राजस्थान में स्वाइन फ्लू का खतरा! 8 गुना बढ़े मरीज, कितना तैयार स्वास्थ्य विभाग?

Mukesh Sharma | Aug 26, 2026, 18:12 IST
राजस्थान में स्वाइन फ्लू
राजस्थान में H1N1 संक्रमण के मामले पिछले साल से करीब आठ गुना बढ़े हैं। अगस्त के पहले 15 दिन में 129 केस मिले। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के संक्रमित होने से चिंता बढ़ी है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान में H1N1 संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं।
  • अगस्त के पहले 15 दिन में 129 केस सामने आए।
  • पिछले साल इसी अवधि में सिर्फ 16 केस मिले थे।
  • कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी संक्रमित पाए गए।
  • बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं।

राजस्थान में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे। पिछले साल की तुलना में इस बार करीब आठ गुना तक मरीज बढ़ चुके हैं। अगस्त 2026 के पहले 15 दिन में प्रदेश में 129 केस सामने आ चुके, जबकि पिछले साल इसी दौरान इस वायरस से संक्रमित सिर्फ 16 मरीज मिले थे।



दूसरी ओर पड़ोसी दिल्ली में भी लगातार नए मरीज सामने आने से संक्रमण को लेकर खतरा बढ़ता दिख रहा। ऐसे समय में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा के H1N1 पॉजिटिव पाए जाने और SMS अस्पताल में भर्ती होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे।



चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मौसमी बीमारियों और स्वाइन फ्लू की स्थिति की समीक्षा जरूर की, लेकिन बढ़ते मामलों के बीच अस्पतालों की जमीनी तैयारी, सर्विलांस और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था कितनी मजबूत है? यह सवाल सबसे अहम है?



स्वाइन फ्लू के इस साल 129 केस

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अगस्त 2026 के पहले 15 दिन में राजस्थान में H1N1 वायरस से संक्रमण के कुल 129 मामले सामने आए हैं। पिछले साल इसी अवधि में सिर्फ 16 मरीज मिले थे। यानी मामलों में करीब 8 गुना बढ़ोतरी हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस साल अब तक स्वाइन फ्लू से किसी मौत की सूचना नहीं है। वहीं 2024 में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के एक हजार से ज्यादा मामले और 12 मौतें दर्ज हुई थीं। ऐसे में मौजूदा आंकड़े 2024 की स्थिति से काफी कम हैं, लेकिन पिछले साल के मुकाबले अचानक बढ़ा संक्रमण स्वास्थ्य विभाग के लिए चेतावनी जरूर है।



कृषि मंत्री के संक्रमित होने के बाद बढ़ी चिंता

स्वाइन फ्लू संक्रमण को लेकर चिंता उस वक्त और बढ़ गई जब कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया और मेडिकल ICU में रखा गया। संक्रमण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए संबंधित बेड को सील किया गया है तथा मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।



एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के संक्रमित होने की घटना ने प्रदेश में बढ़ते H1N1 मामलों को लेकर चर्चा तेज कर दी। खास तौर पर तब, जब पिछले साल के मुकाबले संक्रमण के आंकड़े कई गुना बढ़ चुके हैं।



स्वास्थ्य मंत्री ने बैठक की पर तैयारी पर उठ रहे सवाल

स्वाइन फ्लू और मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों को मॉनिटरिंग बढ़ाने और अस्पतालों को आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए।



बेनीवाल ने भी उठाए सवाल

हनुमान बेनीवाल ने भी सरकार से सवाल किया है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली को गैर-जिम्मेदाराना बताया है।



हनुमान बेनीवाल


क्या केवल एक बैठक और निर्देश काफी हैं?

राजस्थान में स्वाइन फ्लू के संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। पड़ोसी दिल्ली में भी नए मरीज तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसे में राजस्थान में अस्पतालों में आइसोलेशन बेड, जांच की सुविधा, दवाओं की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण और संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान जैसी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी जरूरी है और इन पहलूओं पर सरकार की तैयारी कैसी है? ये भी सामने आना जरूरी है।



खासकर सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ और संसाधनों पर दबाव की स्थिति में संक्रमण फैलने का जोखिम बढ़ सकता। इसलिए विभाग की तैयारियों का आकलन केवल बैठकों तक सीमित न रहकर अस्पताल स्तर पर भी दिखाई देना जरूरी है।



दिल्ली में स्वाइन फ्लू के नए मरीज, राजस्थान में भी सतर्कता जरूरी

राजस्थान की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए पड़ोसी राज्यों की स्थिति भी अहम है। दिल्ली में लगातार स्वाइन फ्लू के नए मरीज सामने आने के बीच राजस्थान में भी सर्विलांस मजबूत करने की जरूरत बढ़ गई। राज्य में आने-जाने वाले लोगों की बड़ी संख्या और दोनों राज्यों के बीच लगातार आवागमन को देखते हुए संक्रमण की निगरानी अहम है।



स्वास्थ्य संस्थानों को संभावित मरीजों की पहचान, जांच और जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन की व्यवस्था के लिए तैयार रखना जरूरी है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने और अस्पतालों को तैयार रखने पर जोर दिया है, लेकिन मामलों में आठ गुना बढ़ोतरी को देखते हुए यह देखना होगा कि ये तैयारियां वास्तव में अस्पतालों और फील्ड स्तर पर कितनी प्रभावी हैं।



महामारी जैसी स्थिति नहीं पर लापरवाही खतरनाक

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार H1N1 को फिलहाल किसी नए वायरस या नए स्ट्रेन से जोड़ने का आधार नहीं है। इसे मौसमी वायरल संक्रमण के तौर पर देखा जा रहा। 2009 में H1N1 के सामने आने के समय इसे महामारी के रूप में देखा गया था, लेकिन समय के साथ आबादी में इसके प्रति प्रतिरोधक क्षमता डेवलप हो गई है। इसका मतलब यह नहीं है कि संक्रमण को हल्के में लिया जाए। खासकर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम वाले लोगों में फ्लू गंभीर रूप ले सकता है। इसलिए लक्षण होने पर समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह जरूरी है।



स्वाइन फ्लू के आंकड़े डराने वाले हैं या चेतावनी देने वाले?

राजस्थान में इस साल अब तक 129 H1N1 केस सामने आना अपने आप में महामारी की पुष्टि नहीं करता, लेकिन पिछले साल के 16 मामलों की तुलना में करीब आठ गुना बढ़ोतरी को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। स्वास्थ्य विभाग के सामने चुनौती दोहरी है- एक तरफ गैरजरूरी डर और अफवाहों को रोकना, दूसरी ओर संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर अस्पतालों और फील्ड स्टाफ को पूरी तरह तैयार रखना।



ऐसे में आने वाले दिनों में सिर्फ नए मामलों की संख्या ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में मरीजों की स्थिति, गंभीर मामलों का अनुपात और संक्रमण से होने वाली मौतों पर भी नजर रखना जरूरी होगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही, लेकिन बढ़ते आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के लिए साफ चेतावनी हैं कि तैयारी कागजों और बैठकों से आगे जमीन पर भी दिखाई देनी चाहिए।



ये खबर भी पढे़:-

5-स्टार होटल में 10 दिनों तक ठहरा परिवार, खाया-पिया और बिना बिल दिए हुए फरार



डोटासरा का बड़ा आरोप, टिकट के लिए अफसरों से फीडबैक ले रही भाजपा



जीरा और सौंफ पर क्यों लड़ रहे राजस्थान और गुजरात? किसानों ने GI Tag पर उठाए सवाल



राजस्थान निकाय चुनाव नामांकन कल से, उम्मीदवारों के पास बस 3 दिन, जानें शेड्यूल



Tags:
  • स्वास्थ्य विभाग
  • सरकारी अस्पताल
  • स्वास्थ्य व्यवस्था
  • किरोड़ी लाल मीणा
  • चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर