गुजरात जा रही बस की ट्रक से टक्कर, सरकारी शिक्षक समेत 2 की मौत
समझें क्या है पूरा मामला
- जालोर में भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने टकराए बस-ट्रक।
- गुजरात जा रही बस बानी हादसे का शिकार, टीचर और कंडक्टर की मौत।
- सांचौर-डीसा हाईवे पर तेज रफ्तार और बारिश बनी हादसे की वजह।
- हादसे में 10 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी।
- बहन की दवा लेने जा रहे सरकारी शिक्षक की हादसे में गई जान।
राजस्थान के जालोर जिले में रविवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। बाड़मेर के बेड़िया से सवारी लेकर गुजरात के पालनपुर जा रही एक निजी यात्री बस सांचौर-डीसा नेशनल हाईवे पर पलादर सरहद क्षेत्र में सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बस कंडक्टर और एक सरकारी शिक्षक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि 10 अन्य यात्री घायल हुए हैं।
बारिश और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
घटना रविवार सुबह करीब 9:45 बजे सांचौर से करीब 15 किलोमीटर दूर पीर की जाल के पास हुई। सांचौर थानाधिकारी नैनाराम चौधरी के अनुसार, बस में करीब 40 यात्री सवार थे।
क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी और बस की रफ्तार भी तेज थी। इसी दौरान सामने गुजरात की तरफ से बाड़मेर की ओर जा रहे ट्रक से बस की सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर सांचौर पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को सांचौर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल हंजाराम मेघवाल (53), निवासी शिवपुरा होथीगांव (सांचौर) और बस कंडक्टर मारू खाना (38), निवासी पांति का निवान सेड़वा (बाड़मेर) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक हंजाराम मेघवाल सांचौर के दूठवा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और अपनी बहन की दवा लेने गुजरात जा रहे थे।
घायलों में से 4 की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया और ट्रक ड्राइवर, खलासी व बस ड्राइवर को डिटेन कर लिया है।
ये भी पढ़ें:-
निर्माणाधीन रिसॉर्ट में दीवार ढही, तीन मजदूरों की मौत 12 से ज्यादा घायल
PWD की चेतावनी के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, गिर गई सरकारी स्कूल की छत
इंदौर-जोधपुर रणथंभौर एक्सप्रेस में धुआं, पैसेंजर्स पटरियों पर कूदे
हॉस्पिटल में छत से पंखा-प्लास्टर गिरा, डॉक्टर का सिर फटा, महिला मरीज भी घायल