राजस्थान SET 2026 की पात्रता, फीस और परीक्षा पैटर्न, सब कुछ यहां जानें
समझें क्या है पूरा मामला
- 14 जून से भरे जायेंगे SET 2026 के फॉर्म, 6 सितंबर को होगी परीक्षा।
- लगभग 2 लाख उम्मीदवार बैठेंगे, कोटा विश्वविद्यालय करेगा आयोजन।
- 130 यूनिवर्सिटी और 2000 कॉलेज में प्रोफेसर बनने की मिलेगी योग्यता।
- इस बार पांच नए विषय जुड़े, पेपर में नेगेटिव मार्किंग नहीं।
- कोई एज लिमिट नहीं, उम्मीदवार SSO ID से करें आवेदन।
राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा 2026 (SET 2026) का आयोजन इस बार कोटा विश्वविद्यालय करेगा। परीक्षा 6 सितंबर 2026 को होगी। रजिस्ट्रेशन 14 जून से 15 जुलाई 2026 तक किए जाएंगे।
इस परीक्षा में पास होने पर राजस्थान की 130 से अधिक यूनिवर्सिटी और करीब 2000 कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्ति की पात्रता मिलती है। इस बार 5 नए विषय जोड़े गए हैं और नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
कोटा विश्वविद्यालय को मिली जिम्मेदारी
कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बीपी सारस्वत ने शुक्रवार को मीडिया के साथ परीक्षा की पूरी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इससे पहले यह परीक्षा राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) आयोजित करता था। साल 2023 में बांसवाड़ा विश्वविद्यालय ने इसका आयोजन किया था। यह दूसरा मौका है जब कोई विश्वविद्यालय यह परीक्षा करा रहा है।
पिछली बार यानी साढ़े तीन साल पहले हुई परीक्षा में करीब 1.35 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। इस बार 2 लाख के आसपास उम्मीदवारों के परीक्षा देने का अनुमान है।
SSO ID से करें ऑनलाइन आवेदन
परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन राजस्थान सरकार के आधिकारिक रिक्रूटमेंट पोर्टल के जरिए होगा। उम्मीदवार अपनी SSO ID (Single Sign-On Identity) के जरिए सीधे पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
कोटा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राजपाल सिंह ने बताया कि फॉर्म फिलिंग और डेटा मैनेजमेंट का काम राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (Department of Information Technology and Communication) के जरिए करवाया जाएगा।
पात्रता और फीस
परीक्षा में बैठने के लिए पोस्टग्रेजुएट (PG) पास अभ्यर्थी या अंतिम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी पात्र होंगे। कोई आयु सीमा नहीं है। अंक प्रतिशत की शर्त इस प्रकार है। सामान्य वर्ग (General Category) के लिए 55 फीसदी अंक जरूरी हैं। SC, ST, OBC, दिव्यांग और थर्ड जेंडर के लिए 50 फीसदी अंक पर्याप्त हैं।
आवेदन शुल्क इस प्रकार तय किया गया है। सामान्य वर्ग के लिए 1500 रुपए, OBC और EWS (Economically Weaker Section) के लिए 1200 रुपए तथा SC, ST और दिव्यांग वर्ग के लिए 750 रुपए।
परीक्षा पैटर्न और 5 नए विषय
परीक्षा 3 घंटे की होगी जिसमें कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। पूरा प्रश्न पत्र 300 अंक का होगा और प्रत्येक सही उत्तर के 2 अंक मिलेंगे। नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
पेपर दो भागों में होगा। पहले भाग में 50 प्रश्न सामान्य ज्ञान, शिक्षण एवं शोध अभिक्षमता और तार्किक क्षमता से संबंधित होंगे। दूसरे भाग में 100 प्रश्न उम्मीदवार के चुने हुए विषय से होंगे।
इस बार 35 विषयों में परीक्षा आयोजित होगी जिसमें पांच नए विषय जोड़े गए हैं। ये नए विषय हैं राजस्थानी, सिंधी, पंजाबी, फारसी और उर्दू।
पेपर लीक रोकने के कड़े इंतजाम
प्रो. बीपी सारस्वत ने बताया कि पेपर लीक की घटनाओं से बचाव के लिए पूरे इंतजाम किए जाएंगे। परीक्षा केवल संभाग मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑब्जर्वर और उड़न दस्ते भी बनाए जाएंगे।
130 यूनिवर्सिटी और 2000 कॉलेज में मिलेगी पात्रता
SET पास करने पर राजस्थान के 34 सरकारी और करीब 100 निजी विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश के करीब 2000 कॉलेजों में भी यह पात्रता लागू होगी। यदि UGC NET पास किया जाए तो पूरे भारत में यह पात्रता मिलती है।
FAQ
- SET और UGC NET में क्या फर्क है?
SET (State Eligibility Test) पास करने पर केवल उस राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर पात्रता मिलती है। UGC NET पास करने पर पूरे भारत के किसी भी केंद्रीय या राज्य के विश्वविद्यालय में यह पात्रता मिलती है। - SET 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार 14 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच राजस्थान सरकार के आधिकारिक रिक्रूटमेंट पोर्टल पर अपनी SSO ID से लॉगइन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। - क्या SET 2026 पास करने के बाद सीधे नौकरी मिलती है?
नहीं, SET पास करने से केवल असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता मिलती है। नौकरी के लिए अलग से भर्ती प्रक्रिया होती है जिसमें इस पात्रता का होना अनिवार्य है।
ये भी पढ़ें:-
मांड गायिका गवरी देवी का निधन, अंतिम समय तक रहीं सक्रिय
बर्थ सर्टिफिकेट में नाम दर्ज कराने की आखिरी छूट खत्म, जानिए क्यों?
किरोड़ीलाल पड़े भाजपा में अलग-थलग, जानिए सियासत की पूरी कहानी?
पान मसाला विज्ञापन में सलमान को राहत, नहीं आना होगा कोटा