ने क सूचना है। इससे बिजली आपूर्ति ठप कर दी।
अगले 4-5 दिन ऐसा ही रहेगा मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान में अगले 4 से 5 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश रहने की संभावना है। बारिश के कारण झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ जाएगा।
ये भी पढे़:-
पैरोल के बाद भी कैदी हिरासत में, सुप्रीम कोर्ट ने दिया 11 लाख के मुआवजे के आदेश
हाई कोर्ट ने पलटा सिंगल बेंच का आदेश, खनिज ब्लॉकों की नीलामी का रास्ता साफ
कौन है आईएएस अदिति वार्ष्णेय, जिनका बदल दिया कैडर, जानें क्या रहे कारण
किसानों ने किया रेलवे ट्रैक को जाम, गेहूं खरीद को लेकर हो रहा है आंदोलन