दिल्ली की सीएम पर विवादित पोस्ट को शेयर करने पर फंसा भाजपा नेता, एफआईआर दर्ज करने के आदेश
News In Short
- दिल्ली की सीएम पर विवादित पोस्ट शेयर करने पर फंसे अजमेर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी।
- एसीजेएम कोर्ट ने पुलिस को रमेश सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच के निर्देश दिए
- मूल पोस्ट करने वाले कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी पीयूष सुराणा की हो चुकी है गिरफ्तारी।
- सुराणा के भाई ने भाजपा नेता के खिलाफ कोर्ट में उठाई थी समान कार्रवाई की मांग।
- पुलिस स्टेशन में आरोपी कांग्रेस नेता पीयूष सुराणा पर भाजपा महिला नेता ने फेंकी थी स्याही।
News In Detail
राजस्थान में अजमेर के जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए विवादित पोस्ट को री—पोस्ट करना भारी पड़ गया है।
अजमेर के एसीजेएम कोर्ट-2 ने सोनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने गंज थाने को सोनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करके जांच करने को कहा है। सोनी ने पीयूष सुराणा की कथित रुप से विवादित पोस्ट को री—पोस्ट किया था।
कांग्रेस आईटी सेल का पूर्व पदाधिकारी है जेल में
इस मामले में अजमेर में कांग्रेस आईटी सेल के पूर्व पदाधिकारी पीयूष सुराणा को आईटी एक्ट की विभिन्न धारा में गिरफ्तार किया गया था। सुराणा फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
री-पोस्ट करने वाले सोनी पर उठे थे सवाल
कांग्रेस नेता सुराणा के परिजनों का कहना था कि भाजपा के शहर प्रमुख रमेश सोनी ने भी उस पोस्ट को री-पोस्ट किया था। यदि सुराणा को पोस्ट करने के लिए गिरफ्तार किया है तो सोनी को री-पोस्ट करने के लिए क्यों नहीं पकड़ा जा रहा, जबकि आपत्तिजनक पोस्ट को री-पोस्ट करना भी अपराध है।
पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीयूष के भाई श्रेयांश सुराणा ने रमेश सोनी के विरुद्ध कोर्ट में इस्तगासा दायर किया था। श्रेयांश के वकील का कहना था कि यदि मूल पोस्ट को आपत्तिजनक माना है तो उसे शेयर करने वाले भी समान रुप से आरोपी होंगे। रमेश सोनी द्वारा रीपोस्ट किए जाने के बाद कई अन्य लोगों ने भी उस पोस्ट को शेयर किया है।
गिरफ्तार पीयूष सुराणा के परिजनों ने पुलिस व प्रशासन को लिखित में प्रतिवेदन देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग भी की थी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीयूष के भाई ने कोर्ट में इस्तगासे दायर कर पुलिस को रमेश सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए थे।
पीयूष पर थाने में फेंकी थी स्याही
विवादित पोस्ट के बाद पुलिस ने पीयूष सुराणा को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान भाजपा की एक महिला नेता ने थाने में पुलिसकर्मियों की हिरासत में ही पीयूष सुराणा पर स्याही फेंक दी थी। अजमेर एसपी ने इसे ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था।
ये भी पढे़:-
खाटू श्याम मंदिर कमेटी की फॉर्च्यूनर ने ढहाया कहर, गाड़ी से मिली शराब की बोतलें, एक युवक की मौत
फ्रीज बैंक खातों के लिए शुरू हुआ GRM मॉड्यूल, अब नहीं काटने होंगे बैंक और पुलिस के चक्कर
रणथंभौर नेशनल पार्क से 2 बाघिन हुई गायब, वन विभाग की 5 टीम जुटी तलाश में
अब डॉक्टर और स्टाफ साइकिल से आएंगे अस्पताल, पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए जारी हुआ आदेश