स्पेलिंग मिस्टेक ने बिगाड़ा खेल: 'Secretary' की गलत स्पेलिंग से खुली 20 'खिलाड़ियों' की पोल, फर्जीवाड़ा कर नौकरी ली
News In Short
- एसओजी का खुलासा, ताइक्वांडो के फर्जी खिलाडियों ने हासिल की सरकारी नौकरी।
- राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती-2022 की परीक्षा में हुआ खेल कोटे का दुरूपयोग।
- ताइक्वांडो फेडरेशन की फर्जी ईमेल आईडी बनी आरोपियों का सिरदर्द।
- दुबई से बनाई गई थी फर्जी ई-मेल आईडी, दलालों की भी की जा रही है तलाश।
- एसओजी ने कई जिलों में की
News In Detail
जागेश्वर प्रसाद @ जयपुर
कहते हैं कि नकल के लिए भी अकल की जरूरत होती है, लेकिन राजस्थान के इस ताजा मामले ने साबित कर दिया कि 'अकल' के बिना 'नकल' और 'फर्जीवाड़ा' दोनों ही भारी पड़ सकते हैं। राजस्थान में ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्ती-2022 में खेल कोटे से नौकरी पाने का जो दांव 'ताइक्वांडो' अभ्यर्थियों ने चला था, उसे एसओजी (SOG) ने एक छोटी सी स्पेलिंग मिस्टेक से चित कर दिया है। एसओजी ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है।
14 जिलों में छापेमारी
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के नेतृत्व में टीमों ने राजस्थान के 14 जिलों (जोधपुर, बीकानेर, जयपुर ग्रामीण से लेकर बालोतरा तक) और हरियाणा में एक साथ छापेमारी की। कुल 20 लोगों को गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ताइक्वांडो के फर्जी प्रमाण पत्र और नकली सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की थी।
सारा खेल एक 'A' का
इस पूरे स्कैम का पर्दाफाश किसी बड़ी जासूसी से नहीं, बल्कि एक मामूली ईमेल स्क्रीनशॉट से हुआ। जालसाजों ने राजस्थान शिक्षा विभाग को झांसा देने के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन की फर्जी ईमेल आईडी बनाई थी। लेकिन, जोश में वे होश खो बैठे और 'Secretary' को 'Secreatary' लिख दिया। बस, इसी एक एक्स्ट्रा 'a' ने अधिकारियों के कान खड़े कर दिए कि इतना बड़ा नेशनल फेडरेशन अपने पद की स्पेलिंग गलत कैसे लिख सकता है।
सत्यापन में सामने आया फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि जब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने खेल कोटे में चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन को ई-मेल भेजा, तो इसकी भनक आरोपियों को लग गई। इसके बाद उन्होंने असली ई-मेल से मिलती-जुलती एक नकली ई-मेल आईडी बनाकर शिक्षा विभाग को फर्जी सत्यापन रिपोर्ट भेज दी, जिससे अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो गई।
आरोपियों द्वारा उपयोग की गई ई-मेल आईडी: secreatarytaekwondoindia@gmail.com
ताइक्वांडो फेडरेशन की वास्तविक ई-मेल आईडी: secretarytaekwondoindia@gmail.com
दुबई से बनाई गई थी फर्जी ई-मेल आईडी
तकनीकी जांच में पता चला कि यह संदिग्ध ई-मेल आईडी दुबई से बनाई गई थी। जांच के बाद विमलेंदु कुमार झा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो इस ई-मेल का इस्तेमाल कर रहा था। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की सूची में उसका नाम किसी पदाधिकारी के रूप में नहीं मिला। उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी रवि शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वह मोबाइल सिम भी बरामद कर ली जिससे फर्जी ई-मेल बनाई गई थी।
पत्नी को नौकरी दिलाने के लिए बनवाया फर्जी सर्टिफिकेट
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गजानंद प्रजापत ने अपनी पत्नी बसंती उर्फ बंटी प्रजापत के लिए दलालों को पैसे देकर फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्र बनवाया और उसी के आधार पर खेल कोटे से आवेदन करवाया।
दलालों की भी तलाश
प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कई अभ्यर्थियों को दलालों ने मोटी रकम लेकर फर्जी खेल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए थे। अब SOG यह पता लगाने में जुटी है कि अभ्यर्थियों से कितनी रकम वसूली गई और यह पैसा किन-किन लोगों तक पहुंचा।
एसओजी ने जोधपुर, जालोर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा, जयपुर ग्रामीण, सीकर, झुंझुनूं, नागौर, बालोतरा और फलौदी समेत कई जिलों में कार्यवाई की है। सभी आरोपियों को जयपुर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच डीएसपी बाबूलाल मुरारिया कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ आईपीसी व आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढे़:-
मंगलसूत्र सीधा महिला चोर के पेट में, पुलिस ने एक्स-रे मशीन से पकड़े चोरी किए गहने
5561 किमी ट्रैक पर दुर्घटना रोकने बिछेगा सुरक्षा जाल, 2300 करोड़ रुपए होंगे खर्च
राजस्थान रॉयल्स 17 मार्च से करेगी अभ्यास, पहला मैच 30 मार्च को
नंबर आए शानदार तो मिला हेलिकॉप्टर से सैर का तोहफा, प्रिंसीपल ने खुद के खर्चे पर किया सपना साकार