शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक रहेगी जंग, दिल्ली प्रोटेस्ट पर बोले सचिन पायलट
ऐसे समझें पूरा मामला
- पायलट बोले, लोक कल्याण मार्ग पर अलोकतांत्रिक व्यवहार, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जंग।
- पुलिसिया बर्बरता, धरने पर बैठे नेताओं और निर्दोष छात्रों पर लाठीचार्ज अलोकतांत्रिक।
- अस्पताल में छात्र, गंभीर रूप से घायल अभ्यर्थियों को न्याय और सुरक्षा दे सरकार।
- माफिया का बोलबाला, कोचिंग माफिया की लूट और लगातार पेपर लीक से युवा परेशान।
- कांग्रेस नेता ने कहा, मुकदमे वापसी और इस्तीफे तक सड़कों से संसद तक जारी रहेगा आंदोलन।
राजस्थान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने केंद्र व राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने और अहंकार की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
दौसा में मीडिया से रूबरू होते हुए पायलट ने कहा कि पिछले कुछ समय से सरकार का रवैया लाखों-करोड़ों नौजवानों के सपनों को चकनाचूर करने वाला रहा है। देश की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। तंत्र से युवाओं का विश्वास उठ रहा है।
विपक्ष के साथ बर्बर व्यवहार
पायलट ने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जब पीएम आवास वाले लोक कल्याण मार्ग पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे तो पुलिस ने उनके साथ बर्बर और अलोकतांत्रिक व्यवहार किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि अपने संविधानिक अधिकारों के तहत मांग उठा रहे जनप्रतिनिधि और छात्र क्या आतंकी हैं, जो उनके साथ दमनकारी व्यवहार किया जा रहा है ?
पायलट ने दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सैकड़ों निर्दोष छात्र और छात्राएं गंभीर रूप से घायल होकर अस्पतालों में भर्ती हैं। कुछ वेंटिलेटर पर हैं।
सरकार अहंकार छोड़ने को तैयार नहीं
उन्होंने ट्यूशन और कोचिंग माफिया पर कहा कि देश के जनता से खरबों रुपए लूटे जा रहे हैं। लेकिन नौकरी का कोई अता-पता नहीं है।
जो परीक्षाएं होती हैं, उनके पेपर लीक हो जाते हैं या रद्द कर दिए जाते हैं। छात्र 30-30 दिनों से सड़कों पर बैठे हैं। लेकिन सरकार अपनी जिद और अहंकार छोड़ने को तैयार नहीं है।
पायलट ने दो टूक कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं होता, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी एक पार्टी या विचारधारा का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के अस्तित्व का है और कांग्रेस सड़कों से लेकर संसद तक युवाओं को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ये खबर भी पढे़:-
जेल में गूंजे मंगल गीत, सजा मंडप, विवाह बंधन में बंधे दो बंदी
इस्तीफे से नहीं, सिस्टम बदलने से होगा सुधार, RAS पंकज ओझा की पोस्ट से हलचल
MLA विनोद गोठवाल पर 60 लाख हड़पने के आरोप, पालिका अध्यक्ष बनाने का दिया था झांसा
अंधेरे में डूबी स्वास्थ्य सेवा, 80 से ज्यादा PHC-CHC पर नहीं है बिजली कनेक्शन